दमोह झरना पर पर्यटकों की एंट्री बंद, 30 सितंबर तक रहेगा प्रतिबंध, हादसों के खतरे को देखते हुए दिए आदेश

Last Updated:August 19, 2026, 12:18 IST
धौलपुर के दमोह झरना पर हादसों के खतरे को देखते हुए 30 सितंबर तक पर्यटकों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है. झरने के आसपास 500 मीटर क्षेत्र प्रतिबंधित रहेगा. वहीं चंबल नदी का जलस्तर 123.90 मीटर पर बना हुआ है और फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं है. टोंक के बीसलपुर बांध में भी पानी की आवक धीमी है. पिछले 24 घंटे में जलस्तर सिर्फ एक सेंटीमीटर बढ़कर 314.05 RL मीटर पहुंचा है.
धौलपुर. जिले के सरमथुरा उपखंड स्थित प्रसिद्ध दमोह झरना पर पर्यटकों की आवाजाही पर प्रशासन ने रोक लगा दी है. बारिश के दौरान झरने में बढ़ते हादसों के खतरे को देखते हुए जिला कलेक्टर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं. आदेश के अनुसार दमोह झरना और उसके आसपास 500 मीटर के क्षेत्र में पर्यटकों एवं आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, यह रोक 30 सितंबर तक प्रभावी रहेगी.
प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण झरने और आसपास के इलाके में पानी का बहाव तेज हो सकता है. ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है. बारिश के मौसम में दमोह झरना बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन जलस्तर और तेज बहाव के चलते यहां दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. प्रशासन ने लोगों से आदेश का पालन करने और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की अपील की है.
चंबल का जलस्तर 123.90 मीटर पर, फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं
धौलपुर में चंबल नदी का जलस्तर फिलहाल सामान्य दायरे में बना हुआ है. मंगलवार शाम चंबल का गेज 123.90 मीटर दर्ज किया गया. जलस्तर में फिलहाल गिरावट का रुख बताया जा रहा है, जिसके चलते आसपास के गांवों में भी फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं है. पिछले साल अगस्त में चंबल नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली थी, लेकिन इस बार कमजोर मानसून के चलते अभी वैसी स्थिति नहीं बनी है. हालांकि चंबल के जलस्तर पर ऊपरी कैचमेंट क्षेत्र में होने वाली बारिश और बांधों से छोड़े जाने वाले पानी का सीधा असर पड़ता है. ऐसे में प्रशासन और जल संसाधन विभाग लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। कैचमेंट क्षेत्र में तेज बारिश होने पर आने वाले दिनों में चंबल का जलस्तर बढ़ सकता है.
बीसलपुर बांध में पानी की आवक धीमी, 24 घंटे में एक सेंटीमीटर बढ़ा जलस्तर
टोंक जिले से भी बांध के जलस्तर को लेकर अपडेट सामने आया है. बीसलपुर बांध में पानी की आवक फिलहाल धीमी बनी हुई है. पिछले 24 घंटे में बांध के जलस्तर में महज एक सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई. बुधवार को बीसलपुर बांध का जलस्तर 314.05 आरएल मीटर दर्ज किया गया. बांध की पूर्ण भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है। ऐसे में बांध अभी अपनी अधिकतम क्षमता से नीचे है. वहीं, बीसलपुर बांध में पानी की आवक के प्रमुख स्रोत त्रिवेणी का गेज घटकर 2.50 मीटर रह गया है. इससे बांध में पानी की आवक धीमी होने का संकेत मिल रहा है. आने वाले दिनों में बारिश की स्थिति और त्रिवेणी के जलस्तर पर बीसलपुर बांध की स्थिति काफी हद तक निर्भर करेगी.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Dhaulpur,Rajasthan
First Published :
August 19, 2026, 12:18 IST



