दिल्ली-जैसलमेर रुणिचा एक्सप्रेस ट्रेन का रूट बदला, अब सीकर और झुंझुनूं होकर चलेगी ट्रेन

Last Updated:August 19, 2026, 16:30 IST
Delhi Jaisalmer Express New Route : दिल्ली-जैसलमेर रुणिचा एक्सप्रेस का रूट 21 अगस्त से 24 सितंबर तक बदला. यह ट्रेन अब जयपुर के बजाय शेखावाटी के रास्ते चलेगी, जिससे झुंझुनूं, सीकर समेत कई शहरों को लाभ मिलेगा. पाली और खोरी स्टेशनों के बीच रेल लाइन के दोहरीकरण का काम चल रहा है. इसी कारण ट्रेन संख्या 14087 दिल्ली-जैसलमेर रेल सेवा के संचालन मार्ग में बदलाव किया गया है. रुणिचा एक्सप्रेस सुबह 8:55 बजे रवाना होगी और दोपहर करीब 12:30 बजे झुंझुनूं पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन नवलगढ़ और सीकर होते हुए रींगस जाएगी और आगे जैसलमेर के लिए रवाना होगी.
Train News: दिल्ली से जैसलमेर के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. दोहरीकरण कार्य के चलते दिल्ली-जैसलमेर रुणिचा एक्सप्रेस का रूट अस्थायी रूप से बदल दिया गया है. 21 अगस्त से 24 सितंबर तक यह ट्रेन जयपुर के बजाय शेखावाटी के रास्ते संचालित होगी. इससे झुंझुनूं, चिड़ावा, नवलगढ़ और सीकर सहित आसपास के यात्रियों को दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान के बीच सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा.
उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ अमित सुदर्शन के अनुसार कुंड, पाली और खोरी स्टेशनों के बीच रेल लाइन के दोहरीकरण का काम चल रहा है. इसी कारण ट्रेन संख्या 14087 दिल्ली-जैसलमेर रेल सेवा के संचालन मार्ग में बदलाव किया गया है. अब ट्रेन दिल्ली से रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, लोहारू, चिड़ावा, झुंझुनूं, नवलगढ़, सीकर और रींगस होते हुए जैसलमेर जाएगी. यह बदलाव 21 अगस्त से 24 सितंबर तक किया गया है.
सबसे खास बात यह है कि वर्षों से बेहतर रेल कनेक्टिविटी की उम्मीद कर रहे शेखावाटी के यात्रियों को इस अस्थायी बदलाव से बड़ा फायदा मिलने वाला है. ट्रेन के झुंझुनूं होकर गुजरने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के साथ सीकर, नवलगढ़, चिड़ावा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी. त्योहारों के सीजन में यह सुविधा प्रवासी यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है.
Add as Preferred Source on Google
ट्रेन के समय की बात करें तो दिल्ली से रुणिचा एक्सप्रेस सुबह 8:55 बजे रवाना होगी और दोपहर करीब 12:30 बजे झुंझुनूं पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन नवलगढ़ और सीकर होते हुए रींगस जाएगी और आगे जैसलमेर के लिए रवाना होगी. इस रूट से जुड़ने वाले यात्रियों को दिल्ली से शेखावाटी और पश्चिमी राजस्थान के बीच यात्रा के लिए एक सुविधाजनक विकल्प मिलेगा.
वापसी में भी यात्रियों के लिए यह सेवा अहम रहेगी. जैसलमेर से ट्रेन प्रतिदिन शाम करीब 7 बजे रवाना होगी. इसके बाद जोधपुर पहुंचने का समय रात करीब 11:40 बजे रहेगा. अगले दिन सुबह लगभग 8:30 बजे ट्रेन झुंझुनूं पहुंचेगी और दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली पहुंचेगी. इस समय-सारणी से रात के सफर के बाद यात्रियों को सुबह शेखावाटी और दोपहर तक दिल्ली पहुंचने की सुविधा मिलेगी.
शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल के अनुसार समिति लंबे समय से दिल्ली से जोधपुर और जैसलमेर के लिए नई रेल सेवा शुरू करवाने की मांग को लेकर प्रयासरत रही है. ऐसे में रुणिचा एक्सप्रेस का झुंझुनूं होकर संचालन क्षेत्र के लिए महज रूट परिवर्तन नहीं, बल्कि रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है. इससे भविष्य में स्थायी रेल सेवा की मांग को भी मजबूती मिल सकती है.
आपको बता दें कि त्योहारों के दौरान दिल्ली, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले बड़ी संख्या में प्रवासी शेखावाटी लौटते हैं. ऐसे समय में ट्रेन का सीकर और झुंझुनूं होकर संचालन यात्रियों के लिए बड़ी राहत बन सकता है. फिलहाल 24 सितंबर तक रूट बदला रहेगा, लेकिन इस दौरान शेखावाटी को मिलने वाली रेल कनेक्टिविटी ने क्षेत्र में नई उम्मीद जगा दी है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
August 19, 2026, 16:30 IST



