अभिषेक बच्चन की हीरोइन, सलमान संग आते ही रातोंरात बनी स्टार, किस्मत ने खेला ऐसा खेल हिट देकर बनीं फ्लॉप एक्ट्रेस

Last Updated:August 21, 2026, 04:01 IST
अपनी मासूम मुस्कान और सादगी भरे अंदाज से लोगों का दिल जीतने वाली अभिनेत्री भूमिका चावला आज हिंदी और साउथ सिनेमा का जाना-पहचाना नाम हैं. सलमान खान के साथ फिल्म ‘तेरे नाम’ में नजर आने के बाद भूमि को घर-घर में पहचान मिली. हालांकि, यहां तक पहुंचने का उनका सफर इतना आसान नहीं था. फिल्मों में आने से पहले उन्होंने मॉडलिंग की, विज्ञापनों में काम किया और टीवी की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई.आज वह अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं.
नई दिल्ली. भूमिका चावला का जन्म आज ही के दिन 21 अगस्त 1978 को दिल्ली के एक पंजाबी परिवार में हुआ था. उनके पिता कर्नल अहंकार चावला भारतीय सेना में अधिकारी थे, जबकि उनकी मां का नाम बाली है. परिवार में उनका एक भाई और एक बहन भी हैं. भूमि की पढ़ाई-लिखाई दिल्ली में हुई. इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया.
कॉलेज के दिनों में भूमि को उनकी खूबसूरती और व्यक्तित्व के लिए काफी तारीफें मिलती थीं. इन्हीं तारीफों के बीच उन्होंने एक्टिंग और मॉडलिंग में करियर बनाने का मन बनाया. पढ़ाई पूरी करने के बाद वह मुंबई पहुंचीं. यहां उन्हें विज्ञापनों और म्यूजिक वीडियोज में काम करने के मौके मिलने लगे.(फोटो साभार:bhumika_chawla_t)
मॉडलिंग के दौरान भूमि ने एक फेयरनेस क्रीम के विज्ञापन में काम किया था. यह एड काफी पॉपुलर हुआ और भूमि को घर-घर में पहचान मिलने लगी. उनके लिए यह एड करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.(फोटो साभार:bhumika_chawla_t)
Add as Preferred Source on Google
इसके बाद भूमि ने टीवी का रुख किया. उन्हें जी टीवी के चर्चित सीरियल ‘हिप हिप हुर्रे’ में काम करने का मौका मिला. इस शो ने उन्हें टीवी दर्शकों के बीच पहचान दिलाई. इसके साथ ही वह कई म्यूजिक वीडियोज में भी नजर आईं.(फोटो साभार:bhumika_chawla_t)
भूमिका ने साल 2000 में तेलुगु फिल्म ‘युवकुडु’ से फिल्मों में कदम रखा. इसके अगले साल यानी 2001 में आई फिल्म ‘कुशी’ ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी. फिल्म में उनके काम को काफी पसंद किया गया और उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला. इसके बाद उन्होंने ‘ओक्काडु’ और ‘सिम्हाद्रि’ जैसी सफल साउथ फिल्मों में काम किया.(फोटो साभार:bhumika_chawla_t)
फिर आया साल 2003, जिसने भूमिका चावला को हिंदी सिनेमा में बड़ी पहचान दिलाई. इसी साल वह सलमान खान के साथ फिल्म ‘तेरे नाम’ में नजर आईं. सतीश कौशिक के निर्देशन में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई. फिल्म में सलमान और भूमि की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. ‘तेरे नाम’ के बाद भूमि की गिनती बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्रियों में होने लगी.(फोटो साभार:bhumika_chawla_t)
इसके बाद भी भूमिका ने कई फिल्मों में काम किया. वह ‘रन’, इस फिल्म में वह अभिषेक बच्चन की हीरोइन बनी थीं. फिल्म में उनके रोल को भी काफी पसंद किया गया था. इसके बाद ‘दिल ने जिसे अपना कहा’, ‘गांधी, माई फादर’ और ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ जैसी फिल्मों का हिस्सा रहीं. हिंदी के साथ-साथ वह साउथ की फिल्मों में भी लगातार काम करती रहीं.
हाल के दिनों में भूमिका चावला फिल्म ‘यूफोरिया’ में नजर आईं. इस फिल्म में उन्होंने एक स्कूल की प्रिंसिपल का किरदार निभाया. उनका किरदार एक ऐसी मां का है, जिसकी जिंदगी उस वक्त पूरी तरह बदल जाती है, जब उसे पता चलता है कि उसका बेटा विकास एक गंभीर यौन उत्पीड़न मामले में मुख्य आरोपी है.फिल्म में भूमि का किरदार अपने बेटे को बचाने के बजाय उसे उसके किए की सजा दिलाने का फैसला करता है. वह एक मां होने के साथ-साथ अपनी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी को भी समझती है. इस चुनौतीपूर्ण भूमिका में भूमि ने एक बार फिर साबित किया कि वह सिर्फ ग्लैमरस किरदारों तक सीमित अभिनेत्री नहीं हैं. (फोटो साभार:bhumika_chawla_t)
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
August 21, 2026, 04:01 IST



