Suryaa Teaser: ‘सूर्या’ का दमदार टीजर OUT, मेडिकल सिस्टम में करप्शन की पोल खोलेंगे सनी देओल, नोट कर लीजिए रिलीज डेट

नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं. कुछ दिन पहले ‘सूर्या’ से उनका फर्स्ट लुक जारी किया और अब मेकर्स ने टीजर लॉन्च कर दिया है. सनी देओल अपनी इस फिल्म में मेडिकल सिस्टम में करप्शन के गंभीर मुद्दे को उठाते दिखेंगे. फिल्म के टीजर ने आते ही माहौल बना दिया है, जिसमें सनी बिल्कुल अलग अवतार में नजर आ रहे हैं. इस फिल्म में उनके साथ रवि किशन और सौम्या टंडन भी अहम किरदारों में दम दिखाते नजर आएंगे.
‘सूर्या’ के टीजर में देखने को मिलता है कि सनी ने पुलिस अफसर का किरदार निभाया है, जिसकी दुनिया तब उजड़ जाती है जब उसकी बेटी की असामयिक मौत हो जाती है. इस गहरे सदमे से उबर न पाने की वजह से वह खुद मामले की तहकीकात में जुट जाता है और यहीं से मेडिकल जगत की खौफनाक और काली सच्चाइयां सामने आती हैं.
19 अक्टूबर को रिलीज हुआ ‘सूर्या’ का टीजर
मेडिकल सिस्टम में भ्रष्टाचार का खुलासा करेगी ‘सूर्या’
टीजर आगे दिखाय गया कि कैसे उनका किरदार अस्पतालों में मरीजों के साथ होने वाले खिलवाड़ और इलाज के नाम पर लूट-खसोट के खिलाफ खड़ा होता है. वह इस कड़वी हकीकत पर उंगली उठाते हैं कि मरीज अपनी सांसें डॉक्टर के हाथों में सौंपकर उन्हें भगवान मान बैठता है, पर जब वही सफेद कोट वाले सौदागर बन जाएं तो इंसान जाए तो जाए कहां.
टीजर में सनी देओल के दमदार डायलॉग्स
एक सीन में सनी देओल का डायलॉग सीधे दिल पर वार करता है, ‘इंसान डॉक्टर को भगवान मानकर अपनी जिंदगी उनके हवाले कर देता है, लेकिन जब वही डॉक्टर धोखा दे दे, तो वह भला क्या करेगा?’ इसके अलावा मरीजों से अनगिनत टेस्ट करवाने की मनमानी पर वह तीखा प्रहार करते हुए कहते हैं, ‘डॉक्टर कोई प्रिस्क्रिप्शन नहीं लिखते बल्कि कमीशन लिखते हैं. और लोग इसे चुपचाप सह रहे हैं, पर आखिर कब तक?’.
मलयालम फिल्म का हिंदी रीमेक है ‘सूर्या’
एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बन रही ‘सूर्या’ के साथ वह अपना हिंदी डायरेक्टोरियल डेब्यू करने जा रहे हैंय कमल मुकुट के बैनर तले बन रही यह फिल्म साल 2018 में आई सुपरहिट मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ की ऑफिशियल रीमेक है. खास बात यह है कि मूल मलयालम फिल्म का निर्देशन भी एम. पद्मकुमार ने ही किया था. ओरिजिनल फिल्म में जोजू जॉर्ज ने एक रिटायर्ड पुलिसवाले का किरदार निभाया था, जो एक मर्डर मिस्ट्री में उलझ जाता है और फिर उसकी अपनी जिंदगी के कई दबे हुए राज बाहर आने लगते हैं.
29 अक्टूबर को रिलीज होगी सनी देओल की फिल्म
बता दें कि सनी देओल और रवि किशन के अलावा फिल्म ‘सूर्या’ में सितारों की एक लंबी फौज नजर आएगी. इसमें प्रज्ञा जयसवाल, टीनू आनंद, मनीष वाधवा, जीशु सेनगुप्ता, तनुश्री चक्रवर्ती, वृर्ति वाघानी, सिद्धार्थ शर्मा, रोहित तिवारी, अनूप त्रिवेदी, खालिद सिद्दीकी के साथ-साथ दिवंगत पंकज धीर और बीना काक जैसे जाने-माने चेहरे अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. यह मूवी 29 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों मे दस्तक देने के लिए तैयार है.



