उदयपुर से कुछ ही दूर बसा ये गांव मानसून में बन जाता है मिनी हिल स्टेशन, बादलों के बीच करें बाइक राइड

Last Updated:August 21, 2026, 18:24 IST
Monsoon Best Tourist Spot : मानसून में पीपलिया जी की एक और खासियत यहां का फोटो और वीडियो फ्रेंडली माहौल है. सोशल मीडिया के लिए रील बनाने वाले युवा और फोटोग्राफी पसंद करने वाले लोग भी ऐसे मौसम में यहां पहुंचते हैं. घने बादल, पहाड़ों पर बहता पानी, हरियाली और घुमावदार सड़कें कैमरे में शानदार तस्वीरें कैद करने का मौका देती हैं. जानें और ऐसा यहां क्या खास है जो इस मौसम में सैलानी यहां भागे चले आते हैं.
मानसून के मौसम में अगर आप शहर की भीड़भाड़ से दूर प्रकृति के बीच कुछ समय बिताना चाहते हैं, तो उदयपुर के आसपास कई ऐसी जगहें हैं जो बारिश के मौसम में किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लगतीं. इन्हीं में से एक है पीपलिया जी. उदयपुर से करीब 30 से 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह इलाका बारिश के दिनों में खास तौर पर आकर्षण का केंद्र बन जाता है. पहाड़ों पर छाई हरियाली, ठंडी हवाएं, बादलों की आवाजाही और घुमावदार रास्ते यहां आने वाले लोगों को अलग ही अनुभव देते हैं.
पीपलिया जी की सबसे खास बात यहां का रास्ता है. उदयपुर से बाइक लेकर निकलते ही शहर का माहौल पीछे छूटने लगता है और धीरे-धीरे पहाड़ी इलाका शुरू हो जाता है. मानसून में रास्ते के दोनों तरफ हरियाली दिखाई देती है. बारिश के बाद पहाड़ों से बहता पानी और जगह-जगह दिखाई देने वाली छोटी धाराएं सफर को और खूबसूरत बना देती हैं.बाइक राइडर्स के लिए यह रास्ता खास पसंद किया जाता है, क्योंकि यहां सफर के दौरान कई जगह रुककर प्राकृतिक नजारों को देखा और कैमरे में कैद किया जा सकता है.
इस रूट पर उभेश्वर जी महादेव भी आता है, जहां श्रद्धालु और पर्यटक कुछ देर रुकते हैं. उभेश्वर जी के आसपास भी मानसून में पहाड़ और हरियाली का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है. यहां से आगे बढ़ते हुए पीपलिया जी की ओर जाने वाला रास्ता और ज्यादा रोमांचक हो जाता है. जैसे-जैसे ऊंचाई बढ़ती है, आसपास के पहाड़ों पर बादल दिखाई देने लगते हैं. कई बार घने बादल पहाड़ियों को पूरी तरह ढक लेते हैं और ऐसा लगता है कि बादल जमीन के बिल्कुल करीब आ गए हैं. यही अनुभव इस जगह को मानसून में खास बनाता है.
Add as Preferred Source on Google
पीपलिया जी पहुंचने के बाद आसपास का प्राकृतिक नजारा लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है. पहाड़ियों के बीच से दिखाई देने वाली हरियाली, दूर तक फैला ग्रामीण इलाका और आसमान में छाए बादल यहां आने वाले लोगों को कुछ देर रुकने के लिए मजबूर कर देते हैं. यहां कई ऐसे स्थान हैं जहां से आसपास की पहाड़ियों का शानदार दृश्य दिखाई देता है. बारिश के बाद वातावरण साफ होने पर दूर तक का नजारा और भी खूबसूरत नजर आता है.प्रकृति के बीच शांति से समय बिताने वालों के लिए यह जगह काफी पसंद आ सकती है.
मानसून में पीपलिया जी की एक और खासियत यहां का फोटो और वीडियो फ्रेंडली माहौल है. सोशल मीडिया के लिए रील बनाने वाले युवा और फोटोग्राफी पसंद करने वाले लोग भी ऐसे मौसम में यहां पहुंचते हैं. घने बादल, पहाड़ों पर बहता पानी, हरियाली और घुमावदार सड़कें कैमरे में शानदार तस्वीरें कैद करने का मौका देती हैं. खासकर बाइक के साथ यहां की तस्वीरें और वीडियो काफी आकर्षक नजर आते हैं. हालांकि प्रकृति का आनंद लेते समय पर्यटकों को आसपास गंदगी नहीं फैलाने और प्लास्टिक को खुले में नहीं छोड़ने का ध्यान रखना चाहिए.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
August 21, 2026, 18:24 IST



