Barmer News: जिला अस्पताल में डॉक्टरों से युवकों ने की बदसलूकी, इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ कर दी धमकी

Last Updated:August 23, 2026, 17:22 IST
बाड़मेर मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में मरीज को रेफर करने की मांग को लेकर विवाद हो गया. मरीज के साथ आए युवकों में से एक ने गुस्से में वार्ड का गेट तोड़ दिया और डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ से बदसलूकी की. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. अस्पताल प्रशासन की ओर से फिलहाल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है.
बाड़मेर. मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में बीती रात आपातकालीन वार्ड में मरीज के साथ आए युवकों द्वारा तोड़फोड़ और डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ के साथ बदसलूकी करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों और कर्मचारियों में डर का माहौल है. आरोप है कि एक युवक ने गुस्से में आकर इमरजेंसी वार्ड का गेट तोड़ दिया और चिकित्सकीय स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया.
ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर रमेश कटारिया ने बताया कि रात करीब 3 बजे के बाद दो-तीन युवक एक मरीज को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर लेकर आपातकालीन वार्ड पहुंचे थे. चिकित्सकों ने मरीज का तत्काल उपचार शुरू किया और आवश्यक जांचें करवाई. डॉक्टर के अनुसार जांच के दौरान मरीज के सभी प्रमुख पैरामीटर सामान्य पाए गए.
रेफर करने को लेकर बढ़ा विवाद
डॉक्टर ने बताया कि मरीज के साथ आए युवक उसे दूसरे अस्पताल में रेफर करने की मांग कर रहे थे. चिकित्सकीय जांच में स्थिति सामान्य होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें समझाइश दी और तत्काल रेफर करने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर युवकों में से एक युवक आवेश में आ गया और उसने आपातकालीन वार्ड के गेट पर तोड़फोड़ कर दी. इसके बाद डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ भी बदसलूकी की गई.
पुलिस को सूचना मिलते ही मौके से भागे युवक
अस्पताल अधीक्षक डॉ. हनुमान राम चौधरी ने बताया कि ड्यूटी डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने घटना की जानकारी दी थी. घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद आरोपी युवक मौके से भाग गए. हालांकि, मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से फिलहाल पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है. घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं. चिकित्सकों का कहना है कि वे रात-दिन मरीजों की सेवा के लिए ड्यूटी करते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाओं से उनका मनोबल प्रभावित होता है. डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने अस्पताल परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की जरूरत जताई है. साथ ही, अस्पताल में तोड़फोड़ और कर्मचारियों से बदसलूकी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठ रही है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Barmer,Rajasthan
First Published :
August 23, 2026, 17:22 IST



