राजस्थान निकाय चुनाव में टिकट पर घमासान, BJP-कांग्रेस में बगावत, कहीं इस्तीफे तो कहीं दल-बदल

Last Updated:August 31, 2026, 07:13 IST
Rajasthan Nikay Chunav 2026 Live: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव का रण शुरू होते ही बीजेपी और कांग्रेस के सामने टिकट वितरण सबसे बड़ी चुनौती बन गया है. नामांकन प्रक्रिया के बीच दोनों दल उम्मीदवारों की सूची जारी कर…और पढ़ें
राजस्थान निकाय चुनाव में बगावत, इस्तीफे और दल-बदल की तस्वीर सामने आ रही है
Rajasthan Nikay Chunav Live: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव का रण शुरू होते ही टिकट वितरण को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों में सियासी घमासान तेज हो गया है. नामांकन का दौर जारी है और इसी बीच दोनों दल उम्मीदवारों के नाम घोषित कर रहे हैं. टिकटों के ऐलान के साथ ही कई जगह नाराजगी, इस्तीफे, विरोध और दल-बदल सामने आने लगे हैं. इससे निकाय चुनाव में मुकाबला और दिलचस्प हो गया है. झालावाड़ की भवानीमंडी नगर पालिका में कांग्रेस ने बीजेपी को बड़ा झटका दिया है. पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर परिवार सहित कांग्रेस में शामिल हो गए. उनकी पत्नी सुगना गुर्जर और बहू पिंकी गुर्जर ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया. बताया जा रहा है कि बीजेपी के टिकट वितरण से नाराजगी के बाद यह कदम उठाया गया. निकाय चुनाव से ठीक पहले गुर्जर परिवार के कांग्रेस में आने से बीजेपी की चिंता बढ़ गई है.
जयपुर निकाय चुनाव: आज नामांकन का आखिरी दिन, BJP-कांग्रेस की रणनीति गोपनीय
जयपुर में नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन है, लेकिन बीजेपी और कांग्रेस ने अभी तक अधिकृत प्रत्याशियों की सूची सार्वजनिक नहीं की है. दोनों प्रमुख दलों ने संभावित बगावत और डैमेज कंट्रोल को देखते हुए गोपनीय रणनीति अपनाई है. पार्टी की ओर से प्रत्याशियों को फोन कॉल के जरिए नामांकन दाखिल करने की सूचना दी जा रही है. दावेदारों को बिना शोर-शराबे के नामांकन भरने के निर्देश दिए गए हैं. बीजेपी प्रत्याशियों के सिंबल फॉर्म पर्यवेक्षक सीधे रिटर्निंग अधिकारी को सौंपेंगे. नामांकन के आखिरी दिन भी कई कार्यकर्ताओं और समर्थकों में टिकट को लेकर संशय बना हुआ है. अधिकृत सूची सार्वजनिक नहीं होने से पार्टी कार्यालयों से लेकर दावेदारों तक लगातार हलचल बनी हुई है.
बूंदी निकाय चुनाव: आज नामांकन का आखिरी दिन, सात पालिकाओं में बढ़ी हलचल
बूंदी जिले में नगर निकाय चुनाव के लिए पार्षद पद पर नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है. नामांकन के आखिरी दिन नगर परिषद बूंदी समेत जिले की सात नगर पालिकाओं में पार्षद पद के दावेदार अपना नामांकन दाखिल करेंगे. अंतिम दिन होने के कारण नगर निकाय कार्यालयों में दावेदारों और उनके समर्थकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है. राजनीतिक दलों में भी टिकट वितरण को लेकर हलचल बनी हुई है. कई वार्डों में टिकट के दावेदार अंतिम समय तक पार्टी के फैसले का इंतजार कर रहे हैं. नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर स्पष्ट होगी. इसके साथ ही बागियों और निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से मुकाबले के समीकरण भी बदल सकते हैं.
पाली निकाय चुनाव: नामांकन का आज आखिरी दिन, प्रत्याशियों की उमड़ेगी भीड़
पाली नगर निगम चुनाव में नामांकन दाखिल करने का आज अंतिम दिन है. आखिरी दिन प्रत्याशियों और दावेदारों की भीड़ उमड़ने की संभावना है. बीजेपी और कांग्रेस ने बगावत के डर से अब तक अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची सार्वजनिक करने के बजाय गोपनीय रणनीति अपनाई है. दोनों दल अपने प्रत्याशियों को फोन के जरिए नामांकन दाखिल करने के निर्देश दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि प्रत्याशियों के सिंबल फॉर्म भी सीधे रिटर्निंग अधिकारी के पास जमा करवाए जाएंगे. पाली में अब तक 660 आवेदकों ने नामांकन पत्र लिए हैं, जबकि 330 प्रतिभूति रसीदें कट चुकी हैं. अब तक 58 प्रत्याशियों ने कुल 76 नामांकन दाखिल किए हैं. अंतिम दिन नामांकन की संख्या बढ़ने के साथ चुनावी तस्वीर भी काफी हद तक साफ होने की उम्मीद है.
नैनवा में BJP टिकट पर बवाल, कार्यकर्ताओं ने शहर अध्यक्ष के घर किया हंगामा
बूंदी के नैनवा कस्बे में नगर पालिका चुनाव को लेकर बीजेपी में टिकट वितरण का विरोध सामने आया है. वार्ड नंबर 4 से पार्टी कार्यकर्ता को टिकट नहीं मिलने पर समर्थकों में भारी नाराजगी देखने को मिली. टिकट की दावेदारी कर रहे कार्यकर्ताओं ने बाहरी व्यक्ति को प्रत्याशी बनाए जाने का विरोध किया. बताया गया कि टिकट को लेकर बुलाई गई बैठक में शहर अध्यक्ष के नहीं पहुंचने से कार्यकर्ताओं का गुस्सा और बढ़ गया. इसके बाद नाराज कार्यकर्ता रैली के रूप में शहर अध्यक्ष के घर पहुंचे और वहां हंगामा किया. कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व से टिकट वितरण पर पुनर्विचार करने की मांग की. निकाय चुनाव के नामांकन के बीच सामने आए इस विरोध से नैनवा में बीजेपी की अंदरूनी खींचतान सार्वजनिक हो गई है और पार्टी के सामने नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने की चुनौती खड़ी हो गई है.
अलवर BJP में टिकट पर बगावत, मंडल अध्यक्षों ने इस्तीफे दिए
अलवर नगर निगम चुनाव में बीजेपी की संभावित टिकट सूची सामने आने के बाद पार्टी के भीतर विरोध खुलकर सामने आ गया है. कार्यकर्ताओं और जमीनी नेताओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कई पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई है. विवेकानंद मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौड़ ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए आलाकमान पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि वर्षों से मेहनत कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर कांग्रेस पृष्ठभूमि के नेताओं को तरजीह दी गई. वहीं केशव मंडल अध्यक्ष महेश निहलवानी ने भी टिकट वितरण से आहत होकर इस्तीफा दे दिया. विवेकानंद मंडल के महामंत्री और उपाध्यक्ष की नाराजगी की बात भी सामने आई है. राठौड़ ने कहा कि चुनाव आम कार्यकर्ताओं का है और यदि उनके साथ छल होगा तो बीजेपी का महापौर बनना मुश्किल होगा.
भवानीमंडी में BJP को झटका, पूर्व पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर कांग्रेस में शामिल
झालावाड़ की भवानीमंडी नगर पालिका चुनाव से पहले सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं. पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामलाल गुर्जर परिवार सहित कांग्रेस में शामिल हो गए. उनके साथ पत्नी सुगना गुर्जर और बहू पिंकी गुर्जर ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की. निकाय चुनाव से ठीक पहले गुर्जर परिवार के कांग्रेस में जाने को बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि बीजेपी में टिकट वितरण को लेकर नाराजगी के बाद रामलाल गुर्जर ने यह कदम उठाया. उनके कांग्रेस में शामिल होने के बाद भवानीमंडी नगर पालिका चुनाव में मुकाबला दिलचस्प होने के साथ बीजेपी की चुनौतियां भी बढ़ गई हैं. कांग्रेस इसे चुनाव से पहले अपने पक्ष में बड़े सियासी बदलाव के तौर पर देख रही है.
Location :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 31, 2026, 07:08 IST



