Alwar News I अलवर में मां और दो बच्चों की मौत, छोटी बहन गंभीर घायल

अलवर. जिले के खेड़ली कस्बे के पास दांतिया गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, यहां एक महिला और उसके दो छोटे बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिला की छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर अपने पांच साल के बेटे और चार साल की बेटी पर कैंची से हमला किया. इसके बाद महिला ने खुद को भी घायल कर लिया. घटना के पीछे के कारणों का अभी तक पूरी तरह पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, दांतिया गांव निवासी ऊषा शर्मा पत्नी अमित शर्मा ने अपनी बेटी को घर के बाहर खेलने जाने से मना किया था. इसके बाद वह अपने दोनों बच्चों को कमरे में ले गई और दरवाजा बंद कर लिया. कुछ देर बाद कमरे से बच्चों के चिल्लाने की आवाजें सुनाई देने लगी. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, दरवाजा खोलकर देखा तो ऊषा और उसके दोनों बच्चे लहूलुहान हालत में मिले. यह दृश्य देखकर ग्रामीण घबरा गए और तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.
अस्पताल में बेटे, मां और बेटी की मौत
ग्रामीण सभी घायलों को खेड़ली के उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां डॉक्टरों ने ऊषा के पांच वर्षीय बेटे मुकुल को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल ऊषा और उसकी चार वर्षीय बेटी नंदनी उर्फ लाड़ो की उपचार के दौरान मौत हो गई. इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई. घटना के समय ऊषा की छोटी बहन मनीषा भी वहां मौजूद थी, अपनी बड़ी बहन और दोनों बच्चों को खून से लथपथ देखकर वह बदहवास हो गई. जानकारी के अनुसार, वह रोते हुए दीवार और जमीन पर सिर पटकने लगी, जिससे उसे भी गंभीर चोटें आई. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मनीषा को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया.
पति गुजरात में करता है नौकरी
बताया जा रहा है कि ऊषा का पति अमित शर्मा गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है. वहीं, उसकी छोटी बहन मनीषा का पति अंकित शर्मा जयपुर के एक निजी अस्पताल में नर्सिंगकर्मी है. घटना के समय दोनों घर पर मौजूद नहीं थे, परिवार के अन्य सदस्य भी घर से बाहर थे. ऊषा के ससुर बृजभूषण शर्मा गांव में चुनाव के दौरान एक प्रत्याशी के प्रचार के लिए गए हुए थे, जबकि परिवार की सास और ननद मनीषा और अंकित के दोनों बच्चों को लेकर खेत पर गई थी.
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने पर कठूमर सीओ जोगिंदर सिंह राजावत और खेड़ली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों व परिजनों से जानकारी जुटाई. मां और दोनों बच्चों के शव खेड़ली अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, घटना के पीछे क्या कारण रहे और कमरे में वास्तव में क्या हुआ, इसकी स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से दांतिया गांव में शोक का माहौल है.



