आज थम जाएगा चुनावी प्रचार का शोर, 48 घंटे बाद EVM में कैद होगा वोटरों का फैसला

जयपुर. राजस्थान में नगर निकाय चुनाव का काउंटडाउन अब तेज हो गया है और पहले चरण वाले क्षेत्रों में चुनावी शोर थमने में अब कुछ ही घंटे बाकी हैं. 7 सितंबर की शाम 6 बजे पहले चरण में मतदान वाले क्षेत्रों में प्रचार अभियान पर पूरी तरह रोक लग जाएगी. इसके बाद मतदान शुरू होने तक 48 घंटे का साइलेंट पीरियड रहेगा. इस दौरान प्रत्याशी और राजनीतिक दल सार्वजनिक सभा, जुलूस, रोड शो या लाउडस्पीकर के जरिए प्रचार नहीं कर सकेंगे. हालांकि प्रत्याशी मतदाताओं से घर-घर संपर्क कर सकते हैं. पहले चरण में 9 सितंबर को 162 नगरीय निकायों के 5,425 वार्डों में मतदान होगा. वहीं दूसरे चरण में 11 सितंबर को 147 नगरीय निकायों के 4,820 वार्डों में वोट डाले जाएंगे.
दोनों चरणों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा. पहले चरण के क्षेत्रों में 7 सितंबर शाम 6 बजे से 9 सितंबर शाम 6 बजे तक ड्राई डे भी रहेगा. इस दौरान शराब की बिक्री और वितरण पर रोक रहेगी. नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में प्रदेश के 162 नगरीय निकाय शामिल हैं. इन निकायों के कुल 5,425 वार्डों में 9 सितंबर को मतदान कराया जाएगा. प्रचार का समय समाप्त होते ही प्रत्याशियों की सार्वजनिक चुनावी गतिविधियों पर रोक लग जाएगी. ऐसे में प्रचार के आखिरी घंटों में उम्मीदवार मतदाताओं को साधने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं. साइलेंट पीरियड शुरू होने के बाद चुनावी सभाओं और रैलियों की जगह प्रत्याशियों का फोकस व्यक्तिगत जनसंपर्क पर रहेगा. उम्मीदवार घर-घर जाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट करने की अपील करेंगे.
दूसरे चरण में 147 निकायों की बारी
नगर निकाय चुनाव का दूसरा चरण 11 सितंबर को होगा. इस चरण में 147 नगरीय निकायों के 4,820 वार्डों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इस चरण में जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर नगर निगम शामिल हैं. पाली नगर निगम में भी 11 सितंबर को मतदान होगा. जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में भी दूसरे चरण में ही वोट डाले जाएंगे. यहां 9 सितंबर शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थमेगा और इसके बाद 11 सितंबर शाम 6 बजे तक ड्राई डे रहेगा.
जयपुर जिले की 18 निकायों में 9 सितंबर को पहले चरण का मतदान
जयपुर जिले की 18 नगरीय निकायों में 9 सितंबर को मतदान होगा. इनमें शाहपुरा, चौमूं, बगरू, चाकसू और बस्सी समेत अन्य निकाय शामिल हैं. इन क्षेत्रों में आज शाम 6 बजे के बाद प्रचार पूरी तरह बंद हो जाएगा. प्रशासन ने प्रचार अवधि खत्म होने के बाद निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है, ताकि चुनाव आयोग के निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित किया जा सके.
28 निकायों का बदला गया मतदान का चरण
चुनाव आयोग की संशोधित चरणवार व्यवस्था के तहत प्रदेश की 28 नगरीय निकायों का मतदान चरण बदला गया है. झुंझुनूं जिले के सभी 19 निकाय और बीकानेर के सभी 7 निकायों का चरण बदला गया है. इसके अलावा पाली नगर निगम और सीकर के फतेहपुर नगर परिषद का भी चरण बदला गया है. इस बदलाव के बाद प्रत्याशियों को अपने चुनावी कार्यक्रम और प्रचार रणनीति में भी बदलाव करना पड़ा है.
14 सितंबर को आएगा चुनाव परिणाम
दोनों चरणों में मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 सितंबर को मतगणना होगी. इसी दिन यह साफ होगा कि किस प्रत्याशी की चुनावी रणनीति मतदाताओं को प्रभावित करने में सफल रही. फिलहाल पहले चरण वाले क्षेत्रों में प्रचार का आखिरी दौर चल रहा है. शाम 6 बजे प्रचार का शोर थमने के बाद 48 घंटे तक मतदाताओं के बीच सार्वजनिक प्रचार नहीं होगा. इसके बाद 9 सितंबर को पहले चरण के मतदाता अपने वोट के जरिए प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे. 11 सितंबर को दूसरे चरण में मतदान के साथ प्रदेश के बाकी नगरीय निकायों की तस्वीर भी साफ होने की दिशा में बढ़ेगी.



