SSC CGL 2026 Tier 1 Exam Date: एसएससी सीजीएल के लिए नोटिफिकेशन जारी, बदल गया परीक्षा पैटर्न, नोट कर लें नए नियम

Last Updated:September 13, 2026, 08:03 IST
SSC CGL 2026 Tier 1 Exam Date: एसएससी सीजीएल 2026 टियर-1 की परीक्षाएं 30 सितंबर से 30 अक्टूबर के बीच होंगी. अब तैयारी के लिए ज्यादा वक्त नहीं बचा है. इसलिए समझिए 15 मिनट की सेक्शनल टाइमिंग, AAO का नया पेपर, आधार वेरिफिकेशन के नियम और एडमिट कार्ड से जुड़ी सभी जरूरी बातें.SSC CGL 2026 Tier 1 Exam Date: एसएससी सीजीएल परीक्षा के लिए तैयारी शुरू कर दें
नई दिल्ली (SSC CGL 2026 Tier 1 Exam Date). सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बेहद काम की खबर आई है. कर्मचारी चयन आयोग ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा यानी एसएससी सीजीएल 2026 टियर-1 का शेड्यूल जारी कर दिया है. पिछले कई महीनों से मॉक टेस्ट के जरिए अपनी तैयारी को धार दे रहे अभ्यर्थी ssc.gov.in पर एसएससी सीजीएल टियर 1 परीक्षा 2026 के अपडेट्स चेक कर सकते हैं. यह परीक्षा ज्ञान के साथ ही टाइम मैनेजमेंट और सूझबूझ भी परखेगी.
कर्मचारी चयन आयोग के नोटिफिकेशन के अनुसार, टियर-1 की ऑनलाइन परीक्षाएं 30 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 तक देशभर के विभिन्न केंद्रों पर होंगी. लाखों उम्मीदवार एसएससी सीजीएल टियर 1 परीक्षा देंगे लेकिन इस बार की राह पहले जितनी आसान नहीं होगी. आयोग ने एसएससी सीजीएल परीक्षा पैटर्न, टाइम मैनेजमेंट और वेरिफिकेशन के नियमों में कुछ बदलाव किए हैं. जानिए एसएससी सीजीएल टियर 1 परीक्षा पैटर्न और तैयारी करने के खास टिप्स.
SSC CGL 2026: एसएससी सीजीएल परीक्षा में क्या-क्या बदला?
सरकारी नौकरी के लिए किसी भी परीक्षा की तैयारी शुरू करने से पहले उसका पैटर्न और मार्किंग स्कीम आदि समझना जरूरी है. इसके लिए ज्यादा से ज्यादा मॉक टेस्ट देने की सलाह दी जाती है. इसके साथ ही परीक्षा के सभी नियम भी बहुत सावधानी से चेक करने चाहिए.
टियर-1 में लागू हुआ नया सेक्शनल टाइमर
अब तक एसएससी सीजीएल टियर-1 में 100 सवाल हल करने के लिए कुल 60 मिनट का समय मिलता था. उम्मीदवार अपनी मर्जी के हिसाब से किसी भी सेक्शन पर जितना चाहें वक्त खर्च कर सकते थे. लेकिन इस बार आयोग ने बड़ा फेरबदल करते हुए 15-15 मिनट का सेक्शनल टाइमर तय कर दिया है. अब रीजनिंग, जनरल अवेयरनेस, मैथ्स और इंग्लिश- हर सेक्शन के लिए अलग से सिर्फ 15 मिनट मिलेंगे. तय वक्त बीतते ही वह सेक्शन अपने आप लॉक हो जाएगा.
एसएससी सीजीएल के एडमिट कार्ड कब आएंगे?
कर्मचारी चयन आयोग ने फिलहाल केवल परीक्षा की तिथियों का ऐलान किया है. पुराने ट्रेंड पर नजर डालें तो परीक्षा शुरू होने से लगभग एक हफ्ते पहले उम्मीदवारों को उनकी एग्जाम सिटी और शिफ्ट की जानकारी मिल जाएगी. वहीं फाइनल एडमिट कार्ड परीक्षा से 3 से 4 दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध होगा. सितंबर के आखिरी हफ्ते में एसएससी की ऑफिशियल वेबसाइट ssc.gov.in पर एडमिट कार्ड का लिंक एक्टिव होने की पूरी उम्मीद है.
एएओ पदों के लिए टियर-2 में नया पेपर
अगर आपने असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर (AAO) या असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर जैसे पदों के लिए आवेदन किया है तो आपके लिए एक और अहम अपडेट है. एसएससी सीजीएल टियर-2 की परीक्षा में इस बार एक नया ‘पेपर-III’ जोड़ दिया गया है. इन खास पदों पर फाइनल मेरिट अब टियर-2 के पेपर-1 और पेपर-III, दोनों के संयुक्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी. इसलिए अपनी स्ट्रैटेजी उसी हिसाब से बनाएं.
सुरक्षा और वेरिफिकेशन के सख्त नियम
एसएससी परीक्षा में होने वाली गड़बड़ियों और फर्जीवाड़े पर नकेल कसने के लिए आयोग ने इस बार कमर कस ली है. दिव्यांग उम्मीदवारों के साथ आने वाले सहायकों के लिए आधार बेस्ड और ओटीपी वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है. इसके अलावा, आयु सीमा की पात्रता के लिए इस बार कट-ऑफ डेट 1 अगस्त 2026 तय की गई है.
About the Authorदीपाली पोरवालSenior Sub Editor
Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is kno…
September 13, 2026, 08:03 IST



