पहले टिकट के लिए वो फैला रहे थे हाथ, अब पार्टियां देख रही निर्दलीयों की राह, मान मनुहार हुई तेज

Last Updated:September 16, 2026, 17:11 IST
Rajasthan Nikay Pramukh Chunav : राजस्थान निकाय चुनाव के अंतिम चरण में आज निकाय प्रमुखों के लिए नामांकन भरने का काम पूरा हो गया है. निकाय प्रमुखों के लिए नाम तय करने में बीजेपी-कांग्रेस के पसीने छूट गए. इसके साथ ही निर्दलीय पार्षदों को अपने-अपने बाड़े में लाने के लिए बीजेपी कांग्रेस ने ‘साम दम दंड और भेद’ सब उपाय किए गए. कोई भी पार्षद बाड़ाबंदी से निकल नहीं जाए इसके पुख्ता प्रबंध किए गए थे. पार्टियों के कुछ नेता बाड़ाबंदी में पार्षदों पर नजरें रखे हुए थे तो कुछ बाहर ‘हठीले’ बागी और निर्दलीय जीते पार्षदों की मान मनुहार में लगे रहे. निकाय प्रमुख का चुनाव आगामी 21 सितंबर को होगा. बागी पार्षदों को मनाने के लिए अब बड़े नेताओं को झौंका गया है.
जयपुर. राजस्थान में निकाय चुनाव की राजनीति अब अपने चरम पर आ गई है. रूठों को मनाने और बागियों को आंखे दिखाने के साथ ही पुचकराने का दौर अभी भी बदस्तूर जारी है. निकाय प्रमुखों के नामांकन से पहले बीजेपी और कांग्रेस दोनों में ही अंदरखाने जमकर हंगामा मचा रहा. निकाय प्रमुख की कुर्सी के लिए पार्टियों के पार्षदों ने जहां लॉबिंग करने में कोई कसर नहीं छोड़ी वहीं पार्टियों ने निर्दलीयों की मान मनुहार के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए. पैर पड़ने से लेकर उनके परिजनों के माध्यम से तथा सामाजिक दबाव डालने के हर हथकंडे को अपनाया गया.
पार्षदों के खिसकने और अंदरुनी बगावत का डर इस कदर हावी रहा कि नामांकन के लिए प्रत्याशी के साथ बेहद चुनिंदा और होशियर नेताओं को आगे किया गया ताकि कोई गड़बड़ नहीं हो जाए. पार्टियों की ओर ने निकाय प्रमुख के नाम पर सहमति बनाने के तमाम प्रयास किए गए लेकिन भी फिर कई जगह बात नहीं. दौसा नगर परिषद के बीजेपी पार्षदों में इस बात बगावत हो गई. उदयपुर में दोपहर तक दो दावेदारों पर बात अड़ी रही. अंतत: पारस सिंघवी के नाम पर सहमति बनी. धौलपुर के बसेड़ी में भाजपा प्रत्याशी की निर्विरोध जीत तय मानी जा रही है. वहां केवल भाजपा के राघवेंद्र सिंह ने ही नामांकन भरा है.
जहां झंझट नहीं वहां नामों का ऐलान हो गयाबीजेपी और कांग्रेस ने कई जगह जहां कोई झंझट नहीं था वहां उम्मीवारों के नामों का ऐलान कर दिया. लेकिन जहां कलेश है वहां अभी नामों का ऐलान नहीं किया गया है. नाम वापसी के लिए अभी दो दिन बाकी है. तब तक निकाय प्रमुख पद के लिए बगावत करने वालों को मनाने का सिलसिला और चलेगा. 18 तारीख को नाम वापसी के बाद पूरी तस्वीर साफ होगी. निकाय प्रमुख बनने के लिए बगावत करने वालों को मनाने के लिए बड़े नेताओं को लगाया गया है.
सीकर में बीजेपी ने निर्दलीय को बनाया प्रत्याशी
पार्टियों में बगावत और निर्दलीयों के तेवर देखकर कई जगह निकाय प्रमुख के लिए निर्दलीय के नाम पर मुहर लगाई गई है. सीकर जिले की फतेहपुर नगर परिषद में निर्दलीय प्रत्याशी मंजू भिंडा को बीजेपी ने अपना प्रत्याशी बनाया है. खैरथल में तो बीजेपी कांग्रेस के सभापति प्रत्याशी को ही तोड़ ले गई. कांग्रेस के सभापति के दावेदार विक्रम चौधरी ने मंगलवार रात को पार्टी के 11 अन्य पार्षदों के साथ केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र सिंह यादव की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली.
पार्षदों को मनाने के लिए अपने बड़े नेताओें को झौंक रखा हैबाद में आज विक्रम चौधरी ने बीजेपी पदाधिकारियों के साथ जाकर खैरथल निकाय प्रमुख के लिए आज नामांकन भी दाखिल कर दिया. हालांकि अभी तक पार्टी ने उनको सिंबल नहीं दिया है. लेकिन पार्टी की तरफ से विक्रम चौधरी का नाम फाइनल माना रहा है. इन सब हालात को देखते हुए बीजेपी और कांग्रेस ने अपने-अपने पार्षदों को काबू में रखने और निर्दलीय तथा पार्टियों से बगावत कर जीते पार्षदों को मनाने के लिए अपने बड़े नेताओें को झौंक रखा है.
About the Authorसंदीप राठौड़
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 16, 2026, 17:11 IST



