Rajasthan

नाथद्वार में भाजपा पार्षद गायब, बेटे ने लगाया अपहरण का आरोप, प्रदर्शन के बीच मौत से गरमाया माहौल

राजसमंद. नाथद्वारा नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले भाजपा के पार्षद प्रदीप काबरा के लापता होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. वार्ड नंबर 4 से भाजपा पार्षद प्रदीप काबरा के बेटे धर्मेंद्र काबरा ने पिता के अपहरण का आरोप लगाते हुए उनकी जान को खतरा बताया है. धर्मेंद्र के मुताबिक, उनके पिता नाथद्वारा पालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने जोधपुर से नाथद्वारा के लिए निकले थे, लेकिन अचानक बीच रास्ते से लापता हो गए. इस संबंध में परिवार की ओर से एसपी कार्यालय में शिकायत भी दी गई है.

पार्षद के परिजन और भाजपा कार्यकर्ता नाथद्वारा उपखंड कार्यालय के बाहर जमा होकर प्रदर्शन भी किया. इस दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ और नाथद्वारा विधायक भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर समझाइश की. सांसद और विधायक ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से फोन पर बात भी की. इसी बीच प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम में एक अन्य भाजपा पार्षद के ससुर की हार्ट अटैक से मौत हो गई. इससे मामला और तनावपूर्ण हो गया है.

काबरा के बेटे ने लगाया अपहरण का आरोप

प्रदीप काबरा के बेटे धर्मेंद्र काबरा का आरोप है कि उनके पिता को अज्ञात लोगों ने अगवा किया है. उन्होंने कहा कि उनके पिता अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरने नाथद्वारा आ रहे थे, लेकिन रास्ते से ही उनका संपर्क टूट गया. परिवार ने एसपी कार्यालय में शिकायत देकर पिता को तलाशने की मांग की है. धर्मेंद्र ने प्रशासन से जल्द से जल्द उनके पिता को सामने लाने की मांग की है. प्रदर्शन के दौरान धर्मेंद्र ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनके पिता को जल्द सामने नहीं लाया गया तो आंदोलन उग्र किया जाएगा. उन्होंने मौके पर आत्मदाह की चेतावनी भी दी. उनके इस बयान के बाद मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बन गई.

उपखंड कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा

प्रदीप काबरा के लापता होने की सूचना के बाद उनके परिजन, भाजपा कार्यकर्ता और अन्य भाजपा प्रत्याशियों के परिजन नाथद्वारा उपखंड कार्यालय के बाहर जमा हो गए. यहां नारेबाजी करते हुए पार्षद को वापस लाने की मांग की जा रही है. प्रदर्शनकारियों ने राजसमंद भाजपा जिलाध्यक्ष, सांसद और नाथद्वारा विधायक को मौके पर बुलाने की मांग की. प्रदर्शन में नाथद्वारा भाजपा के करीब पांच पार्षदों के परिजन भी शामिल हैं. उनका कहना है कि काबरा के साथ गए अन्य पार्षदों को भी वापस लाया जाए.

सांसद और विधायक ने की परिजनों से समझाइश

मामले की जानकारी मिलने के बाद राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ और नाथद्वारा विधायक प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे. दोनों ने प्रदीप काबरा के परिजनों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया. सांसद और विधायक ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से फोन पर बातचीत भी की. इस दौरान सांसद की फोन पर बात करते हुए तस्वीर भी सामने आई है. वहीं, नाथद्वारा विधायक ने अध्यक्ष पद के टिकट को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि नाथद्वारा पालिका अध्यक्ष पद के लिए टिकट उनकी पसंद से नहीं दिया गया है. इस बयान के बाद स्थानीय भाजपा की अंदरूनी राजनीति को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.

प्रदर्शन के बीच एक पार्षद के ससुर की मौत

प्रदीप काबरा के लापता होने की सूचना के बाद एक अन्य भाजपा पार्षद के परिवार में दुखद घटना हो गई. वार्ड नंबर 15 की पार्षद हिना पुरोहित के ससुर की हार्ट अटैक से मौत हो गई. बताया गया कि वह भी इस मामले को लेकर तनाव में थे. मौत की सूचना के बाद परिजन नाथद्वारा अस्पताल के बाहर जमा हो गए. परिजनों में इसको लेकर आक्रोश है. उन्होंने कहा कि जब तक प्रदीप काबरा के साथ गए अन्य पार्षदों को वापस नहीं लाया जाता, तब तक वे शव नहीं उठाएंगे. इसके बाद अस्पताल के बाहर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई. मृतक के मित्र महेश पुरोहित ने भी आक्रोश जताया.

अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले बढ़ा तनाव

नाथद्वारा में पालिका अध्यक्ष पद के नामांकन और चुनाव से ठीक पहले भाजपा पार्षद के लापता होने का मामला सामने आने से स्थानीय राजनीति गरमा गई है. एक तरफ काबरा के परिजन अपहरण का आरोप लगाकर उन्हें तलाशने की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अन्य पार्षदों के परिजन भी प्रदर्शन कर रहे हैं. सांसद और विधायक की मौजूदगी के बावजूद देर तक प्रदर्शन जारी रहा. अब सभी की नजरें पुलिस की जांच और लापता पार्षद प्रदीप काबरा के बारे में सामने आने वाली जानकारी पर टिकी है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj