राजस्थान निकाय चुनाव के बीच अशोक गहलोत और सचिन पायलट में जुबानी जंग, कांग्रेस में फिर शुरू हुई कलह

Last Updated:September 18, 2026, 12:26 IST
Ashok Gehlot Vs Sachin Pilot : राजस्थान निकाय चुनाव में बीजेपी के मुकाबले मजह 1 फीसदी के कम वोटों से पिछड़ी कांग्रेस में अब एक बार फिर से कलह शुरू हो गई है. पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने जब निकाय चुनावों को लेकर राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का नाम लिए बिना चुनावी रणनीति पर सवाल उठाए तो उनके बचाव के लिए सचिन पायलट मैदान में कूद गए. जानें क्या चल रहा है और किसने क्या कहा? अशोक गहलोत की ओर से राजस्थान कांग्रेस पर उठाए गए सवालों का सचिन पायलट ने जबाव दिया है.
जयपुर. राजस्थान के नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद अब पार्टी की रणनीति को लेकर सवाल उठने लगे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चुनाव प्रचार और संगठन की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की ओर से बेहतर प्लानिंग की जाती और सभी नेता एकजुट होकर प्रचार में उतरते तो कांग्रेस ज्यादा सीटें जीत सकती थी. गहलोत के इस बयान को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व में चुनावी तैयारियों पर सवाल के तौर पर भी देखा जा रहा है. वहीं अशोक गहलोत के इस बयान के बाद सचिन पायलट ने भी पलटवार किया है.
अशोक गहलोत ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि मुख्यमंत्री और बीजेपी नेताओं के आक्रामक चुनाव प्रचार के मुकाबले कांग्रेस को भी अपनी रणनीति बनानी चाहिए थी. गहलोत ने कहा कि अगर PCC कोई प्रोग्राम बनाती और प्रचार के लिए सब नेता जाते तो उसका अलग असर होता. बीजेपी के रोड शो का जवाब हम रोड शो से देते तो परिणाम कुछ और ही होते. गहलोत ने कहा कि मेरा मानना है कि सरकार के खिलाफ जो माहौल था उसमें अगर प्लानिंग और बेहतर होती तो उसके अच्छे नतीजे आ सकते थे.
पालयट बोले-पीसीसी ने अच्छा काम किया है
गहलोत के बयान के बाद उनके प्रतिद्वंदी सचिन पायलट ने राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का बचाव करते कहा कि पीसीसी ने अच्छा काम किया है. उसने निकाय चुनावों में अच्छा प्रचार किया था. पायलट ने गहलोत के आरोप खारिज करते हुए कहा कि हमने धरातल पर काम किया है. डोर टू डोर गए. सरकार में होते हैं तो अलग तरह के संसाधन होते हैं. सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी को जिम्मेदारी दी थी अपने अपने क्षेत्र में.
Watch Live : नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा सरकार के अलोकतांत्रिक कृत्यों पर प्रेस वार्ता।https://t.co/b2risTy78o



