IND vs JPN: भारत-जापान के बीच ऐतिहासिक क्रिकेट मैच पर टाइफून दुजुआन का खतरा, ट्रेनिंग सेशन करना पड़ा रद्द

नई दिल्ली: भारत और जापान के बीच एकमात्र टी20 मैच पर ‘टाइफून दुजुआन’ का खतरा मंडरा रहा है. दोनों टीमों के बीच इस ऐतिहासिक मैच से पहले सोमवार को बारिश और तूफानी मौसम ने भारत की तैयारियों में खलल डाल दिया. इस तूफान के कारण श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम प्रैक्टिस नहीं कर पाई.
यह शक्तिशाली चक्रवाती तूफान जापान के प्रशांत तट की ओर बढ़ रहा था, जिसके चलते टोक्यो और उसके आसपास के इलाकों सहित कांतो क्षेत्र में मूसलाधार बारिश, तेज हवाओं और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने चेतावनी दी कि तूफान के इस क्षेत्र के और करीब आने पर हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं.
पहली बार भारत-जापान के बीच खेला जाएगा क्रिकेट मैच
तोचिगी प्रांत के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर मंगलवार को होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम जापान में मौजूद है. ‘मारुति सुजुकी कप’ नाम से आयोजित यह मुकाबला पुरुषों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत और जापान के बीच पहली भिड़ंत है. इसे भारत-जापान राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है.
जापान के खिलाफ इस मैच को लेकर कप्तान श्रेयस अय्यर ने क्रिकेट के नए क्षेत्रों में विस्तार की सफलता का प्रतीक करार दिया. टीम मंगलवार को सानो में मेजबान जापान के खिलाफ ऐतिहासिक मुकाबला खेलने के बाद एशियाई खेलों के लिए नागोया रवाना होगी. जापान में क्रिकेट ज्यादा लोकप्रिय नहीं है ऐसे में भारतीय क्रिकेटरों का यहां आना अपने आप में खास अनुभव है.
कभी सोचा नहीं था जापान में क्रिकेट खेलूंगा-श्रेयस अय्यर
अय्यर से जब पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी जापान जैसे देश में भारत के द्विपक्षीय टी20 मुकाबला खेलने की कल्पना की थी तो उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कभी ऐसा नहीं सोचा था लेकिन अब क्रिकेट हर देश में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और सभी टीमें अपने-अपने तरीके से मजबूत बन रही हैं. मुझे यकीन है कि कल का मुकाबला भी रोमांचक होगा.’’
जापान पहुंचने के अपने शुरुआती अनुभव साझा करते हुए अय्यर ने कहा कि यहां के लोगों का व्यवहार बेहद आत्मीय रहा. उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत खूबसूरत है. यहां उतरते ही हमने लोगों को बेहद सौहार्दपूर्ण, उदार और मददगार पाया. ऐसा व्यवहार हमें अपने देश में भी देखने को मिलता है. यहां की मेहमाननवाजी शानदार है.’’
श्रेयस अय्यर को है रोमांचक मुकाबले की उम्मीद
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने जापान के बारे में लोगों से काफी अच्छी बातें सुनी हैं. जापान और तोक्यो को लेकर अभी ज्यादा कुछ कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि टीम को यहां आए सिर्फ एक दिन हुआ है. मैं इस देश को और बेहतर तरीके से जानने को उत्सुक हूं.’’ अय्यर ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए रोमांचक मुकाबला होने वाला है. हम पहली बार जापान के खिलाफ खेलेंगे. मुझे यहां की परिस्थितियों और विकेट के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन हम शानदार मुकाबले की उम्मीद कर रहे हैं.’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मैने कुछ ‘रील’ देखे हैं. हम उनके खिलाड़ियों की अधिक जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं. टीम मुकाबले के लिए पूरी तरह उत्साहित है और उम्मीद है कि बारिश नहीं होगी, जिससे स्टेडियम में आने वाले दर्शकों को एक प्रतिस्पर्धी मैच देखने को मिले.’’ अय्यर ने कहा, ‘‘हम यहां पहली बार आये हैं. यहां की संस्कृति और लोगों का अनुशासन देखने का तरीका काफी अलग है. मुझे नयी संस्कृति को अपनाना और वहां के माहौल तथा जीवनशैली के अनुरूप खुद को जल्दी ढालना पसंद है. इसलिए यह हमारे लिए एक नई चुनौती है.’’
(भाषा इनपुट के साथ)



