Dholpur Santer Road: संतर रोड का नाम कैसे पड़ा? इस ऐतिहासिक सड़क से जुड़ा है धौलपुर के राजघराने का राज

Last Updated:September 23, 2026, 15:54 IST
Dholpur Santer Road History: धौलपुर की संतर रोड आज शहर का सबसे बड़ा और व्यस्त बाजार है, लेकिन कभी यही सड़क रियासतकाल में ‘सेंट्रल रोड’ के नाम से धौलपुर के शासन का प्रमुख केंद्र हुआ करती थी. यहां आज भी पुराने महल, नरसिंह देव मंदिर, ऐतिहासिक तोप और लाल-सफेद बलुआ पत्थर के दरवाजे रियासत के गौरवशाली अतीत की कहानी सुनाते हैं.
धौलपुर. शहर का संतर रोड सिर्फ एक बाजार नहीं, बल्कि शहर के इतिहास और रियासतकाल की यादों को अपने भीतर समेटे हुए एक ऐतिहासिक सड़क है. आज यह धौलपुर का सबसे बड़ा और व्यस्त बाजार माना जाता है, यहां जरूरत का लगभग हर सामान आसानी से मिल जाता है. खास बात यह है कि आधुनिक बाजार के बीच आज भी कई ऐसी ऐतिहासिक निशानियां मौजूद हैं, जो लोगों को धौलपुर के पुराने दौर की याद दिलाती हैं.
इतिहासकार अरविंद शर्मा बताते हैं कि रियासतकाल में संतर रोड को सेंट्रल रोड कहा जाता था. यह नाम इसलिए पड़ा क्योंकि इसी सड़क के आसपास बने महलों से धौलपुर रियासत का संचालन होता था. 1836 से 1873 में महाराज भगवंत सिंह के समय यह इलाका रियासत के प्रमुख केंद्रों में शामिल था. समय के साथ सेंट्रल रोड शब्द बोलचाल में बदलता गया और इसका नाम संतर रोड पड़ गया.
भगवान नरसिंह देव का मंदिर भी स्थित
1892 से महाराज राना निहाल सिंह के समय संतर रोड पर ऐतिहासिक शरद महोत्सव का बड़ा मेला आयोजित होता था. मेले में दूर-दूर से लोग पहुंचते थे और बाजार में खूब चहल-पहल रहती थी. यह मेला दिवाली तक चलता था, उस समय भी यह सड़क व्यापार और खरीदारी का प्रमुख केंद्र हुआ करती थी. इसी सड़क पर धौलपुर रियासत के महाराजाओं के इष्ट देव भगवान नरसिंह देव का मंदिर भी स्थित है. यहां नर्सिंग बाग और ऐतिहासिक महल भी यही स्थिति है संतर रोड पर स्थित ऐतिहासिक हनुहंकार तोप भी रियासतकाल की कहानी को आज तक जीवित रखे हुए है.
संतर रोड बाजार में आज भी लाल और सफेद बलुआ पत्थर से बने पुराने बड़े दरवाजे दिखाई देते हैं. ये दरवाजे धौलपुर की खास पत्थर कला और पुराने स्थापत्य की पहचान हैं. इन्हें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि कभी यह सड़क रियासत की गतिविधियों का कितना महत्वपूर्ण हिस्सा रही होगी. आज समय बदल गया है, लेकिन संतर रोड की अहमियत कम नहीं हुई. यह बाजार आज भी धौलपुर की व्यापारिक गतिविधियों का सबसे बड़ा केंद्र है. यहां रोज बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. इस तरह संतर रोड एक तरफ आधुनिक धौलपुर की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है, तो दूसरी तरफ अपनी ऐतिहासिक पहचान के जरिए शहर के गौरवशाली अतीत की कहानी भी सुना रहा है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Dhaulpur,Rajasthan
First Published :
September 23, 2026, 15:54 IST



