Rajasthan

Pali News | Pali Ground Report | Pali Me Kharab Sadke

पाली में 46 करोड़ के बजट वाली 29 किमी सड़क बदहाल, धूल और नुकीले पत्थरों से बढ़ा हादसों का खतरा

पाली. 46 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट, 29 किलोमीटर लंबी सड़क… लेकिन जमीनी हकीकत? धूल के गुबार, बिखरे नुकीले पत्थर और हर मोड़ पर मंडराता हादसों का खतरा. यह बदहाली की तस्वीर है पाली के सोमेसर से पनौता मार्ग की. सरकार ने बजट तो मंजूर कर दिया, लेकिन जिम्मेदार महकमों और ठेकेदार की खींचतान के बीच काम अधर में लटका हुआ है. सड़क की इस खस्ताहाली की वजह से किसी का हाथ टूट रहा है, तो किसी की गाड़ी के टायर ब्लास्ट हो रहे हैं. स्थिति यह है कि टैक्सी ड्राइवरों ने इस रास्ते पर जाने से साफ इनकार कर दिया है. ठेकेदार बकाया भुगतान और डामर के बढ़ते दामों का हवाला देकर काम बंद करके बैठा है.

आए दिन इस खस्ताहाल रोड पर हादसे हो रहे हैं. घायल होकर ग्रामीण हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं, तो किसी की कार का टायर ब्लास्ट हो रहा है. इतना सब जानते हुए भी जिम्मेदार इस अधूरे पड़े सड़क निर्माण को पूरा करवाने को लेकर अपेक्षित प्रयास नहीं कर रहे हैं. इसका सीधा नुकसान कई गांवों के लोगों को उठाना पड़ रहा है.

वाहनों को होता है नुकसान इसलिए सवारी लेकर नहीं जाते चालकसोमेसर रेलवे स्टेशन पर टैक्सी चलाने वाले ड्राइवर मेहबूब का कहना है कि अधूरे निर्माण के कारण सड़क पर हर वक्त धूल उड़ती है और नुकीले छोटे-छोटे पत्थर बिखरे पड़े हैं. इससे गाड़ियों का भारी नुकसान होता है. आलम यह है कि चालकों ने इस रास्ते पर सवारियां ले जाने से साफ मना करना शुरू कर दिया है.

पत्नी के साथ जा रहे युवक बाइक से गिरा, हाथ हुआ फ्रैक्चरपीड़ित छोगाराम चौधरी ने बताया कि गत 18 सितंबर को वे अपनी पत्नी के साथ खिंवाड़ा से सेपटावास की तरफ जा रहे थे. रास्ते में बिखरी रोड़ियों के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर स्लिप हो गई. हादसे में छोगाराम की पत्नी चोटिल हो गईं और उनका खुद का हाथ फ्रैक्चर हो गया. छोगाराम का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की अनदेखी के कारण ग्रामीण रोज अस्पताल पहुंच रहे हैं.

जब इसी सड़क पर गाड़ी का टायर हो गया ब्लास्ट मारवाड़ युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष हुकमसिंह सेपटावास ने बताया कि हाल ही में इसी खस्ताहाल रोड पर उनकी खुद की गाड़ी का टायर ब्लास्ट हो गया था. गनीमत रही कि गाड़ी की रफ्तार धीमी थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. उन्होंने चेतावनी दी है कि आए दिन हो रहे हादसों को अब और सहन नहीं किया जाएगा. अगर विभाग ने जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया, तो समिति ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़कों पर उतरेगी और बड़ा आंदोलन करेगी.

क्यों रुका है काम, अधिकारी ने बताया अधूरे निर्माण और ग्रामीणों के आक्रोश पर लोक निर्माण विभाग के AEN प्रवीण कुमार का कहना है कि ठेकेदार का कुछ पेमेंट बकाया चल रहा है, साथ ही बाजार में डामर की दरें (रेट) भी बढ़ गई हैं. इसी वजह से ठेकेदार ने काम रोक रखा है. बकाया भुगतान के लिए PWD मुख्यालय को पत्र लिखा जा चुका है. बजट मिलते ही जल्द काम दोबारा शुरू करवाया जाएगा.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj