Baran Farmers Protest: बारां में डीएपी की दुकान बंद हुई तो भड़का किसानों का गुस्सा, सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन

Last Updated:October 05, 2026, 17:59 IST
Baran Farmers Protest: बारां में डीएपी खाद की मांग को लेकर किसानों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा. शाहाबाद रोड स्थित बंक के पास किसानों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया. खाद की दुकान बंद होने से नाराज किसानों के प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई. सूचना के बावजूद पुलिस और प्रशासन का कोई प्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा.डीएपी खाद के लिए किसानों का प्रदर्शन
बारां. जिले में डीएपी खाद की किल्लत को लेकर किसानों का गुस्सा एक बार फिर सड़क पर नजर आया. सोमवार को शहर के शाहाबाद रोड स्थित बंक के पास बड़ी संख्या में किसानों ने डीएपी खाद की मांग को लेकर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. किसानों के सड़क पर बैठने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई. किसानों का आरोप है कि खाद लेने के लिए वे काफी देर से इंतजार कर रहे थे, लेकिन पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध नहीं हो सकी.
जानकारी के अनुसार, किसान डीएपी खाद लेने के लिए खाद की दुकान पर पहुंचे थे. काफी इंतजार के बाद दुकानदार द्वारा दुकान बंद कर देने से किसानों का गुस्सा भड़क गया. किसानों का कहना था कि वे खेती के जरूरी काम छोड़कर खाद लेने पहुंचे हैं, लेकिन उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है. दुकान बंद होने के बाद आक्रोशित किसान सड़क पर बैठ गए और डीएपी उपलब्ध कराने की मांग करने लगे.
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लगी कतारें
किसानों के सड़क पर बैठने के कारण शाहाबाद रोड पर यातायात बाधित हो गया, देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई. राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. जाम के चलते कई वाहन काफी देर तक फंसे रहे, प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि जब तक उन्हें खाद की व्यवस्था नहीं कराई जाती, तब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होगा.
सूचना के बाद भी मौके पर नहीं पहुंचे अधिकारी
किसानों के प्रदर्शन और सड़क जाम की सूचना संबंधित अधिकारियों और पुलिस प्रशासन तक पहुंचने के बावजूद मौके पर पुलिस या प्रशासन का कोई नुमाइंदा नहीं पहुंचा. इससे किसानों में नाराजगी और बढ़ गई, किसानों ने प्रशासन से डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसानों को बिना परेशानी खाद मुहैया कराने की मांग की. किसानों के मुताबिक, रबी सीजन की तैयारियों के बीच डीएपी खाद की जरूरत बढ़ गई है. ऐसे में समय पर खाद नहीं मिलने से खेती का काम प्रभावित होने की चिंता किसानों को सता रही है. किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद की कालाबाजारी और किल्लत पर रोक लगाई जाए और जरूरत के अनुसार डीएपी उपलब्ध कराई जाए. फिलहाल शाहाबाद रोड पर किसानों के प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित रहा और लोग जाम खुलने का इंतजार करते नजर आए.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Baran,Rajasthan
First Published :
October 05, 2026, 17:59 IST



