Tips And Tricks I चश्मा साफ करने का सही तरीका क्या है? पानी और साबुन के साथ बस इतना करें

Last Updated:October 05, 2026, 20:47 IST
Tips And Tricks: चश्मे के लेंस को साफ करने के लिए अक्सर लोग कमीज, टिशू या घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इससे लेंस पर खरोंच और कोटिंग खराब होने का खतरा रहता है. जानिए चश्मा साफ करने का सही और सुरक्षित तरीका, जिसमें पानी, हल्का साबुन और माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल किया जाता है.
आमतौर पर देखा जाता है कि तेज धूप और धूल-मिट्टी के कारण चाहे धूप का या नम्बर के चश्मे के लेंस जल्दी गंदे हो जाते हैं. पसीने और पानी के दाग भी लेंस पर जम जाते हैं, जिससे साफ दिखाई देने में परेशानी होने लगती है. ऐसे में कई लोग चश्मे को कमीज, दुपट्टे या किसी भी कपड़े से रगड़कर साफ कर देते हैं. लेकिन ऐसा करने से लेंस पर बारीक खरोंच पड़ सकती है, इसलिए चश्मे को साफ करने के लिए हमेशा मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़े और सही तरीके का इस्तेमाल करना बेहतर होता है.
घर पर चश्मा साफ करने का सबसे आसान तरीका हल्के बर्तन धोने वाले लिक्विड और पानी का है. इसके लिए पहले चश्मे को सामान्य या हल्के ठंडे पानी से धो लें, ताकि लेंस पर लगी धूल के कण हट जाएं. इसके बाद उंगलियों पर थोड़ा सा हल्का लिक्विड साबुन लेकर लेंस के दोनों तरफ बहुत हल्के हाथ से लगाएं. फिर पानी से अच्छी तरह धोकर माइक्रोफाइबर कपड़े से धीरे-धीरे सुखा लें. इससे लेंस पर जमा तेल, पसीना और सामान्य गंदगी आसानी से निकल सकती है.
बेकिंग सोडा का इस्तेमाल चश्मे के लेंस पर करना आम घरेलू नुस्खा जरूर माना जाता है, लेकिन इसे लेंस पर रगड़ना सुरक्षित तरीका नहीं है. बेकिंग सोडा के कण लेंस की सतह पर खरोंच डाल सकते हैं और एंटी-रिफ्लेक्टिव या दूसरी कोटिंग को नुकसान पहुंचा सकते हैं, इसलिए चश्मे को चमकाने के लिए बेकिंग सोडा, नमक या किसी भी तरह के घर्षण वाले पाउडर का इस्तेमाल करने से बचें. घरेलू सफाई के लिए हल्का साबुन, पानी और माइक्रोफाइबर कपड़ा ज्यादा सुरक्षित विकल्प है.
Add as Preferred Source on Google
अगर चश्मे पर जमी गंदगी सामान्य पानी और हल्के साबुन से साफ नहीं हो रही है, तो बाजार में मिलने वाला विशेष लेंस क्लीनर इस्तेमाल किया जा सकता है. क्लीनर खरीदते समय यह जरूर देखें कि वह चश्मे के लेंस के लिए बनाया गया हो और आपके लेंस की कोटिंग के अनुकूल हो. लेंस पर क्लीनर लगाने के बाद साफ माइक्रोफाइबर कपड़े से बिना ज्यादा दबाव डाले धीरे-धीरे पोंछें. इससे लेंस साफ रहेगा और उस पर अनावश्यक खरोंच पड़ने का खतरा भी कम होगा.
चश्मे की सफाई करते समय कुछ गलतियों से हमेशा बचना चाहिए. टूथपेस्ट, बेकिंग सोडा, कार वैक्स या किसी खुरदरे पदार्थ को लेंस पर रगड़ने से बचें, क्योंकि ये लेंस की सतह या उसकी खास कोटिंग को नुकसान पहुंचा सकते हैं. टिशू पेपर, कागज या कमीज से भी लेंस साफ न करें. चश्मे को साफ करने के लिए पहले धूल हटाएं, फिर हल्के साबुन और पानी से धोकर माइक्रोफाइबर कपड़े से सुखाएं. अगर लेंस पर गहरी खरोंच आ गई है, तो घरेलू नुस्खों से उसे हटाने की कोशिश करने के बजाय ऑप्टिकल दुकान पर जांच करवाना बेहतर है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
October 05, 2026, 20:47 IST



