सबसे खतरनाक टीम बनेंगे… तूफानी शतक के बाद कप्तान श्रेयस की दहाड़, वेस्टइंडीज को नहीं मिलेगी कोई राहत

होमखेलक्रिकेट
सबसे खतरनाक टीम बनेंगे! जीत के बाद दहाड़े श्रेयस अय्यर, WI को नहीं मिलेगी राहत
Last Updated:October 06, 2026, 23:55 IST
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मैच में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 102 रनों की शतकीय पारी खेली. टी20 इंटरनेशनल में अय्यर का ये पहला शतक था. इस शतकीय पारी के बाद अय्यर ने कहा कि उनकी टीम इसी आक्रमकता के साथ सीरीज के बचे हुए मैचों में खेली. साथ ही उन्होंने लगातार ट्रैवलिंग और थकान को लेकर अपनी चिंता जाहिर की.भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर (फोटो-स्टार स्पोर्ट्स स्क्रीनग्रैब)
नई दिल्ली: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 में नाबाद शतकीय पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान जीत से गदगद दिखे. मुकाबले में भारतीय टीम वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराया. जीत के बाद कप्तान अय्यर ने कहा कि टीम का लक्ष्य इसी आक्रामक सोच के साथ आगे बढ़ना है. अय्यर ने 43 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाने के अलावा ईशान किशन (नाबाद 37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 137 रन की अटूट साझेदारी की, जिससे भारत ने 14.4 ओवर में दो विकेट पर 172 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की. इससे पहले वेस्टइंडीज की टीम 19.1 ओवर में 171 रन पर ऑलआउट हो गई थी.
अपनी पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए अय्यर ने कहा, “जीत का स्वाद निश्चित रूप से अलग होता है और ड्रेसिंग रूम में हम इसी बारे में बात करते हैं. अगर आपका दिन है तो सुनिश्चित करें कि आप टीम के लिए मैच जीतें. आज मेरा दिन था. पिछले कुछ मैचों में दूसरे बल्लेबाजों ने मैच खत्म किया था. कुल मिलाकर यह हमारे लिए हर विभाग में शानदार प्रदर्शन रहा. अगर हम इसी सोच के साथ खेलते रहे तो टी20 में सबसे खतरनाक टीमों में से एक बनेंगे.”
श्रेयस अय्यर ने पहले T20I शतक को बताया खास
अपने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक को लेकर अय्यर ने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास पल था. उन्होंने कहा, “आज के प्रदर्शन के लिए ‘उत्साह’ सही शब्द है. मैं अपने पहले शतक के बारे में सोच रहा था और आज वह पूरा हो गया. मैं निश्चित रूप से कहना चाहूंगा कि सपने सच होते हैं.” भारतीय टीम ने शनिवार को जापान में एशियाई खेलों का फाइनल खेला था और महज दो दिन के अंतराल में उसे लखनऊ में अगला मुकाबला खेलना पड़ा.
यात्रा की थकान और लखनऊ की परिस्थितियों के बारे में पूछे जाने पर अय्यर ने मजाकिया अंदाज में कहा, “सच कहूं तो नहीं. इतनी थकाने वाली यात्रा के बाद मुझे पता ही नहीं था कि मैं कहां हूं. मुझे लगता है कि मुझे हर दिन इसी तरह जागना चाहिए.” उन्होंने परिस्थितियों के साथ जल्दी तालमेल बैठाने को अहम बताते हुए कहा, “मैंने विकेट और परिस्थितियों के साथ जल्दी तालमेल बैठाया और पहले गेंदबाजी करना हमारे लिए काफी मददगार रहा.”
टॉस जीतकर बॉलिंग चुनने का फैसला सही साबित हुआ- अय्यर
अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के फैसले को अहम करार देते हुए कहा, “पहले गेंदबाजी करने से हमें काफी मदद मिली. हमने जेटलैग को बहाना नहीं बनने दिया.” भारत और वेस्टइंडीज के बीच हाल में हुई वनडे सीरीज के दौरान दर्शकों के उत्साह का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “हमने वनडे में भारत-वेस्टइंडीज मुकाबलों को लेकर लोगों का उत्साह देखा था और वह माहौल शानदार था. हमारे लिए जरूरी था कि हम अपनी प्रक्रिया पर कायम रहें.”
About the AuthorJitendra Kumar
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
October 06, 2026, 23:55 IST



