कांग्रेस का साढ़े 3 घंटे मैराथन मंथन, सॉलिड रणनीति के साथ उतरेगी मैदान में

Last Updated:October 07, 2026, 16:49 IST
Rajasthan Panchayat Elections 2026 : राजस्थान में होने वाले पंचायत चुनाव में सत्तारुढ़ बीजेपी का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने आज जयपुर में साढ़े तीन मैराथन मंथन कर सॉलिड रणनीति तैयार की. कांग्रेस इन चुनावों में बीजेपी सरकार की विफलताओं को जनता के बीच लेकर जाएगी. वह खाद के किल्लत के पंचायत चुनावों में मुद्दा बनाएगी. संगठन के फीडबैक के आधार पर प्रत्याशियों का चयन करेगी. पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह की मौजूदगी में हुई इस बैठक में पूर्व सीएम अशोक गहलोत, सचिन पायलट, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत करीब 20 बड़े नेता शामिल हुए.राजस्थान कांग्रेस की इस बैठक में पूर्व सीएम अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट समेत 20 बड़े नेता मौजूद रहे.
जयपुर. राजस्थान में पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी कवायद तेज कर दी है. बुधवार को जयपुर स्थित कांग्रेस वॉर रूम में वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई. सुबह शुरू हुई बैठक में करीब साढ़े तीन घंटे प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत करीब 20 वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. बैठक में पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस की आगे की रणनीति, टिकट वितरण, चुनाव प्रचार और संगठन को बूथ एवं पंचायत स्तर तक सक्रिय करने को लेकर मंथन हुआ.
कांग्रेस पंचायत चुनावों में बीजेपी सरकार की नाकामियों और स्थानीय स्तर पर जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाने की तैयारी में है. नेताओं ने इस बात पर चर्चा की कि चुनाव में पार्टी किस तरह स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाए और उम्मीदवारों के चयन में संगठन के फीडबैक को महत्व दिया जाए. कांग्रेस ने पंचायत चुनाव में प्रदेश की भाजपा सरकार के करीब तीन साल के कार्यकाल को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाने की रणनीति तैयार की है. कांग्रेस नेताओं के मुताबिक पार्टी अपनी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ मौजूदा सरकार की विफलताओं को भी चुनावी अभियान का हिस्सा बनाएगी. इसके लिए पंचायत और स्थानीय स्तर पर मुद्दों को चिन्हित कर प्रचार की रणनीति तैयार की जा रही है.
पंचायत चुनाव के लिए कैंपेनिंग कमेटी का गठनप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बैठक के बाद कहा कि पार्टी ने पूरे प्रदेश में कैंपेनिंग कमेटी बनाई है. यह कमेटी गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर चुनाव प्रचार करेगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंचायत चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी और सभी नेता मिलजुलकर भाजपा का मुकाबला करेंगे. डोटासरा ने कहा कि पार्टी चुनाव में अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी. वहीं राज्य सरकार की विफलताओं को भी जनता के बीच लेकर जाएगी. उन्होंने दावा किया कि पार्टी में किसी तरह का कोई बिखराव नहीं है और वे सब एकजुट हैं.
खाद का मुद्दा पंचायत चुनाव में बड़ा मुद्दा है
सचिन पायलट ने भी पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियों की जानकारी दी. पायलट के मुताबिक चुनाव के लिए रणनीति तैयार कर ली गई है. उम्मीदवारों के चयन में अच्छे प्रत्याशियों को टिकट देने पर जोर रहेगा. उन्होंने कहा कि पार्टी नेता मिलकर चुनाव प्रचार करेंगे. पायलट ने राजस्थान में खाद की किल्लत को पंचायत चुनाव का बड़ा मुद्दा बताया. उनके मुताबिक खाद की उपलब्धता और किसानों से जुड़े मुद्दों को कांग्रेस चुनाव के दौरान प्रमुखता से उठाएगी.
चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस का बीजेपी पर हमलाबैठक के बाद सचिन पायलट ने दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ हुए व्यवहार को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्वक गांधीवादी तरीके से अपनी बात रखी जा रही थी. यदि नेता प्रतिपक्ष किसी से मिलकर अपनी बात रखना चाहते हैं तो उनके साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए. पायलट ने चुनाव आयोग को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब चुनाव आयोग से सवाल करती है तो जवाब भाजपा के प्रवक्ताओं की ओर से मिलता है.
स्थानीय निकाय चुनाव के परिणामों का भी जिक्रपायलट ने राजस्थान के हालिया स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा चुनाव जीतकर भी हार गई और कांग्रेस हारकर भी जीत गई. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने भाजपा से ज्यादा वोट हासिल किए हैं. डोटासरा ने भी स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि चुनाव में की गई बेईमानी सबके सामने है. उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनाव में सत्ता को बेईमानी नहीं करने दी जाएगी.
अब पीसीसी में जिलेवार फीडबैक की तैयारीवॉर रूम में वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद अब कांग्रेस ने जिलेवार फीडबैक लेने की तैयारी की है. कांग्रेस की लगातार बैठकों से साफ है कि अब पार्टी पंचायत चुनाव की तैयारियों को संगठन के स्तर पर अंतिम रूप देने में जुट गई है. वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद जिलेवार फीडबैक और उसके आधार पर उम्मीदवारों तथा चुनाव प्रचार की रणनीति तय करने पर फोकस रहेगा.
About the Authorसंदीप राठौड़
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
October 07, 2026, 16:49 IST



