रजनीकांत को ‘जेलर 2’ में खली एक कमी, तमन्ना भाटिया का रखवाना चाहते थे गाना, मगर डायरेक्टर ने कर दिया मना

नई दिल्ली. सुपरस्टार रजनीकांत की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है. इसमें वह एक बार फिर एक्शन अवतार में नजर आएंगे. हालांकि, फिल्म की रिलीज से पहले प्रमोशन के दौरान रजनीकांत ने सीक्वल को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है. रजनीकांत ने बताया कि उन्हें ‘जेलर 2’ में एक चीज की कमी खल रही है. वह इस फिल्म में तमन्ना भाटिया के साथ स्पेशल डांस नंबर (गाना) रखना चाहते थे और इसके लिए उन्होंने निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार से गुजारिश भी की थी.
साल 2023 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ में तमन्ना भाटिया ने शानदार कैमियो किया था. इस फिल्म का गाना ‘कावाला’ इंटरनेट पर आते ही तहलका मचा गया था और इस गाने के सिग्नेचर हुक-स्टेप ने फैंस को अपना दीवाना बना लिया था. तमन्ना भाटिया के गाने में रजनीकांत भी डांस करते हुए दिखे थे.
रजनीकांत को ‘जेलर 2’ में खली तमन्ना भाटिया की कमी
एनडीटीवी में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, रजनीकांत ने हुए कहा कि अगर ‘जेलर 2’ में किसी एक चीज की कमी खल रही है, तो वह तमन्ना भाटिया हैं. उन्होंने आगे बताया, ‘मैंने निर्देशक नेल्सन से तमन्ना के लिए एक गाना रखने को कहा था.’ इस पर नेल्सन ने जवाब दिया कि ‘सर, सिर्फ इसलिए कि आपको पसंद है, मैं गाना नहीं रख सकता.’
‘जेलर’ में तमन्ना भाटिया के गाने को लोगों ने खूब किया था पसंद
इस पर थलाइवा ने तुरंत हंसते हुए सफाई दी, ‘मैंने यह नहीं कहा कि यह मेरी निजी पसंद है. अगर मैं सिर्फ अपनी मर्जी का काम करता, तो आज होकर बेंगलुरु लौट चुका होता. मैं आज भी इस इंडस्ट्री में टिका हुआ हूं तो सिर्फ इसलिए, क्योंकि मैं वही करता हूं जो दर्शक देखना और पसंद करना चाहते हैं.’ इस तरह रजनीकांत ने साफ किया कि पहले पार्ट में तमन्ना को लोगों ने पसंद किया था और इसी वजह से वह ‘जेलर 2’ में भी उनका गाना रखवाना चाहते थे.
टाइगर मुथुवेल पांडियन के किरदार में लौटेंगे रजनीकांत
‘जेलर 2’ की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी जहां पहला पार्ट खत्म हुआ था. इस फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर अपने आइकॉनिक किरदार टाइगर मुथुवेल पांडियन के रूप में वापसी कर रहे हैं. कहानी में एक रिटायर्ड जेलर (रजनीकांत), जिसने मूर्तियों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था, अब उस पूरे आपराधिक नेटवर्क के निशाने पर आ जाता है.
15 अक्टूबर को रिलीज होगी रजनीकांत की ‘जेलर 2’ फिल्म
‘जेलर 2’ में रजनीकांत के साथ-साथ राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिरना और ऋत्विक जैसे सितारे अपनी पुरानी भूमिकाओं में दोबारा नजर आएंगे. वहीं, सीक्वल में कुछ नए और बड़े चेहरों की भी एंट्री हुई है, जिनमें एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजरामूडू, विद्या बालन, अन्ना राजन और जतिन सरना शामिल हैं. रजनीकांत की यह मूवी 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों मे दस्तक देने के लिए तैयार है.



