PAK vs SL: रावलपिंडी में कुसल मेंडिस की विस्फोटक बल्लेबाजी, श्रीलंका ने तीसरे टी20 में पाकिस्तान को 8 विकेट से धोया

होमखेलक्रिकेट
कुसल मेंडिस की तूफानी बैटिंग से श्रीलंका ने तीसरे टी20 में पाकिस्तान को हराया
Last Updated:October 14, 2026, 00:57 IST
तीन टी20 मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को रावलपिंडी में 8 विकेट से हरा दिया. हालांकि, इस आखिरी मैच में हार के बावजूद पाकिस्तान ने 2-1 से सीरीज अपने नाम किया. मुकाबले में श्रीलंका के लिए कुसल मेंडिस ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली. वहीं, पाकिस्तान की तरफ से साहिबजादा फरहान ने फिफ्टी लगाई थी.श्रीलंका ने तीसरे टी20 में पाकिस्तान को हराया
नई दिल्ली: कसी हुई गेंदबाजी के बाद कुसल मेंडिस की विस्फोटक बल्लेबाजी से श्रीलंका ने तीसरे और आखिरी टी20 में पाकिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया. रावलपिंडी में खेले गए इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. मेजबान पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान साहिबजादा फरहान की अर्धशतकीय पारी की मदद से जैसे-तैसे निर्धारित 20 ओवर के खेल में 8 विकेट खोकर 168 रन का स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में श्रीलंका ने 17.1 ओवर में ही सिर्फ 2 विकेट गंवाकर 172 रन बनाए और मैच को अपने नाम कर लिया.
हालांकि, अंतिम मैच में जीत दर्ज करके भी श्रीलंका सीरीज अपने नाम नहीं कर पाई, क्योंकि पाकिस्तान ने पहले दो मैचों में बाजी मारते हुए अजेय बढ़त हासिल कर ली थी. वहीं, सीरीज के तीसरे मैच की बात करें तो श्रीलंका के लिए लक्ष्य का पीछा करते हुए कुसल मेंडिस ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दी. मेंडिस ने 48 गेंद में 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 87 रनों की पारी खेली. इसके अलावा, कामेंदु मेंडिस भी 27 गेंद में 40 रन बनाकर नाबाद रहे. वहीं, ओपनर बल्लेबाज सिनेथ जयवर्धने ने भी 26 गेंद में 38 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया.
साहिबजादा फरहान की फिफ्टी गई बेकार
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान साहिबजादा फरहान ने इस मुकाबले में अपनी दमदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए लगातार तीसरे मैच में अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन टीम के अन्य बल्लेबाजों की नाकामी के कारण उनकी मेहनत बेकार चली गई. फरहान ने 47 गेंद में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 76 रनों की पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. फरहान के अलावा अराफात मिन्हास ने फिर सबसे ज्यादा 34 रन बनाए.
फरहान और मिन्हास के अलावा पाकिस्तान की पूरी बैटिंग लाइनअप फ्लॉप रही. वहीं, गेंदबाजी की बात करें तो श्रीलंका के लिए दासुन शनाका ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया. शनाका ने 4 ओवर में सिर्फ 21 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. शनाका के अलावा नुवान तुषारा और ईशान मलिंगा ने भी 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि विजयकांत वियासकांत के खाते में एक विकेट आया.
About the AuthorJitendra Kumar
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
October 14, 2026, 00:57 IST



