Bhilwara News | Handcraft Product

Last Updated:October 16, 2026, 21:02 IST
Bhilwara Raj Sakhi Mart: भीलवाड़ा के भदाली खेड़ा में राजीविका के तहत राज सखी मार्ट की शुरुआत हुई है. इससे ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. यहां आने वाले लोग अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग वस्तुएं खरीद सकते हैं. मार्ट के बारे में लोगों को जानकारी मिलने के साथ ही खरीदारों का रुझान भी बढ़ रहा है.
भीलवाड़ा. महिलाओं के हुनर को बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से भीलवाड़ा जिले के भदाली खेड़ा में राजीविका के तहत राज सखी मार्ट की शुरुआत हुई है. इस मार्ट में महिलाओं के हाथों से तैयार अचार, मसाले, शरबत, साबुन और जूट के बैग समेत कई स्थानीय उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं. खास बात यह है कि इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने का मंच मिल रहा है. साथ ही, उनके हुनर और मेहनत को पहचान भी मिल रही है.
राज सखी मार्ट की संचालिका कंचन लुहार ने बताया कि यहां समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए कई तरह के उत्पाद बिक्री के लिए रखे गए हैं. इनमें अचार, आंवला कैंडी, गुलाब और सौंफ का शरबत, विभिन्न प्रकार के मसाले, रसायनमुक्त साबुन और जूट के बैग शामिल हैं. इन उत्पादों को महिलाएं अपने हाथों से तैयार करती हैं. इसके अलावा मार्ट में राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों के स्थानीय उत्पाद भी उपलब्ध हैं.
अलग-अलग जिलों के हाथ से बनाए सामान भी उपलब्धयहां दौसा की हस्तनिर्मित जूतियां, झालावाड़ की चूड़ियां और राजसमंद जिले के मोलेला के मिट्टी से बने उत्पाद भी खरीदे जा सकते हैं. इसके साथ ही समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की गई विभिन्न प्रकार की प्लेटें भी बिक्री के लिए रखी गई हैं. इस तरह मार्ट में महिलाओं के बनाए उत्पादों के साथ दूसरे क्षेत्रों की हस्तकला से जुड़ी वस्तुओं को भी जगह मिली है.
किफायती दामों पर मिल रहे स्थानीय उत्पादसंचालिका कंचन लुहार के अनुसार, मार्ट में उपलब्ध उत्पाद किफायती दामों पर मिल रहे हैं. यहां आने वाले लोग अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग वस्तुएं खरीद सकते हैं. मार्ट के बारे में लोगों को जानकारी मिलने के साथ ही खरीदारों का रुझान भी बढ़ रहा है. इससे महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर अवसर मिल रहे हैं.
मांडल क्षेत्र का पहला राज सखी मार्टमांडल पंचायत समिति के विकास अधिकारी गुलाब सिंह गुर्जर ने बताया कि राज सखी मार्ट मांडल क्षेत्र का पहला ऐसा मार्ट है, जहां राजीविका से जुड़े विभिन्न समूहों के उत्पाद एक ही जगह पर उपलब्ध हैं. यहां करीब 25 से 50 प्रकार के उत्पाद रखे गए हैं. इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को अपने हुनर के आधार पर काम करने और आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनने के अवसर उपलब्ध कराना है. राजीविका की ओर से महिलाओं को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि वे अपने काम को आगे बढ़ा सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें. राज सखी मार्ट के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए एक स्थान मिल रहा है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है.
About the Authorआनंद पाण्डेयContent Producer
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
Bhilwara,Bhilwara,Rajasthan
First Published :
October 16, 2026, 21:02 IST



