चेहरे पर मुस्कान और बिजली जैसी फुर्ती… मैदान पर भुवनेश्वर कुमार का रिएक्शन देख फैंस हुए गदगद

नई दिल्ली: किसी ने कहा अब करियर खत्म है. किसी ने कहा टीम इंडिया में वापसी अब भूल जाओ, उम्र हो गई है. लेकिन न जाने भुवनेश्वर कुमार किस मिट्टी के बने थे! बिना इसकी परवाह किए कि उनको लेकर कौन क्या कह रहा है, वह लगे रहे. आईपीएल हो, यूपी के लिए टी20 लीग या घरेलू क्रिकेट, बिना शोर मचाए भुवी ने अपना काम जारी रखा और आज उनकी इसी मेहनत ने ऐसा रंग दिखाया कि सबकी बातें झूठी साबित हो गईं.
भुवनेश्वर कुमार 1425 दिन बाद फिर से टीम इंडिया की जर्सी में मैदान पर उतरे. उनके चेहरे पर बेशक कोई भाव दिखाई न दिया हो, लेकिन वापसी के लिए उन्होंने जो इंतजार किया, उसे वह अपने मन में एक-एक पल जरूर गिन रहे होंगे. भुवनेश्वर कुमार के लिए यह एक बेहद खास पल था, क्योंकि आज के प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में एक बार मौका गंवाने के बाद फिर उसे वापस हासिल करना बहुत मुश्किल होता है.
भुवनेश्वर कुमार का रिएक्शन देख फैंस हुए गदगद
भारत और वेस्टइंडीज के बीच आखिरी टी20 के लिए बारिश के कारण टॉस में देरी हुई. करीब 8:45 बजे मैदान से कवर हटाए गए. जैसे ही कवर हटे, भारतीय खिलाड़ी वॉर्म-अप के लिए मैदान पर उतरे, जिसमें भुवनेश्वर कुमार भी थे. भुवी ने जब मैदान पर कदम रखा, तो उनके चेहरे पर एक अलग ही मुस्कान थी और शरीर में बिजली जैसी फुर्ती दिख रही थी. उनके रिएक्शन से कहीं भी ऐसा नहीं लग रहा था कि उम्र उन पर हावी हुई है. यही कारण है कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में फैंस भी उन्हें देखकर गदगद हो गए.
मैच में वेस्टइंडीज के कप्तान ने जीता टॉस
भारत के खिलाफ अंतिम और निर्णायक मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टॉस जीता. टॉस जीतने के बाद होप ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया. बारिश के कारण मैच दो घंटे से भी ज्यादा की देरी से शुरू हुआ. यही कारण है कि इसे 9-9 ओवरों का किया गया.
भारतीय टीम का प्लेइंग XI-
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह.



