ANTF के मुखबिर की ओर से दिए गए मोबाइल से हुई थी RDX की डील और सामने आ गया पूरा पाकिस्तानी कनेक्शन

Last Updated:October 21, 2026, 13:29 IST
India-Pakistan Border News : भारत पाकिस्तान बॉर्डर पर बीते दिनों सीमा पार पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन से ड्रॉप किए गए आरडीएक्स और अन्य हथियारों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. पाकिस्तान से इसकी डील जिस मोबाइल के जरिये की गई थी वह एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के मुखबिर की ओर से ही हैंडलर को उपलब्ध कराया गया था. पढ़ें पूरी कहानी.पाकिस्तान की तरफ से आरडीएक्स और हथियारों की यह खेप बीते 12 अक्टूबर की रात को ड्रोन के जरिये ड्रॉप की गई थी.
श्रीगंगानगर. भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर पर पाकिस्तान की ओर से भारत विरोधी गतिविधियों में तेजी से इजाफा हो रहा है. अब यह मामला ड्रग्स और हथियार तस्करी तथा घुसपैठ से आगे बढ़कर आरडीएक्स तक पहुंच गया है. हाल ही में श्रीगंगानगर जिले में बीते 12 अक्टूबर की रात को ड्रोन से ड्रॉप किए गए आरडीएक्स और हथियारों का पाकिस्तान कनेक्शन साफ हो गया है. इस पूरे रैकेट को पर्दाफाश करने में जिस मोबाइल ने अहम भूमिका निभाई वह मोबाइल एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के ही मुखबिर के जरिये पकड़े गए आरोपियों तक पहुंचाया था. उसी मोबाइल से सीमा पार पाकिस्तान से हथियारों की डील हुई थी.
मीडिया रिपोर्ट्स और जांच एजेंसियों के मुताबिक इस मामले में पकड़े गए पंजाब निवासी सुखविंदर और लखविंदर घटना से करीब 18 दिन पहले ही श्रीगंगानगर जिले के 16बीएलडी गांव आ गए थे. आते ही वे दोनों एएनटीएफ के इनपुट के आधार पर उसके राडार पर आ गए थे. बाद में एएनटीएफ के मुखबिर के जरिये सुखविंदर तक मोबाइल पहुंचा. बाद में सुखविंदर ने इसी मोबाइल से अपने नेटवर्क के हैंडलर कुलवंत और पाकिस्तान बैठे आका अली चाचा से बातचीत कर डील पक्की की थी. कुलवंत पंजाब के अलीका का रहने वाला है.
आरडीएक्स एक्टिव मोड में थाउसके बाद 12 अक्टूबर की रात को 12 KND में पाकिस्तानी ड्रोन से असले की खेप ड्रॉप की गई. इसमें तुर्की मेड दो जिगाना पिस्टल, 867 कारतूस, 4 मैगजीन और 7.75 किलो आरडीएक्स शामिल था. हालांकि जांच एजेंसियों के मुताबिक एएनटीएफ के पास पहले केवल हेरोइन डिलीवरी का ही इनपुट था. लेकिन उसमें मिला हथियारों का असला. इस असले में शामिल आरडीएक्स एक्टिव मोड में था यानी उसमें केवल तार जोड़ने की जरुरत थी और ब्लास्ट के लिए तैयार हो जाता.
त्योहार पर देश को दहलाने की साजिश थीइनपुट के आधार पर इस कार्रवाई को बाद में 12 अक्टूबर को एएनटीएफ के साथ बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF), पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी ड्रोन की ओर से गिराए गए असले को बरामद कर इनकी डिलीवरी लेने आए सुखविंदर और लखविंदर को दबोच लिया. उनका तीसरा साथी फरार हो गया. आरडीएक्स की बरामदगी के बाद अब इसकी जांच एंटी टेरिरिस्ट स्कवॉड कर रही है. ANTF के आईजी विकास कुमार के मुताबिक यह त्योहार पर देश को दहलाने की साजिश थी. लेकिन समय रहते इसे असफल कर दिया गया. इसके लिए ANTF की टीमें करीब एक महीने से आरोपियों के पीछे लगी थीं. आरोपियों के श्रीगंगानगर आते ही उनको पूरी तरह से अपने निगरानी में ले लिया.
कई बार हथियारों और ड्रग्स की ड्रोन से ड्रॉपिंग की जा चुकी है
सीमा पार पाकिस्तान की तरफ से बॉर्डर इलाके में कई बार हथियारों और ड्रग्स की ड्रोन से ड्रॉपिंग की जा चुकी है. 12 अक्टूबर को हुई इस घटना के बाद हाल ही में दो अलग-अलग मामलों में 70 करोड़ रुपये की हेरोइन और जब्त की गई है. इनमें श्रीगंगानगर जिले के रावला मंडी थाना इलाके में के 365 हैड एरिया से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनसे करीब 20 करोड़ रुपये की चार किलो हेरोइन जब्त की गई है. वहीं इससे पहले हनुमानगढ़ के गोलूवाला में करीब 50 करोड़ रुपये की कीमत की 9.8 किलो हेरोइन जब्त कर दो महिलाओं सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था.About the Authorसंदीप राठौड़
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Ganganagar,Ganganagar,Rajasthan
First Published :
October 21, 2026, 13:29 IST



