Jhunjhunu News: संदिग्ध हालत में पति-पत्नी की मौत, कमरे में मिले दोनों के शव, महिला का गला कटा मिला

Last Updated:October 21, 2026, 18:45 IST
Jhunjhunu News: झुंझुनूं के बिसाऊ कस्बे के वार्ड नंबर 23 में घर के अंदर पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई. पत्नी का गला कटा और हाथ-पैर रस्सियों से बंधे मिले, जबकि पति अब्दुल रहीम फंदे पर लटका मिला. पुलिस को गृह क्लेश की आशंका है, एफएसएल और एमओबी टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं मामले की जांच जारी है.झुंझुनूं में पति-पत्नी की मौत
झुंझुनूं. जिले के बिसाऊ कस्बे में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, कस्बे के वार्ड नंबर 23 में एक घर के अंदर पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पत्नी का शव बिस्तर पर मिला, जिसका गला कटा हुआ था, उसके हाथ-पैर रस्सियों से बिस्तर पर बंधे हुए थे. वहीं, पति अब्दुल रहीम का शव घर में फंदे पर लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच गृह क्लेश की आशंका जताई जा रही है.
पुलिस के अनुसार, घटना बीती रात की बताई जा रही है. सुबह काफी देर तक पति-पत्नी के नहीं जागने पर परिजनों को संदेह हुआ. इसके बाद उन्होंने घर का गेट खोलकर देखा तो अंदर दोनों के शव मिले. पत्नी का शव बिस्तर पर पड़ा था, जबकि पति फंदे पर लटका हुआ था. यह दृश्य देखकर परिजन घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
पत्नी के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे मिले
घटनास्थल की शुरुआती जांच में पत्नी के हाथ-पैर रस्सियों से बिस्तर पर बंधे होने और गला कटा मिलने की जानकारी सामने आई है. वहीं, अब्दुल रहीम का शव फंदे पर लटका मिला. घटनास्थल पर कुछ गोलियां भी पड़ी मिलीं, जिनके नींद की दवा होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, इन गोलियों की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि जांच के बाद ही होगी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीकर से एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया. एमओबी टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
गृह क्लेश की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले पत्नी को नींद की दवा दी होगी और उसके हाथ-पैर बांधकर उसकी हत्या की होगी. इसके बाद खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना का वास्तविक कारण और पूरा घटनाक्रम जांच के बाद ही सामने आएगा. थानाधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर गृह क्लेश घटना की संभावित वजह माना जा रहा है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jhunjhunu,Rajasthan
First Published :
October 21, 2026, 18:45 IST



