Rajasthan

दिवाली पर ताबड़तोड़ खरीदारी करने से पहले चीजों को जांच परख लें, भीलवाड़ा में पकड़ा एक्सपायरी डेट का सामान

भीलवाड़ा. दीपावली के त्योहार पर अगर आप बाजार से कुरकुरे, नमकीन, खाद्य तेल, मसाले और अन्य खाद्य सामग्री खरीद रहे हैं, तो सावधानी बरतना बेहद जरूरी है. पैकेट पर लिखी एक्सपायरी डेट और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की अनदेखी आपकी सेहत पर भारी पड़ सकती है. राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवधिपार खाद्य सामग्री बरामद की और उसे मौके पर ही नष्ट करवाया. भीलवाड़ा शहर में करीब 1000 पैकेट एक्सपायरी कुरकुरे-नमकीन नष्ट किए गए, जबकि गुलाबपुरा में 400 लीटर अवधिपार खाद्य तेल और 30 किलो मिर्च पाउडर नष्ट करवाया गया.

जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने दोनों स्थानों पर कार्रवाई की. इस दौरान कुछ खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए अजमेर की प्रयोगशाला में भेजा जाएगा.

100 फीट रोड पर मिले अवधिपार कुरकुरे और नमकीन

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भीलवाड़ा शहर के 100 फीट रोड स्थित अरिहंत सेल्स एंड एंटरप्राइजेज पर जांच की, यहां करीब 1000 पैकेट अवधिपार कुरकुरे और बालाजी नमकीन मिले. टीम ने इन सभी पैकेटों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया. त्योहार के दौरान खाद्य सामग्री की खरीद-बिक्री बढ़ने के बीच विभाग की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इसके अलावा टीम ने हरिहर एजेंसी से ताजमहल चायपत्ती और गोपाल रतलामी नमकीन के नमूने भी लिए. कार्रवाई के दौरान सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, अशोक कुमार यादव, विजय मेहता और संजय वर्मा मौजूद रहे.

गुलाबपुरा में 400 लीटर तेल और मिर्च पाउडर नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने गुलाबपुरा स्थित नायता किराणा स्टोर पर कार्रवाई की, यहां जांच के दौरान 400 लीटर अवधिपार खाद्य तेल और 30 किलो मिर्च पाउडर मिला. टीम ने दोनों खाद्य पदार्थों को नष्ट करवा दिया, इसके साथ ही हल्दी और कृष्णा डेयरी घी के नमूने भी जांच के लिए लिए गए.

अजमेर की लैब में होगी नमूनों की जांच

दोनों स्थानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए अजमेर स्थित प्रयोगशाला भेजे जाएंगे. प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. दीपावली पर खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर निर्माण और एक्सपायरी तारीख जरूर देखें. पैकेट की सील, गुणवत्ता और लेबल की जांच करें. संदेह होने पर खाद्य पदार्थ खरीदने से बचें, ताकि त्योहार की खुशियों के बीच सेहत से जुड़ी परेशानी न हो.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj