Jaipur News: दिवाली शॉपिंग के लिए जयपुर में खास ठिकाना, 45 कलाकारों के प्रोडक्ट्स और एंट्री बिल्कुल फ्री

जयपुर. दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही गुलाबी नगरी के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है, शहर के अलग-अलग बाजारों में दिवाली की खरीदारी के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. इसी कड़ी में कलानेरी आर्ट गैलरी में ‘दीवाली फ्ली मार्केट’ सजाया गया है. यह मार्केट खरीदारी के साथ कला, शिल्प, संगीत और खानपान का अनूठा अनुभव दे रहा है, यहां करीब 45 कलाकार और कला उत्पादों से जुड़े प्रतिभागी अपने खास प्रोडक्ट्स लेकर पहुंचे हैं. ऐसे में दिवाली की सजावट, घर और ऑफिस को नया लुक देने के साथ अपनों को खास उपहार देने के लिए भी यह मार्केट लोगों को आकर्षित कर रहा है.
कलानेरी आर्ट गैलरी का दीवाली फ्ली मार्केट साल में एक बार आयोजित किया जाता है, इस बार बाजार को ‘वन वेंडर, वन आर्ट’ थीम पर सजाया गया है. इसमें अलग-अलग क्षेत्रों से आए प्रतिभागी अपनी विशिष्ट कला और शिल्प से तैयार उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं. यहां लोग केवल खरीदारी ही नहीं कर सकते, बल्कि उत्पादों के पीछे छिपी कला, कारीगरी और पारंपरिक शिल्प की बारीकियों को भी करीब से समझ सकते हैं. मार्केट में कपड़े, सजावटी सामान, पेंटिंग, मूर्तियां और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स सहित कई तरह के उत्पाद उपलब्ध हैं. लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर सकते हैं. दिवाली पर घर सजाने, ऑफिस को आकर्षक बनाने और दोस्तों व रिश्तेदारों को उपहार देने के लिए यहां कई विकल्प मौजूद हैं.
ब्लू पॉटरी से पिछवाई तक दिखेगी राजस्थानी कला
इस फ्ली मार्केट की खासियत राजस्थान की पारंपरिक हस्तकलाएं हैं. यहां ब्लू पॉटरी, सांगानेरी और बगरू ब्लॉक प्रिंट, पिछवाई तथा मोलेला कला से जुड़े उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं. इन कलाओं के जरिए प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कारीगरी की झलक देखने को मिलती है. कला प्रेमियों के लिए यह बाजार खास है, क्योंकि यहां विभिन्न कलाओं से जुड़े उत्पादों को देखने और उनके बारे में जानने का मौका मिलता है.
शॉपिंग के साथ संगीत और जायके का आनंद
दीवाली फ्ली मार्केट में खरीदारी के अलावा मनोरंजन का भी खास इंतजाम किया गया है, यहां कलाकारों की गजल, गीत, साहित्यिक चर्चा और लाइव म्यूजिक का आनंद लिया जा सकता है. शाम के समय लाइट शो और अस्सी के दशक के बॉलीवुड संगीत के जरिए माहौल को और खास बनाया जा रहा है. इसके साथ ही लोग राजस्थान के प्रसिद्ध व्यंजनों के जायके का लुत्फ भी उठा सकते हैं. इस तरह यह बाजार खरीदारी के साथ परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने का अच्छा विकल्प बन रहा है.
शाम 5 से रात 10 बजे तक फ्री एंट्री
कलानेरी आर्ट गैलरी में आयोजित दीवाली फ्ली मार्केट में लोगों के लिए प्रवेश बिल्कुल निःशुल्क है, यहां हर दिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक खरीदारी और मनोरंजन का आनंद लिया जा सकता है. बाजार में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग सहित जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है. अगर आप दिवाली की खरीदारी के लिए किसी खास जगह की तलाश कर रहे हैं, तो कलानेरी आर्ट गैलरी का यह फ्ली मार्केट एक अच्छा विकल्प हो सकता है. यहां एक ही जगह पर कलात्मक सजावटी सामान, पारंपरिक हस्तशिल्प, उपहार, खानपान और संगीत का अनुभव मिल रहा है.



