सर्दियों में धूप कम मिल रही है तो डाइट में शामिल करें ये चीजें, विटामिन D की कमी दूर करने में मिलेगी मदद, शरीर रहेगा फिट

Health Tips: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही लोग ठंड से बचने के लिए घरों में ज्यादा समय बिताने लगते हैं और मोटे कपड़े पहनते हैं. ऐसे में शरीर को धूप कम मिलती है, जिसकी वजह से विटामिन डी की कमी होने लगती है. विटामिन डी हमारे शरीर के लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि यह हड्डियों को मजबूत रखने और शरीर में कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है. इसकी कमी होने पर हड्डियों में दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी और थकान जैसी परेशानियां होने लगती हैं. कई बार लोग इन लक्षणों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन आगे चलकर ये परेशानी बढ़ सकती है. ऐसे में सर्दियों के दौरान खान-पान पर ध्यान देना बहुत जरूरी है.
लोकल 18 से बातचीत के दौरान आयुष चिकित्सक डॉ. राजकुमार ने बताया कि विटामिन डी हमारे शरीर के लिए बहुत जरूरी है. यह शरीर में कैल्शियम को सोखने में मदद करता है, जिससे हड्डियां और दांत मजबूत बने रहते हैं. इसकी सही मात्रा शरीर को ठीक से काम करने में मदद करती है. विटामिन डी की कमी होने पर शरीर में कई तरह की समस्याएं होने लगती हैं. इससे हड्डियां कमजोर हो जाती हैं और उनमें दर्द होने लगता है. इसके अलावा, मांसपेशियों में कमजोरी, थकान और शरीर में दर्द महसूस हो सकता है.
विटामिन डी की कमी से हड्डियां हो सकती हैं कमजोर
बच्चों में विटामिन डी की कमी से हड्डियों का सही विकास नहीं हो पाता. वहीं, बड़े होने पर हड्डियों के कमजोर होने का खतरा रहता है. विटामिन डी की कमी के कारण शरीर कैल्शियम को ठीक से सोख नहीं पाता, जिससे हड्डियों पर असर पड़ता है. लंबे समय तक इसकी कमी रहने पर हड्डियों से जुड़ी समस्याएं बढ़ने लगती हैं.
सर्दियों में क्यों होने लगती है विटामिन डी की कमी
सर्दियों में विटामिन डी की कमी होने का एक बड़ा कारण धूप कम मिलना है. इस मौसम में दिन छोटे होते हैं और लोग ठंड के कारण ज्यादातर समय घर के अंदर बिताते हैं. ऐसे में शरीर को पर्याप्त धूप नहीं मिल पाती. सूरज की किरणों से मिलने वाली यूवीबी किरणें त्वचा में विटामिन डी बनाने में मदद करती हैं. इसके अलावा, सर्दियों में शरीर का ज्यादा हिस्सा गर्म कपड़ों से ढका रहता है, जिससे त्वचा को धूप कम मिलती है. इन कारणों से शरीर में विटामिन डी बनने की मात्रा घट जाती है और इसकी कमी होने लगती है.
धूप और खान-पान से पूरी कर सकते हैं विटामिन डी की कमी
विटामिन डी का एक प्रमुख स्रोत धूप है. कोशिश करें कि सर्दियों में रोजाना कुछ समय धूप में बिताएं. जब त्वचा धूप के संपर्क में आती है, तो शरीर विटामिन डी बनाने लगता है. इसके अलावा, कुछ खाद्य पदार्थों से भी इसकी पूर्ति की जा सकती है. सैल्मन और सार्डिन जैसी मछलियों में विटामिन डी अच्छी मात्रा में पाया जाता है. अंडे की जर्दी, विटामिन डी से भरपूर दूध और मशरूम भी इसके स्रोत हैं. इसके अलावा, कुछ अनाज और डेयरी उत्पादों में भी विटामिन डी मिलाया जाता है. सही खान-पान और पर्याप्त धूप से शरीर में विटामिन डी का स्तर बनाए रखने में मदद मिल सकती है.



