4 से 2 लाख पर आई चांदी, हर दिन भाव में हो रही गिरावट, दीवाली को लेकर ज्वैलर्स ने क्या बताया?

जयपुर. दीपावली का फेस्टिवल सीजन नजदीक आ रहा है और जयपुर के बाजारों में खरीदारी की रौनक शुरू हो गई है. खासतौर पर जयपुर के ज्वैलरी बाजारों में सोने-चांदी की खरीदारी की अच्छी रौनक देखने को मिल रही है. लगातार सोने-चांदी के भाव में गिरावट और स्थिरता के चलते बाजारों में लोगों का खरीदारी के प्रति रुझान बढ़ रहा है.
अगर बात करें जयपुर के सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के भाव में गिरावट की, तो चांदी के भाव में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज हो रही है. कुछ महीने पहले 4 लाख रुपए प्रति किलो तक बिकने वाली चांदी अब 2 लाख 2 हजार रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है. दीपावली के फेस्टिवल सीजन में चांदी के भाव में लगातार गिरावट के चलते जयपुर के बाजारों में खरीदारी की अच्छी रौनक देखने को मिल रही है.
चांदी को लेकर ज्वैलर्स ने क्या बतायालोकल-18 ने जयपुर के सर्राफा बाजार में पहुंचकर यहां के ज्वैलर्स से चांदी की लगातार घटती कीमतों को लेकर बात की. ज्वैलर आदर्श खंडाका बताते हैं कि सोने-चांदी में निवेश लोग लंबे समय से करते आ रहे हैं. भले ही आज चांदी के भाव लगातार गिर रहे हैं, लेकिन दीपावली तक चांदी के भाव में उछाल देखने को मिलेगा. हालांकि, 4 लाख रुपए के भाव पर चांदी खरीदने वाले लोगों में निराशा है, लेकिन कुछ महीने बाद चांदी के भाव में बढ़ोतरी होगी. इसलिए अभी सोने-चांदी में निवेश करने का सही समय है.
दीपावली तक चांदी के भाव में आएगी तेजीपिछले कुछ सप्ताह से सोने-चांदी के भाव में गिरावट और स्थिरता के बीच बाजार में सबसे ज्यादा चर्चा चांदी की कीमतों को लेकर रही है, क्योंकि हर दिन चांदी के भाव में 1 हजार रुपए से अधिक का उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. अगर बात करें आज जयपुर में चांदी के भाव की, तो 99 प्रतिशत शुद्ध चांदी की कीमत 2 लाख 2 हजार रुपए प्रति किलो है. वहीं, जेवराती सोने की कीमत 1 लाख 45 हजार रुपए है.
जयपुर के ज्वैलर्स ने क्या बतायालोकल-18 ने जयपुर के अन्य ज्वैलर्स से भी दीपावली पर सोने-चांदी के भाव को लेकर बात की. ज्वैलर प्रहलाद खूटेटा का कहना है कि अभी सोने-चांदी के भाव में लगातार गिरावट हो रही है, लेकिन दीपावली तक चांदी की कीमत 2.50 लाख रुपए और सोने की कीमत 1.50 लाख रुपए तक पहुंचने की उम्मीद है. अभी बाजारों में अच्छी रौनक है और सोने-चांदी के भाव में जैसे ही बढ़ोतरी शुरू होगी, वैसे ही लोगों का खरीदारी के प्रति रुझान बढ़ेगा. प्रहलाद खूटेटा का कहना है कि लंबे समय से गिरावट के बावजूद लोगों ने अनुमान से कम खरीदारी की है, लेकिन अब दीपावली पर जयपुर में सोने-चांदी के अच्छे कारोबार की उम्मीद है.
जयपुर के बाजारों में बढ़ रही रौनकलोकल-18 से बात करते हुए आदर्श खंडाका का कहना है कि भाव में चाहे गिरावट हो या बढ़ोतरी, लेकिन फेस्टिवल सीजन और वेडिंग सीजन में सोने-चांदी की अच्छी मांग रहती है. अभी बाजारों में चांदी के बर्तनों से लेकर सिक्कों और अन्य चीजों की खूब मांग है. इसी तरह, शादी के लिए लोग जमकर सोने की ज्वैलरी खरीद रहे हैं. इसलिए दीपावली आते-आते बाजारों में सभी प्रकार के ज्वैलरी आइटम की मांग बढ़ेगी, जिससे इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद है. आपको बता दें कि इसी महीने चांदी के भाव में 9.39 प्रतिशत यानी 21,500 रुपए प्रति किलो के हिसाब से सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है.
दीपावली तक चांदी के भाव में आ सकती है तेजी
इसलिए जयपुर के बाजारों के अधिकांश ज्वैलरी विश्लेषकों का कहना है कि दीपावली तक चांदी के भाव में तेजी आएगी. इससे चांदी की गिरावट से परेशान लोगों को राहत मिल सकती है. फिलहाल, अमेरिका में स्पॉट सिल्वर की कीमत 55 डॉलर प्रति आउंस है. इस कीमत पर 15 प्रतिशत कस्टम ड्यूटी और 3 प्रतिशत जीएसटी (प्रभावी टैक्स 18.45 प्रतिशत) जोड़ने के बाद भारत में चांदी की लैंडिंग कीमत 1.82 लाख से 1.85 लाख रुपए प्रति किलो आ रही है. इसलिए चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है.



