Udaipur News: लेकसिटी में दिवाली का ग्रैंड सेलिब्रेशन, विदेशी पर्यटकों के लिए खास थीम पार्टी और शाही पैकेज

Last Updated:October 27, 2026, 19:06 IST
Diwali In Udaipur: उदयपुर में दिवाली 2026 को खास बनाने के लिए होटल और रिसॉर्ट में तैयारियां शुरू हो गई हैं, पर्यटकों के लिए थीम पार्टी, पारंपरिक सजावट और शाही मेहमाननवाजी वाले विशेष पैकेज तैयार किए जा रहे हैं. यहां तीन दिन के पैकेज करीब 18 हजार रुपए से शुरू होकर लग्जरी सुविधाओं के साथ 10 लाख रुपए तक पहुंच सकते हैं.
उदयपुर शहर अपनी खूबसूरती, झीलों और ऐतिहासिक महलों के लिए दुनियाभर में मशहूर है, यहां घूमने आने वाले पर्यटकों को शहर की खूबसूरती के साथ-साथ यहां होने वाले खास आयोजनों का भी इंतजार रहता है. अब दिवाली का त्योहार नजदीक है, ऐसे में उदयपुर में इसकी तैयारियां भी शुरू हो गई हैं. शहर के होटल और रिसॉर्ट में दिवाली को खास बनाने के लिए अलग-अलग तरह की थीम पार्टी और विशेष पैकेज तैयार किए जा रहे हैं.
दिवाली के मौके पर उदयपुर आने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए यहां की परंपराएं और त्योहार एक अलग अनुभव लेकर आते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए कई होटल और रिसॉर्ट में दिवाली थीम पर खास आयोजन किए जाते हैं. इन आयोजनों में भारतीय पारंपरिक सजावट, रोशनी, पारंपरिक परिधान और त्योहार से जुड़ी गतिविधियों को शामिल किया जाता है. इसका मकसद पर्यटकों को सिर्फ घूमने का अनुभव देना नहीं, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति और दिवाली के महत्व को करीब से समझने का मौका देना भी है.
अगर दिवाली के इन खास पैकेज की बात करें तो होटल और रिसॉर्ट में ठहरने के लिए अलग-अलग बजट के विकल्प मिलते हैं. शुरुआती पैकेज करीब 18 हजार रुपए से तीन दिन के लिए शुरू हो सकते हैं, जबकि लग्जरी होटल में ठहरने और खास सुविधाओं वाले पैकेज की कीमत 10 लाख रुपए तक पहुंच सकती है. पैकेज की कीमत होटल, ठहरने की अवधि, सुविधाओं और आयोजन के स्तर के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है. लग्जरी होटल में ठहरने वाले पर्यटकों के लिए दिवाली को यादगार बनाने के लिए खास सजावट और विशेष अनुभवों पर ध्यान दिया जाता है.
Add as Preferred Source on Google
होटलों और रिसॉर्ट के अलावा दिवाली के दौरान उदयपुर के बाजारों में भी अलग ही रौनक देखने को मिलती है. शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानदार अपनी दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाते हैं. कहीं रंग-बिरंगी लाइटें लगाई जाती हैं तो कहीं पारंपरिक सजावट के जरिए ग्राहकों को आकर्षित किया जाता है. कपड़ों, गहनों, मिठाइयों, सजावटी सामान और गिफ्ट की दुकानों पर त्योहार की तैयारियां नजर आने लगती हैं. बाजारों की यह रौनक स्थानीय लोगों के साथ-साथ शहर में घूमने आने वाले पर्यटकों को भी आकर्षित करती है.
उदयपुर नगर निगम की ओर से भी दिवाली के मौके पर शहर में विशेष आयोजन किए जाते हैं. निगम की ओर से दिवाली के अवसर पर दस दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें कई सांस्कृतिक कार्यक्रम रखे जाते हैं. इन कार्यक्रमों में बड़े कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देते हैं और शहरवासियों को मनोरंजन का मौका मिलता है. ऐसे आयोजन त्योहार के माहौल को और खास बनाते हैं. मेले में लोगों को एक साथ घूमने-फिरने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने का अवसर मिलता हैं.
दिवाली के दौरान उदयपुर के प्रमुख चौराहों और बड़े मार्गों को भी सजाया जाता है, रोशनी और आकर्षक सजावट से शहर का नजारा बदल जाता है. शाम होते ही जगमगाती लाइटें और सजे हुए बाजार लोगों का ध्यान खींचते हैं. यही वजह है कि दिवाली के मौके पर उदयपुर आने वाले पर्यटकों के लिए यह यात्रा सिर्फ घूमने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उन्हें यहां के त्योहार, संस्कृति और मेहमाननवाजी को करीब से जानने का मौका भी मिलता है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
October 27, 2026, 19:06 IST



