शेखावतों की वीरता से धार्मिक सद्भाव तक, बादलगढ़ में समाया है झुंझुनूं का गौरवशाली इतिहास

झुंझुनूं. झुंझुनूं की पहाड़ी पर स्थित बादलगढ़ केवल एक ऐतिहासिक गढ़ नहीं, बल्कि शेखावाटी की वीरता, स्थापत्य कला, आस्था और आपसी भाईचारे की अनूठी विरासत है. इसकी दीवारें शेखावत शासन की विजयगाथा बयां करती हैं, तो यहां स्थित मंदिर और दरगाह धार्मिक सद्भाव का संदेश देते हैं. सदियों का इतिहास अपने भीतर समेटे यह गढ़ आज भी झुंझुनूं की ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
बादलगढ़ का इतिहास 16वीं शताब्दी से जुड़ा है. उस समय झुंझुनूं पर कायमखानी नवाबों का शासन था. तत्कालीन नवाब फैजल खान ने शहर की ऊंची पहाड़ी पर इस गढ़ का निर्माण करवाया था. उस समय इसका नाम फैजलगढ़ था. पहाड़ी पर स्थित होने के कारण यहां से शहर की पूर्व, उत्तर और दक्षिण दिशाओं पर निगरानी रखी जा सकती थी. हथियारों को सुरक्षित रखने के लिहाज से भी यह गढ़ महत्वपूर्ण था.
नवाब को हराकर शार्दुल सिंह ने स्थापित किया शेखावत शासनइतिहास के अनुसार, आमेर-जयपुर के शेखावत शासक शार्दुल सिंह ने अपने राज्य का विस्तार करते हुए जीणमाता, टोकछिलरी, किरोड़ी और लोहार्गल के रास्ते झुंझुनूं की ओर रुख किया. वर्ष 1730 में उन्होंने तत्कालीन नवाब रोहिला खान को पराजित कर गढ़ पर अधिकार कर लिया. इसके बाद इसका नाम बादलगढ़ रखा गया. मान्यता है कि पहाड़ी पर बादलों के बीच स्थित होने के कारण इसे यह नाम मिला. बादलगढ़ पर विजय शेखावत शासन के विस्तार की महत्वपूर्ण कड़ी बनी. इसके बाद शार्दुल सिंह ने आसपास के अन्य नवाबों को पराजित कर जिले के बड़े हिस्से पर अपना अधिकार स्थापित किया. उन्होंने इस गढ़ की जिम्मेदारी अपने पांचवें बेटे ठाकुर केसरी सिंह को सौंपी.
केसरी सिंह ने मंदिर बनवाकर स्थापित कीं देवी-देवताओं की प्रतिमाएंवर्ष 1737 में ठाकुर केसरी सिंह ने बादलगढ़ में मंदिर का निर्माण करवाया. यहां भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की खड़ी प्रतिमाओं के साथ भगवान शिव और मां दुर्गा की प्रतिमाएं भी स्थापित की गईं. शेखावत शासनकाल में धनतेरस, दीपावली, रामनवमी, दशहरा और नवरात्र पर विशेष पूजा-अर्चना होती थी. इन अवसरों पर शस्त्र पूजन की परंपरा भी रही. इस तरह बादलगढ़ केवल शासन और सुरक्षा का केंद्र नहीं रहा, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण स्थल बना. यहां की परंपराएं क्षेत्र के इतिहास और तत्कालीन सामाजिक जीवन की झलक प्रस्तुत करती हैं.
मंदिर और दरगाह से मिलता है भाईचारे का संदेशबादलगढ़ की सबसे खास पहचान यहां मौजूद धार्मिक स्थलों की निकटता है. गढ़ की एक तरफ दुर्गा मंदिर है, जबकि दूसरी ओर हजरत इस्माइल रहमतुल्ला अलैह की दरगाह स्थित है. ये दोनों स्थल इस क्षेत्र की साझा सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था की विविधता को दर्शाते हैं. इतिहास के अनुसार, गढ़ पर अधिकार के बाद शार्दुल सिंह ने दरगाह वाले हिस्से को गढ़ के भीतर से अलग करते हुए दीवार बनवाई थी. गढ़ के अंदर मां दुर्गा और बजरंग बली के छोटे मंदिर भी बनवाए गए. गढ़ के प्रवेश द्वार की बनावट में भी बदलाव किया गया. बाद में बिरला परिवार के जुगलकिशोर बिरला ने दुर्गा मंदिर को वर्तमान स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
बिरला परिवार ने संग्रहालय बनाने की योजना बनाईआजादी के बाद राजपरिवारों से जुड़े नियमों में बदलाव के साथ बादलगढ़ के स्वामित्व में भी परिवर्तन हुआ. वर्ष 1950 में राजाओं के पास एक ही महल या गढ़ रखने संबंधी आदेशों के बाद तत्कालीन शासक रावल हरनाथ सिंह शेखावत ने इसे एलएन बिरला को बेच दिया. बिरला परिवार की योजना यहां संग्रहालय बनाने की थी. इसके लिए देखरेख समिति का गठन किया गया. समिति के पहले अध्यक्ष रावल मदन सिंह नवलगढ़ बने. बाद में डूंडलोद के रघुवीर सिंह शेखावत को अध्यक्ष बनाया गया. कुछ वर्ष पहले तक यहां शार्दुल सिंह की जयंती और दशहरे पर पूजा-अर्चना के आयोजन होते थे. नवरात्र के दौरान विशेष पूजा और जागरण की परंपरा भी रही है. वर्तमान में यह गढ़ डूंडलोद ठिकाने के अंतर्गत आता है.
इतिहास को सहेजने की संभावना, पर्यटन के लिए भी बन सकता है आकर्षणबादलगढ़ झुंझुनूं की उन ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है, जो नई पीढ़ी को अपने क्षेत्र के गौरवशाली अतीत से जोड़ सकती हैं. यहां शेखावत शासन की विजयगाथा, पारंपरिक स्थापत्य, मंदिरों की धार्मिक परंपराओं और दरगाह के साथ साझा विरासत को एक साथ समझने का अवसर मिलता है. यदि इस गढ़ की नियमित देखरेख, ऐतिहासिक संरचनाओं का संरक्षण और इसके इतिहास का व्यवस्थित प्रचार-प्रसार किया जाए, तो बादलगढ़ को क्षेत्र की प्रमुख ऐतिहासिक पहचान के रूप में और बेहतर ढंग से सामने लाया जा सकता है. इससे स्थानीय इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ विरासत पर्यटन की संभावनाओं को भी बल मिल सकता है. बादलगढ़ की असली पहचान इसकी दीवारों में दर्ज विजयगाथा के साथ उस विरासत में भी है, जो इतिहास, आस्था और भाईचारे को एक सूत्र में पिरोती है. इसे सहेजना झुंझुनूं के गौरवशाली अतीत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा.



