Patrick Stewart Death: ‘स्टार ट्रेक’ के दिग्गज एक्टर पैट्रिक स्टीवर्ट का निधन, 86 साल में थमी सांसे, इंडस्ट्री में शोक

नई दिल्ली. हॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. दिग्गज एक्टर पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 साल की उम्र में निधन हो गया है. वह ‘स्टार ट्रेक’ और ‘एक्स-मेन’ जैसी मशहूर फ्रेंचाइजी का अहम हिस्सा रहे थे. इन फिल्मों में उनके किरदारों को दुनियाभर में खूब पसंद किया गया. एक्टर ने 28 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली. वह अल्जाइमर बीमारी और लेवी बॉडी डिमेंशिया से जूझ रहे थे. उनके निधन की खबर से हॉलीवुड में शोक की लहर है. कई कलाकारों और फिल्म स्टूडियो ने उन्हें भावुक अंदाज में याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
पैट्रिक स्टीवर्ट के निधन की दुखद जानकारी उनके लंबे समय से प्रवक्ता रहीं केली बुश नोवाक ने दी. दिग्गज एक्टर के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर भी इस दुखद खबर की पुष्टि की गई. पोस्ट के मुताबिक, उन्होंने अल्जाइमर और लेवी बॉडी डिमेंशिया के साथ कुछ समय तक संघर्ष किया. उनका निधन परिवार और करीबियों की मौजूदगी में हुआ.
कैसा था पैट्रिक स्टीवर्ट का आखिरी समय
परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पैट्रिक स्टीवर्ट ने अपने आखिरी समय में अपनों के बीच सुकून के पल बिताए. उनके आस-पास संगीत, प्रार्थना, आंसू और हंसी का माहौल था. परिवार ने फूल भेजने के बजाय लोगों से अल्जाइमर रिसर्च और मरीजों की देखभाल से जुड़े संस्थानों को आर्थिक मदद देने की अपील की है. इसके लिए जॉन्स हॉपकिन्स अल्जाइमर डिजीज रिसर्च सेंटर और अल्जाइमर्स फाउंडेशन ऑफ अमेरिका का नाम दिया गया है.
पैट्रिक स्टीवर्ट के ऑफिशियल पेज पर ये दुखद खबर आई.
ह्यू जैकमैन और विलियम शैटनर ने दी श्रद्धांजलि
पैट्रिक के निधन की खबर सामने आते ही उनके साथी कलाकारों ने उन्हें याद किया. ‘एक्स-मेन’ में वूल्वरिन का किरदार निभाने वाले अभिनेता ह्यू जैकमैन ने भावुक पोस्ट साझा किया. उन्होंने पैट्रिक को शानदार कलाकार के साथ बेहतरीन दोस्त बताया. जैकमैन ने लिखा कि उन्होंने उनसे बहुत कुछ सीखा है. वह उन्हें जिंदगी भर याद करेंगे.
वहीं, ‘स्टार ट्रेक’ में कैप्टन जेम्स टी. किर्क का किरदार निभाने वाले विलियम शैटनर ने भी दुख जताया. उन्होंने कहा कि पैट्रिक उनके दोस्त, साथी और शानदार एक्टर थे. कैप्टन पिकार्ड के किरदार के जरिए उन्होंने दर्शकों को इंसानियत और समझदारी का संदेश दिया. शैटनर ने उनकी पत्नी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.
मार्वल स्टूडियोज ने भी ऑफिशियल बयान जारी कर अभिनेता को श्रद्धांजलि दी. स्टूडियो ने कहा कि पैट्रिक ने प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर के किरदार को असाधारण गरिमा, समझदारी और इंसानियत के साथ पर्दे पर उतारा. उन्होंने कई पीढ़ियों के दर्शकों के लिए इस किरदार को यादगार बना दिया.
पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए पैट्रिक
पैट्रिक स्टीवर्ट अपने पीछे पत्नी सनी ओजेल और दो बच्चों को छोड़ गए हैं. सनी ओजेल एक सिंगर हैं. एक्टर ने उनसे तीसरी शादी की थी. उनके दोनों बच्चे डेनियल और सोफिया पहली पत्नी और एक्ट्रेस शीला फाल्कनर से हैं.
60 साल से ज्यादा का रहा एक्टिंग करियर
पैट्रिक स्टीवर्ट का अभिनय करियर करीब छह दशक तक चला. उन्होंने थिएटर, फिल्मों और टेलीविजन में अपनी अलग पहचान बनाई. उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता ‘स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जनरेशन’ में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड के किरदार से मिली. यह सीरीज 1987 से 1994 तक प्रसारित हुई थी. इसके अलावा उन्होंने ‘एक्स-मेन’ फ्रेंचाइजी में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर का किरदार निभाया. इस रोल में वह ह्यू जैकमैन के साथ नजर आए. उनके अभिनय की खास बात उनकी दमदार आवाज और डायलॉग डिलीवरी थी.
थिएटर की दुनिया में भी बड़ा योगदान
थिएटर की दुनिया में भी उनका बड़ा योगदान रहा. उन्होंने रॉयल शेक्सपियर कंपनी के साथ लंबे समय तक काम किया. साल 1971 में ‘ए मिडसमर नाइट्स ड्रीम’ के जरिए ब्रॉडवे पर डेब्यू किया. उन्होंने ‘एंटनी एंड क्लियोपेट्रा’, ‘मैकबेथ’ और ‘हैमलेट’ जैसे नाटकों में भी एक्टिंग की. उनके शानदार काम के लिए उन्हें कई अवॉर्ड्स मिले. इनमें लॉरेंस ओलिवियर अवॉर्ड और ग्रैमी अवॉर्ड शामिल हैं. साल 2010 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने उन्हें एक्टिंग के क्षेत्र में योगदान के लिए नाइटहुड की उपाधि दी थी.
आखिरी बार इस फिल्म में आएंगे नजर
पैट्रिक स्टीवर्ट की आखिरी सिनेमाई मौजूदगी मार्वल की फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ में देखने को मिलेगी. यह फिल्म भारत में 17 दिसंबर को रिलीज होने वाली है. उनके निधन के बाद यह फिल्म उनके फैंस के लिए और भी भावुक हो सकती है.



