7 Mimicry Animals : प्रकृति के 7 सबसे बड़े बहुरुपिए, मरने का नाटक करते हैं, रूप-आवाज सब बदल लेते हैं ये जीव

Last Updated:October 30, 2026, 21:14 IST
कुदरत में जिंदा रहने के लिए हर बार ताकत या बड़े साइज की जरूरत नहीं होती है. कई जीव खुद को कुछ और ही रूप में दिखाकर दुश्मनों से बच जाते हैं या फिर अपना शिकार आसानी से दबोच लेते हैं. प्रकृति के इस शातिर और हैरान कर देने वाले खेल को ‘मिक्री’ यानी नकल करने की कला कहा जाता है. धरती पर 7 ऐसे गजब के जीव हैं, जो जिंदा रहने के लिए दूसरों की ऐसी भयानक नकल करते हैं कि देखने वाले भी धोखा खा जाएं.
मिमिक ऑक्टोपस : दक्षिण-पूर्व एशिया के उथले समंदर में मिलने वाला मिमिक ऑक्टोपस इस दुनिया का सबसे शातिर बहुरुपिया माना जाता है. ये अकेला ऐसा जीव है जो अपनी जरूरत और खतरे के हिसाब से कई अलग-अलग जीवों का रूप और उनकी चाल-ढाल चुटकियों में कॉपी कर सकता है. जब इसे किसी शिकारी से खतरा महसूस होता है, तो ये तुरंत जहरीली लायनफिश, खतरनाक समुद्री सांप या फिर चपटी मछली का रूप धर लेता है. अपनी इस गजब की क्षमता से ये बड़े शिकारियों को पूरी तरह भ्रमित कर देता है. इसके इस अनोखे ड्रामे की वजह से शिकारी इसे पहचान नहीं पाते और ये अपनी जान बचाकर वहां से आसानी से निकल भागता है.
लायर्ड बर्ड : ऑस्ट्रेलिया के जंगलों में पाया जाने वाला लायर्ड बर्ड अपनी आवाज के जादू से पूरी दुनिया को हैरान कर देता है. इस पक्षी के अंदर प्रकृति ने ऐसी खूबी डाली है कि ये दुनिया की लगभग कोई भी आवाज हूबहू नकल करके निकाल सकता है. जंगल के दूसरे पक्षियों की बोलियों के अलावा ये इंसानों की दुनिया की आवाजों जैसे कार का सायरन, कैमरा का शटर और कटर मशीन की आवाज भी एकदम साफ निकाल लेता है. ये खतरनाक और अजीबोगरीब आवाजें ये सिर्फ अपना मनोरंजन करने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए निकालता है. जब कोई शिकारी इसके आसपास आता है, तो ये वैसी ही खतरनाक आवाजें निकालकर उसे डरा देता है और साथ ही अपने हमसफर को लुभाने के लिए भी इसका इस्तेमाल करता है.
जोन-टेल्ड हॉक : शिकारी पक्षियों की दुनिया में जोन-टेल्ड हॉक ने शिकार करने का एक बहुत ही शातिर और दिमाग हिला देने वाला तरीका निकाला है. ये बाज बिल्कुल ‘टर्की वल्चर’ यानी गिद्ध जैसा दिखाई देता है, जो कि एक मुर्दाखोर पक्षी है और छोटे जीवों के लिए कोई खतरा नहीं होता है. जब ये बाज आसमान में उड़ता है, तो नीचे बैठे छोटे जानवर और जीव इसे खतरनाक शिकारी नहीं बल्कि सीधा-साधा गिद्ध समझ लेते हैं. इस वजह से वे बिल्कुल भी सतर्क नहीं होते और बेखौफ होकर खुले में घूमते रहते हैं. ये बाज चुपचाप उन बेकसूर जानवरों के साथ आसमान में मंडराता रहता है और जैसे ही मौका मिलता है, अचानक झपट्टा मारकर उन्हें अपना आसान शिकार बना लेता है.
Add as Preferred Source on Google
वासरॉय बटरफ्लाई : तितलियों की दुनिया में वासरॉय बटरफ्लाई का ये रूप किसी फिल्मी धोखे से कम नहीं है. पहली नजर में देखने पर ये तितली बिल्कुल ‘मोनाच बटरफ्लाई’ जैसी दिखाई देती है, और ये कोई इत्तेफाक बिल्कुल नहीं है. असल बात ये है कि मोनाच तितलियां जिस तरह के पेड़-पौधों को खाती हैं, उसकी वजह से उनके शरीर में एक अजीब सा जहर या कड़वाहट पैदा हो जाती है, जिसे शिकारी पक्षी खाना बिल्कुल पसंद नहीं करते हैं. इस बात का फायदा वासरॉय तितली उठाती है और हूबहू मोनाच जैसी नकल करके घूमती है. शिकारी पक्षी इन दोनों में फर्क ही नहीं कर पाते और डर के मारे दोनों से ही दूर रहते हैं, जिससे ये छोटी सी तितली अपनी जान बचा लेती है.
एल्कोन ब्लू बटरफ्लाई : एल्कोन ब्लू बटरफ्लाई के बच्चे यानी इल्लियां (Caterpillars) बचपन में ही ऐसा गजब का धोखा देती हैं कि जानकर दिमाग सुन्न हो जाता है. जब ये अंडे से बाहर आती हैं, तो जमीन पर गिरकर एक खास तरह की खुशबू छोड़ने लगती हैं, जो बिल्कुल चीटियों के बच्चों जैसी महकती है. इस खुशबू के झांसे में आकर समझदार चीटियां इन्हें अपना ही बच्चा समझ लेती हैं और उठाकर अपने सुरक्षित घोंसले के अंदर ले जाती हैं. उस घोंसले के अंदर चीटियां इन नन्हे मेहमानों को अपने बच्चों की तरह पालती-पोसती हैं, उन्हें भरपेट खाना खिलाती हैं और पूरी हिफाजत करती हैं. इस तरह ये चालाक तितली अपनी जिंदगी के सबसे कमजोर दौर में चीटियों को ही अपना बॉडीगार्ड बना लेती है.
स्पाइडर-टेल्ड हॉर्नेड वाइपर : ईरान के रेगिस्तानों और पथरीले इलाकों में पाया जाने वाला ये जहरीला सांप शिकार करने के मामले में सबसे बड़ा खिलाड़ी है. इस सांप की पूंछ का पिछला हिस्सा बिल्कुल एक मकड़ी जैसा दिखता है और हिलता भी वैसे ही है. जब कोई भूखा छोटा पक्षी उस पूंछ को देखता है, तो उसे असली मकड़ी या कीड़ा समझकर झपट्टा मारने की गलती कर बैठता है. जैसे ही पक्षी उस नकली मकड़ी को पकड़ने नजदीक पहुंचता है, ये छिपा हुआ खतरनाक सांप फुफकारते हुए उस पर हमला बोल देता है. इस सांप का बाकी शरीर पत्थरों के बीच पूरी तरह छिपा रहता है, जिससे शिकार को आखिरी पल तक अपनी मौत का अंदाजा ही नहीं लग पाता है.
मैंटिस : प्रकृति में छिपकर वार करने और खुद को बचाने का सबसे बेहतरीन उदाहरण मैंटिस की अलग-अलग प्रजातियां हैं. इसके शरीर की बनावट ऐसी होती है कि ये किसी पौधे की सूखी पत्ती, डंठल या पेड़ की हरी टहनी जैसा दिखाई देता है, जिससे दुश्मन इसे पहचान नहीं पाते. लेकिन इसमें भी ‘ऑर्किड मैंटिस’ नाम की मादा मैंटिस का खेल सबसे ज्यादा शातिर और खूबसूरत होता है. इसका शरीर देखने में बिल्कुल सुंदर ऑर्किड के फूल जैसा लगता है, और इसके शरीर का रंग असली फूलों से भी ज्यादा चमकदार होता है. इसकी इस खूबसूरती के जाल में फंसकर छोटे-छोटे पराग खाने वाले कीड़े इसके पास खींचे चले आते हैं, और ये फूल बनकर उनका शिकार कर लेती है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
October 30, 2026, 21:14 IST



