WhatsApp Group Chat बदलने वाली है! एक दो नहीं मिलने वाले हैं 4 नए फीचर्स, जानें बदलाव के बारे में

WhatsApp ने ग्रुप चैट को पहले से ज्यादा आसान और बेहतर बनाने के लिए चार नए फीचर्स पेश किए हैं. इनकी मदद से नए मेंबर्स के लिए ग्रुप में चल रही पुरानी बातचीत को समझना आसान होगा, वहीं मौजूदा यूजर्स भी जरूरी मैसेज और अपडेट आसानी से देख सकेंगे.
नए अपडेट में मैसेज हिस्ट्री शेयर करने, मैसेज को हमेशा के लिए पिन करने, मेंशन के आधार पर मैसेज फिल्टर करने और ग्रुप में अलग से Status शेयर करने की सुविधा शामिल है. कंपनी के मुताबिक, इन फीचर्स का मकसद ग्रुप में बातचीत को बेहतर तरीके से मैनेज करना और नए मेंबर्स को पुरानी चर्चा से जोड़ना है.
1-WhatsApp पर अब मैसेज हमेशा के लिए कर सकेंगे Pin: वॉट्सऐप फिलहाल ग्रुप चैट में एक बार में अधिकतम चार मैसेज पिन करने की सुविधा देता है. यूजर्स किसी मैसेज को 24 घंटे, 7 दिन या 30 दिन तक पिन रख सकते हैं. अब कंपनी ने इसमें हमेशा के लिए पिन करने का विकल्प भी जोड़ दिया है.
इससे ग्रुप के जरूरी मैसेज, जैसे नियम, जरूरी जानकारी या किसी इवेंट की डिटेल लंबे समय तक सबसे ऊपर रखी जा सकेगी. यूजर्स को बार-बार मैसेज पिन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
2-नए मेंबर्स के साथ शेयर कर सकेंगे पुरानी Chat History: वॉट्सऐप का दूसरा नया फीचर उन लोगों के काम आएगा, जिन्हें किसी ग्रुप में बाद में जोड़ा जाता है. अब ग्रुप एडमिन और मैनेजर नए मेंबर के जुड़ने के बाद उसे हाल के मैसेज की हिस्ट्री शेयर कर सकेंगे.
इसके लिए ग्रुप में हाल ही में जुड़े मेंबर के नाम पर टैप करके मैसेज हिस्ट्री शेयर की जा सकेगी. कंपनी का कहना है कि शेयर किए जाने वाले मैसेज भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगे.
Photo: WhatsApp
पहले भी WhatsApp नए मेंबर को ग्रुप में जोड़ते समय एडमिन को मैसेज हिस्ट्री शेयर करने का विकल्प देता था. लेकिन अगर एडमिन उस समय हिस्ट्री शेयर करना भूल जाता था, तो बाद में यह काम करना आसान नहीं था. नए फीचर से अब छूटे हुए मेंबर्स के साथ भी पुरानी बातचीत शेयर की जा सकेगी.
3-Mentions से आसानी से खोज सकेंगे मैसेज: तीसरे फीचर के तहत WhatsApp ग्रुप चैट में मेंशन के आधार पर मैसेज फिल्टर करने की सुविधा दे रहा है. इस फिल्टर को लगाने पर चैट विंडो में वे मैसेज हाइलाइट होंगे, जिनमें किसी यूजर को टैग किया गया है.
बड़े ग्रुप में लगातार आने वाले मैसेज के बीच अपने मेंशन को ढूंढना अब आसान हो सकता है. इससे जरूरी बातचीत मिस होने की संभावना भी कम होगी.
4-WhatsApp Group में शेयर कर सकेंगे अलग Status: चौथा फीचर Group Status है. इसकी मदद से यूजर्स अपना Status किसी खास WhatsApp ग्रुप के सदस्यों के साथ शेयर कर सकेंगे. यानी हर बार सभी कॉन्टैक्ट्स के साथ Status शेयर करने के बजाय उसे चुनिंदा ग्रुप तक सीमित रखा जा सकेगा.
यह फीचर WhatsApp के सामान्य Status की तरह काम करेगा. इसमें शेयर की गई फोटो या वीडियो 24 घंटे बाद अपने आप गायब हो जाएगी. ग्रुप के दूसरे सदस्य उस Status पर रिएक्ट कर सकेंगे और अपना Status भी शेयर कर पाएंगे.
इन चारों फीचर्स के आने से WhatsApp ग्रुप में पुरानी बातचीत समझना, जरूरी मैसेज संभालना और चुनिंदा लोगों के साथ अपडेट शेयर करना पहले से आसान हो सकता है.



