Tips and Tricks: घर की टाइल्स से आ रही है टक-टक की आवाज? दिवाली से पहले ऐसे करें ठीक, सिंपल है तरीका

Last Updated:November 01, 2026, 07:36 IST
How to Repair Floor Tiles: क्या आपके घर में फर्श पर चलते ही टाइल्स से खट-खट की आवाज आती है? अगर हां, तो यह टाइल्स के नीचे खाली जगह या उनकी कमजोर पकड़ का संकेत हो सकता है. टाइल्स लगाने के दौरान पर्याप्त सीमेंट या एडहेसिव नहीं लगने, समय के साथ जोड़ कमजोर होने और नमी के कारण यह समस्या पैदा हो सकती है. टाइल्स एक्सपर्ट राजेश शर्मा के अनुसार, सबसे पहले यह जांचना जरूरी है कि टाइल केवल खोखली आवाज कर रही है या वास्तव में हिल भी रही है. अगर टाइल में दरार है या वह अपनी जगह से उठ रही है तो उसे दोबारा लगवाना बेहतर है. इसके लिए टाइल निकालकर नीचे की सतह साफ की जाती है और सही एडहेसिव से दोबारा लगाया जाता है. दिवाली की सफाई के दौरान टाइल्स की इस समस्या को अनदेखा न करें.
दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घरों में साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का काम शुरू हो जाता है. लोग घर के कोने-कोने को चमकाने में जुट जाते हैं. इस दौरान कई बार घर की फर्श पर लगी टाइल्स भी लोगों का ध्यान खींचती हैं. खासकर कुछ घरों में ऐसी समस्या देखने को मिलती है, जहां फर्श पर चलने के दौरान टाइल्स से खट-खट या खोखली आवाज आने लगती है.
कई बार टाइल्स पर पैर रखते ही उनके हिलने या चटकने जैसी आवाज भी महसूस होती है. अगर आपके घर में भी ऐसी समस्या है तो दिवाली की सफाई के दौरान इसे नजरअंदाज करने के बजाय ठीक करवाने पर ध्यान देना चाहिए. निर्माण कार्य से जुड़े टाइल्स एक्सपर्ट राजेश शर्मा बताते हैं कि टाइल से आवाज आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. इनमें टाइल्स लगाते समय नीचे पर्याप्त सीमेंट या टाइल एडहेसिव का इस्तेमाल नहीं होना, फर्श और टाइल्स के बीच खाली जगह रह जाना तथा समय के साथ जोड़ कमजोर होना प्रमुख कारण है.
कई बार तापमान में बदलाव और नमी के कारण भी टाइल्स की पकड़ प्रभावित हो सकती है. ऐसी स्थिति में टाइल्स के नीचे हवा या खाली जगह होने से उन पर पैर रखने पर खोखली आवाज सुनाई देती है. अगर घर की टाइल्स से आवाज आ रही है तो सबसे पहले यह पता लगाना जरूरी है कि समस्या कितनी बड़ी है. इसके लिए टाइल्स पर हल्के हाथ से लकड़ी के छोटे हैंडल या प्लास्टिक के किसी ठोस हिस्से से धीरे-धीरे थपथपाकर देखें. जिस जगह से खोखली आवाज आती है, वहां टाइल के नीचे खाली जगह होने की आशंका हो सकती है.
Add as Preferred Source on Google
एक्सपर्ट के अनुसार अगर किसी टाइल में हल्की खोखली आवाज आ रही है, लेकिन वह पूरी तरह अपनी जगह पर मजबूत है और उसमें दरार नहीं है, तो पहले उसकी स्थिति की जांच करवानी चाहिए. वहीं यदि टाइल हिल रही है, किनारे ऊपर उठ रहे हैं या उसमें दरार आ गई है तो उसे दोबारा सही तरीके से लगवाना बेहतर विकल्प है.
ऐसी स्थिति में प्रभावित टाइल को सावधानीपूर्वक निकालकर उसके नीचे की सतह को अच्छी तरह साफ किया जाता है. इसके बाद उपयुक्त टाइल एडहेसिव या मोर्टार की मदद से टाइल को दोबारा लगाया जाता है. साथ ही, टाइलों के बीच बने जोड़ों को भी सही तरीके से भरा जाता है, ताकि टाइल मजबूती से अपनी जगह पर टिक सके और दोबारा उखड़ने या ढीली होने की समस्या न आए.
कई लोग टाइल्स से आवाज आने पर उसके किनारों में सीमेंट या फेविकोल भरकर समस्या दूर करने की कोशिश करते हैं. लेकिन बिना कारण की जांच किए ऐसा करना स्थायी समाधान नहीं है. इसी तरह टाइल्स पर बहुत ज्यादा पानी डालकर सफाई करने से बचना चाहिए, खासकर जब उनके जोड़ पहले से कमजोर हों. यदि टाइल्स में दरार है या वे हिल रही हैं तो उन पर ज्यादा दबाव न डालें.
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंडिया✅देखें.First Published :
November 01, 2026, 07:36 IST



