Diwali Special Train: दीपावली-छठ पर रेलवे का बड़ा तोहफा, 16 जोड़ी ट्रेनों में बढ़ेंगे 39 कोच; वेटिंग से मिलेगी राहत

Last Updated:November 01, 2026, 11:52 IST
Diwali Special Train: दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. नवंबर में 16 जोड़ी ट्रेनों में 39 अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे. इनमें AC, स्लीपर और जनरल श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं. 1 नवंबर से चरणबद्ध तरीके से शुरू होने वाली इस व्यवस्था से जयपुर, जोधपुर, इंदौर, मुंबई, दिल्ली और वाराणसी रूट के यात्रियों को राहत मिलेगी.
जोधपुर. दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ते यात्रीभार और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने 16 जोड़ी रेलसेवाओं में 39 अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय किया है. इन कोचों में एसी, शयनयान और साधारण श्रेणी के डिब्बे शामिल होंगे. अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था रविवार, 1 नवंबर से चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी. रेलवे के इस फैसले से जोधपुर मंडल और आसपास के क्षेत्रों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक बर्थ उपलब्ध हो सकेंगी.
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. संबंधित ट्रेनों में निर्धारित तिथियों के अनुसार अस्थायी रूप से कोच बढ़ाए जाएंगे. इससे यात्रियों को आरक्षित और सामान्य दोनों श्रेणियों में यात्रा के अधिक विकल्प मिल सकेंगे.
इन प्रमुख ट्रेनों में लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच
रेलवे के अनुसार, जयपुर-जोधपुर-जयपुर ट्रेन (22977/22978) में एक फर्स्ट कम सेकंड एसी और एक थर्ड एसी कोच बढ़ाया जाएगा. वहीं, जोधपुर-इंदौर-जोधपुर ट्रेन (14801/14802) में दो शयनयान और तीन साधारण श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे. इंदौर-भगत की कोठी रणथंभोर एक्सप्रेस (12465/12466) में भी दो शयनयान और तीन साधारण कोच बढ़ेंगे. जोधपुर से वाराणसी सिटी के बीच चलने वाली मरुधर एक्सप्रेस की तीन जोड़ी ट्रेनों (14854/14853, 14864/14863 और 14866/14865) में प्रत्येक में एक थर्ड एसी कोच लगाया जाएगा.
जोधपुर-दादर रणकपुर एक्सप्रेस (14807/14808), भगत की कोठी-दादर (20483/20484) और भगत की कोठी-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल (04827/04828) में एक थर्ड एसी और दो शयनयान कोच बढ़ाए जाएंगे. इसके अलावा जैसलमेर-साबरमती (20485/20486) और साबरमती-जैसलमेर (20492/20491) रेलसेवाओं में दो थर्ड एसी और एक शयनयान कोच लगाया जाएगा. श्रीगंगानगर-पुरी (20471/20472) और श्रीगंगानगर-तिरुच्चिराप्पल्लि (22497/22498) में एक-एक थर्ड एसी कोच बढ़ेगा. भगत की कोठी-तिरुच्चिराप्पल्लि (20481/20482) में एक शयनयान कोच लगाया जाएगा. बीकानेर-दिल्ली सराय (22464/22463) और दिल्ली सराय-जोधपुर (12463/12464) रेलसेवाओं में एक थर्ड एसी, एक शयनयान और एक साधारण कोच की बढ़ोतरी होगी.
श्रेणीवार 39 अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था
रेलवे की ओर से कुल 39 अतिरिक्त डिब्बों में 15 थर्ड एसी, 15 द्वितीय शयनयान, 8 साधारण और एक फर्स्ट कम सेकंड एसी श्रेणी का कोच शामिल किया गया है. इससे त्योहारों के दौरान जयपुर, इंदौर, वाराणसी, मुंबई, साबरमती और दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी. रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन में अतिरिक्त कोच की उपलब्धता और आरक्षण की स्थिति की जानकारी अवश्य जांच लें. अतिरिक्त डिब्बे निर्धारित तिथियों के अनुसार अस्थायी रूप से लगाए जाएंगे.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jodhpur,Rajasthan
First Published :
November 01, 2026, 11:52 IST



