Congress Rally Live: रामलीला मैदान में आरजकता फैलाने की कोशिश- नड्डा का अटैक, इधर रैली के लिए डटे कार्यकर्ता

Dilli Chalo Rally Live: दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की महारैली के लिए सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है. सुबह 5:30 बजे से शुरुआती समर्थक मैदान के आसपास जुटने लगे. पुलिस और स्वयंसेवक भीड़ को संभालने में लगे हैं. सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर ने बताया कि रैली स्थल पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं. मार्च के रूट को लेकर भी योजना तैयार है. उधर गठबंधन के सांसद सुबह करीब 11 बजे कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जुटना शुरू होंगे. वहीं बड़े नेताओं का जमावड़ा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास 10 राजाजी मार्ग पर होगा. वहीं राहुल गांधी ने X पर एक रामलीला मैदान तक पहुंचने का मैप शेयर करते हुए लिखा दिल्ली तैयार हो जाओ. इस बीच केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर हमला बोला है. उन्होंने इंडिया गठबंधन की रैली को निशाना बनाते हुए कहा है कि विपक्ष आरजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है.
जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के शीर्ष नेताओं का काफिला सुबह करीब 11:45 बजे खड़गे के आवास से रवाना होगा. इसके लिए ओपन बसों की व्यवस्था की गई है. इन बसों में गठबंधन के बड़े नेता सवार होकर मार्च में शामिल होंगे. दोपहर करीब 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से ‘चलो दिल्ली’ मार्च शुरू होगा. यह मार्च रामलीला मैदान पहुंचकर रैली में शामिल होगा. विपक्ष का यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर के खिलाफ है. शनिवार को खड़गे के आवास पर विपक्ष ने प्रतीकात्मक जन महाभियोग कार्यक्रम भी किया था.
November 1, 202612:19 IST
Congress Rally Live: ‘भारत कोई बनाना रिपब्लिक नहीं’, नड्डा का राहुल गांधी पर हमला
कांग्रेस रैली लाइव: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी कान खोलकर सुन लीजिए, यह भारत है, कोई बनाना रिपब्लिक नहीं कि यहां जब चाहें आगजनी करा दें, दंगे भड़का दें और सत्ता परिवर्तन का एजेंडा चला दें.’ नड्डा ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि 1 नवंबर भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का काला दिन है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पाले हुए गुंडों ने इस दिन बेगुनाह सिखों का कत्लेआम किया था, हजारों परिवार बेघर हुए और कई महिलाएं विधवा हो गईं. नड्डा ने कहा कि दिल्ली की विधवा कॉलोनी आज भी उस भयावह इतिहास की गवाही देती है और गांधी परिवार ने अब तक सिख समाज से माफी नहीं मांगी है. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने इसी दिन रामलीला मैदान में रैली करके सिखों के जख्मों पर नमक छिड़का है.
November 1, 202612:05 IST
Dilli Chalo Rally Live: ‘आने वाला तूफान ज्ञानेश को बहा ले जाएगा’, पवन खेड़ा बोले- मोदी-शाह भी पद पर नहीं रहेंगे
दिल्ली चलो रैली लाइव: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने INDIA ब्लॉक की महारैली को लेकर कहा कि यह तूफान आने से पहले की शांति है. उन्होंने दावा किया कि आने वाला तूफान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बहा ले जाएगा और अमित शाह और नरेंद्र मोदी भी अपने पदों पर नहीं रहेंगे. न्यूज एजेंसी PTI से बातचीत में खेड़ा ने बीजेपी की रैली और विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों को होने वाले नुकसान का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने सवाल किया कि क्या व्यापारियों को नुकसान सिर्फ विपक्ष की रैली से होता है, बीजेपी की रैली से नहीं? खेड़ा ने आरोप लगाया कि किस दबाव में व्यापारियों से पत्र लिखवाए जाते हैं और फिर बीजेपी खुद रैलियां आयोजित करती है. उन्होंने कहा कि बुधवार को नितिन नवीन ने बाजार खुले रहने के दौरान रैली की थी, तब व्यापारियों को नुकसान हुआ या फायदा?
November 1, 202612:05 IST
BJP March Live: सिखों के मुद्दे पर BJP का मार्च, हरदीप सिंह पुरी करेंगे अगुवाई; कांग्रेस के खिलाफ जताएंगे विरोध
बीजेपी रैली लाइव: पश्चिमी दिल्ली में 1 नवंबर को बीजेपी और सिख समुदाय के सदस्य कांग्रेस के खिलाफ विरोध मार्च निकालेंगे. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी इस मार्च की अगुवाई करेंगे. मार्च हरि नगर DTC बस डिपो से शुरू होकर तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक जाएगा. बीजेपी और सिख समुदाय के सदस्यों का आरोप है कि कांग्रेस ने सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. इसी के विरोध में यह मार्च निकाला जा रहा है.
November 1, 202611:40 IST
Ramleela Maidan Rally Live: राहुल गांधी ने शेयर किया मार्च का मैप, पोस्ट कर बोले- दिल्ली, तैयार हो जाओ
रामलीला मैदान रैली लाइव: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने INDIA ब्लॉक की महारैली से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक मैप शेयर किया है. इसमें कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक पहुंचने का रास्ता दिखाया गया है. राहुल गांधी ने पोस्ट में लिखा, ”दिल्ली, तैयार हो जाओ! वोट बचाओ, देश बचाओ. कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं. या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं, मगर आना जरूर है.” उन्होंने मार्च का समय दोपहर 12 बजे बताया है.
दिल्ली, तैयार हो जाओ!
वोट बचाओ, देश बचाओ।
कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं। या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं – मगर, आना ज़रूर है।
आज | 🕛 दोपहर 12 बजे
#ChaloDilli https://t.co/ZnBBFCETmz
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 1, 2026
November 1, 202611:39 IST
Congress Rally Live: ‘अन्याय की हद पार हो गई’, अखिलेश यादव बोले- यूपी में 1.27 करोड़ वोट कम होने की बात अब याद आई
कांग्रेस रैली लाइव: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव INDIA ब्लॉक की महारैली में शामिल होने के लिए रामलीला मैदान पहुंचे. इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अन्याय की सारी हदें पार हो चुकी हैं. अखिलेश ने दावा किया कि यूपी के मुख्यमंत्री ने खुद माना है कि 1.27 करोड़ वोट कम हुए हैं, लेकिन उन्हें इसकी याद तब आई जब वह MLC का चुनाव हार गए. अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग डबल इंजन सरकार की बात करते थे, वे अब डबल जीरो हो गए हैं. हार स्वीकार करने के बजाय उन्होंने चुनाव आयोग से दोबारा मतगणना कराई. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर 1.27 करोड़ हिंदू वोट गायब हैं तो सरकार बताए कि यह आंकड़ा कहां से आया और इसकी जानकारी किसने दी. अखिलेश ने कहा कि अगर मंत्री इस तरह का बयान दे रहे हैं तो इसके पीछे के तथ्यों को भी स्पष्ट करना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार लाखों लाभार्थियों के नाम वोटर लिस्ट में नहीं होने की बात कर रही है. ऐसे लोगों को भी रामलीला मैदान पहुंचना चाहिए, क्योंकि यह आंदोलन अन्याय और झूठे वादों के खिलाफ है.
November 1, 202611:23 IST
Dilli Chalo Rally Live: ‘लाखों की संख्या में लोग आ रहे हैं’, संजय राउत बोले- जनता बदलना चाहती है सरकार
दिल्ली चलो रैली लाइव: शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने INDIA ब्लॉक की रामलीला मैदान में हो रही महारैली को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि रैली में लाखों की संख्या में लोग शामिल होने आ रहे हैं. लोगों को रोकने की बहुत कोशिश की जा रही है, लेकिन जितना रोकने का प्रयास होगा, उतनी ही भीड़ बढ़ेगी. राउत ने कहा कि लोग मौजूदा सरकार नहीं चाहते और सत्ता में बदलाव चाहते हैं. उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में दिखाई जाने वाली ताकत किसी एक राजनीतिक पार्टी की नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता की ताकत होगी. राउत ने यह भी कहा कि दिल्ली में इस तरह के राष्ट्रीय कार्यक्रम आगे भी लगातार होते रहेंगे.
November 1, 202611:15 IST
Ramleela Maidan Rally Live: CEC के खिलाफ INDIA ब्लॉक की रैली में शामिल होने के लिए SFI का मार्च
रामलीला मैदान रैली लाइव: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक की महारैली में शामिल होने के लिए स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार को मार्च निकाला. ANI के मुताबिक, SFI कार्यकर्ता हरकिशन सिंह सुरजीत भवन से मार्च करते हुए रामलीला मैदान पहुंचे. छात्र संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता सुबह ही सुरजीत भवन में जुटना शुरू हो गए थे. वहीं, INDIA ब्लॉक का ‘दिल्ली चलो’ मार्च दोपहर 12 बजे कनॉट प्लेस-मिंटो रोड जंक्शन से शुरू होगा.
#WATCH | Delhi: SFI leaders and workers hold a march from Surjeet Bhawan to Ramlila Maidan to join the INDIA Bloc mega rally today against CEC Gyanesh Kumar and the SIR of electoral rolls. https://t.co/RkgbCfbL1B
— ANI (@ANI) November 1, 2026
November 1, 202611:04 IST
Congress Rally Live: रामलीला मैदान में बढ़ने लगी भीड़, INDIA ब्लॉक की महारैली के लिए जुटने लगे लोग
कांग्रेस रैली लाइव: दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली से पहले लोगों का जुटना शुरू हो गया है. विपक्षी गठबंधन की इस रैली में शामिल होने के लिए समर्थक धीरे-धीरे मैदान पहुंच रहे हैं. समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, रैली शुरू होने से पहले रामलीला मैदान में भीड़ बढ़ने लगी है.
VIDEO | Delhi: Scenes from Ramlila Maidan where INDIA bloc is going to hold ‘Vote Bachao, Desh Bachao’ rally today. The supporters have started gathering at the protest site.
#INDIABloc #ChaloDilli #VoteBachaoDeshBachao https://t.co/FXrS4zoeT8
— Press Trust of India (@PTI_News) November 1, 2026
November 1, 202610:55 IST
Dilli Chalo Rally Live: 12 बजे मिंटो ब्रिज से शुरू होगा INDIA ब्लॉक का मार्च, ओपन बसों में सवार होंगे बड़े नेता
दिल्ली चलो रैली लाइव: INDIA ब्लॉक की महारैली के लिए सुबह करीब 11 बजे गठबंधन के सांसद कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जुटना शुरू होंगे. वहीं गठबंधन के शीर्ष और बड़े नेताओं का जमावड़ा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर होगा. जानकारी के मुताबिक, नेताओं का काफिला सुबह करीब 11:45 बजे खड़गे के आवास 10, राजाजी मार्ग से रवाना होगा. इसके लिए ओपन बसों की व्यवस्था की गई है, जिनमें INDIA ब्लॉक के बड़े नेता सवार होंगे. दोपहर करीब 12 बजे मिंटो ब्रिज इलाके से मार्च शुरू होगा.
November 1, 202610:45 IST
BJP Padayatra Live: राहुल गांधी की रामलीला मैदान रैली का पदयात्रा से जवाब, हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष ने विपक्ष पर बोला हमला
बीजेपी पदयात्रा लाइव: हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी और INDIA गठबंधन की रामलीला मैदान में हुई रैली का जवाब यह पदयात्रा है. उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को स्वीकार नहीं करने का आरोप लगाया और कहा कि राहुल गांधी हर रोज एक नया झूठ बोल रहे हैं. अर्चना गुप्ता ने कहा कि देश में अस्थिरता और अराजकता विपक्ष पैदा कर रहा है. उन्होंने विपक्ष की सोच को ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ की विचारधारा बताते हुए आरोप लगाया कि ये लोग भारत के टुकड़े करना चाहते हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछले दिनों कुछ आंदोलनों में विदेशी फंडिंग होने की बात सामने आई थी. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज हरियाणा दिवस भी है और इस खास मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हरियाणा आ रहे हैं.
November 1, 202610:05 IST
Dilli Chalo Rally Live: INDIA ब्लॉक की रैली में सुबह 5:30 बजे से पहुंचने लगे समर्थक, ‘दिल्ली चलो’ मार्च के लिए पुलिस का खास प्लान
दिल्ली चलो रैली लाइव: दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की महारैली के लिए रविवार सुबह 5:30 बजे से ही समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया. सेंट्रल दिल्ली के DCP रोहित राजबीर ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में बताया कि पुलिस ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यवस्थित इंतजाम किए हैं. प्रदर्शनकारियों को आयोजन स्थल तक पहुंचाने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि स्थानीय लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो. DCP ने बताया कि रामलीला मैदान में जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं. इसके अलावा कुछ घंटों बाद होने वाले ‘दिल्ली चलो’ मार्च के रूट को लेकर भी पुलिस ने विशेष योजना तैयार की है.
November 1, 202609:53 IST
Ramleela Maidan Rally Live: पंजाब से दिल्ली आ रहे प्रदर्शनकारियों को परेशानी, हरियाणा बॉर्डर पर रास्ते बंद होने से लंबा जाम
रामलीला मैदान रैली लाइव: INDIA ब्लॉक की रैली में शामिल होने के लिए पंजाब से दिल्ली आ रहे प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में भारी देरी और जाम की शिकायत की है. समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, हरियाणा बॉर्डर पर कई जगह रास्ते बंद होने और बैरिकेडिंग के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. फिरोजपुर से आए प्रदर्शनकारी बलजिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि पंजाब-हरियाणा कॉरिडोर पर बैरिकेडिंग के चलते हजारों वाहन रातभर फंसे रहे.
November 1, 202609:52 IST
Congress Rally Live: INDIA ब्लॉक की रैली में शामिल नहीं होगी CJP, संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिया समर्थन
कांग्रेस रैली लाइव: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि उनकी पार्टी INDIA ब्लॉक की रैली में शामिल नहीं होगी, लेकिन वह विपक्ष के प्रदर्शन का समर्थन करती है. दीपके ने शनिवार को कहा कि CJP एक स्वतंत्र संगठन है और वह अपनी तटस्थ पहचान बनाए रखना चाहती है. उन्होंने कहा, ‘हम कल के प्रदर्शन का समर्थन करते हैं और उसके साथ एकजुटता से खड़े हैं, लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी एक स्वतंत्र संगठन और तटस्थ मंच है. हम इसे इसी रूप में बनाए रखना चाहते हैं.’
November 1, 202609:32 IST
Ramleela Maidan Rally Live: INDIA ब्लॉक के कई बड़े नेता हो सकते हैं शामिल
रामलीला मैदान रैली लाइव: कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA ब्लॉक के कई प्रमुख नेताओं ने रैली में शामिल होने की बात कही है. राहुल गांधी के अलावा गठबंधन के दूसरे नेताओं की मौजूदगी पर भी नजर रहेगी. आयोजकों ने राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक संगठनों और नागरिक समाज से जुड़े लोगों को भी बुलाया है. रैली के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और चुनावी प्रक्रिया में सुधार की मांग उठाई जाएगी.
November 1, 202609:27 IST
Dilli Chalo Rally Live: रामलीला मैदान में 250 CCTV कैमरों से निगरानी, सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी और वॉलंटियर्स तैनात
दिल्ली चलो रैली लाइव: दिल्ली में INDIA ब्लॉक की महारैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. सेंट्रल दिल्ली के DCP रोहित राजबीर ने बताया कि पूरे इलाके में 200 से 250 CCTV कैमरे लगाए गए हैं. आयोजकों ने भी अपना कंट्रोल रूम बनाया है और पुलिस उनके साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है. रामलीला मैदान में अलग-अलग एन्क्लोजर बनाए गए हैं, जिनके भीतर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इन एन्क्लोजर के बीच बने रास्तों पर भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे, ताकि पूरे इलाके की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. इसके अलावा सेवा दल, सिविल डिफेंस कमेटी और स्थानीय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में वॉलंटियर्स भी तैनात हैं. ये लोग आसपास की सड़कों पर भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस की मदद कर रहे हैं.
#WATCH | Delhi | On INDIA bloc rally today, DCP Central Rohit Rajbir says, “We have covered the entire area with 200 to 250 CCTV cameras. The organisers also have their own control room, and we are working together to ensure the security of this entire area.”
He adds, “Regarding security here at Ramlila Maidan—the organisers have set up various enclosures, and we have police personnel stationed within them. There are also pathways between these enclosures, where our police personnel are deployed to ensure the area remains secure. Furthermore, there are many volunteers present—including members of the ‘Seva Dal,’ the Civil Defence Committee, and representatives from local residents’ associations—who are assisting us. They are helping with crowd management on the surrounding roads…”
— ANI (@ANI) November 1, 2026
November 1, 202609:17 IST
Ramleela Maidan Rally Live: कांग्रेस की तैयारियों के बावजूद रामलीला मैदान में कीचड़ और जलभराव, कुर्सियां लगीं लेकिन मुश्किलें बरकरार
रामलीला मैदान रैली लाइव: दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की महारैली के लिए तैयारियां की गई हैं और लोगों का पहुंचना भी शुरू हो गया है. मैदान में कुर्सियां लगा दी गई हैं, लेकिन कई जगहों पर अब भी कीचड़ और पानी भरा हुआ है. कांग्रेस की ओर से जलभराव हटाने की कोशिशों के बावजूद पानी पूरी तरह नहीं निकल पाया है. बारिश के कारण मॉक संसद का कार्यक्रम भी एक दिन के लिए टालना पड़ा था. इसके बावजूद मैदान में तैयारियां पूरी नहीं हो सकी हैं. ज्यादा पानी भरने के कारण आयोजन स्थल पर अब भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
November 1, 202608:55 IST
Congress Rally Live: ‘ज्ञानू, डन ब्रो’ राहुल गांधी का वीडियो शेयर कर कांग्रेस का CEC पर निशाना
कांग्रेस रैली लाइव: दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली से कुछ घंटे पहले कांग्रेस ने रविवार सुबह राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया. यह वीडियो शनिवार को आयोजित मॉक पार्लियामेंट का है, जिसमें राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कहते नजर आ रहे हैं कि वह इस पद पर ज्यादा दिन तक नहीं टिक पाएंगे. राहुल गांधी ने कहा कि उनके पास पर्याप्त सबूत हैं, जिनके आधार पर यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर बने न रहें. उन्होंने आगे कहा कि अगर बीजेपी उनके खुलासों के बाद भी ज्ञानेश कुमार को पद पर बनाए रखती है, तो इससे पार्टी की मंशा साफ हो जाएगी. कांग्रेस ने वीडियो के साथ ‘Gyanu, It’s Over Bro’ लिखकर मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा.
Gyanu, It’s Over Bro!! https://t.co/ZW300S0a9x
— Congress (@INCIndia) November 1, 2026
November 1, 202608:36 IST
Dilli Chalo Rally Live: रामलीला मैदान में पहुंचने लगे समर्थक
दिल्ली चलो रैली लाइव: दिल्ली के रामलीला मैदान में आज INDIA ब्लॉक की ओर से बड़ी महारैली आयोजित की जा रही है. इस रैली के जरिए विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे. रैली को लेकर रामलीला मैदान में तैयारियां की गई हैं. आयोजन स्थल से सामने आए दृश्यों में कार्यक्रम की तैयारियां और जुटती हलचल दिखाई दे रही है.
VIDEO | Delhi: INDIA bloc to hold mega rally against Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar and Special Intensive Revision (SIR) of electoral rolls at Ramlila Maidan today; visuals from the venue.
(Full video available on PTI Videos – https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/IL9GSw9dRy
— Press Trust of India (@PTI_News) November 1, 2026
November 1, 202608:24 IST
Ramleela Maidan Rally Live: कांग्रेस की रैली पर मंत्री सिरसा का निशाना, 1984 के सिख दंगों की याद दिलाकर किया पलटवार
रामलीला मैदान रैली लाइव: दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस की रामलीला मैदान में होने वाली रैली पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए लिखा, ‘हम न भूले हैं, न भूलेंगे. 1984 के वो जख्म आज भी हमारे दिलों में ताजा हैं. जिन सिख परिवारों ने अपनों को खोया और जिन घरों ने अपने चिराग खोए, उनका दर्द कभी भुलाया नहीं जा सकता.’ सिरसा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लोगों से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह यात्रा उन बेगुनाह सिख परिवारों को श्रद्धांजलि है. यह पदयात्रा 1 नवंबर को सुबह 10:30 बजे हरिनगर डिपो से तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक निकाली जाएगी.
हम न भूले हैं, न भूलेंगे।
1984 के वो ज़ख्म आज भी हमारे दिलों में ताज़ा हैं। जिन सिख परिवारों ने अपनों को खोया, जिन घरों ने अपने चिराग खोए, उनका दर्द कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कांग्रेस की इसी क्रूर मानसिकता के खिलाफ़ इसी आवाज़ को बुलंद करने के लिए कल ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में ज़रूर शामिल हों।
यह यात्रा हमारे बेगुनाह सिख परिवारों को श्रद्धांजलि है।
1 नवंबर | सुबह 10:30 बजे
हरिनगर डिपो से तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक
#लोकतंत्र_बचाओ_अराजकता_हटाओ
— Manjinder Singh Sirsa (@mssirsa) October 31, 2026
November 1, 202608:11 IST
Dilli Chalo Rally Live: रैली सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक
दिल्ली चलो रैली लाइव: रामलीला मैदान में रैली के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक की अनुमति दी गई है. आयोजकों को तय समय का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस ने पेयजल और महिलाओं के लिए अलग शौचालय जैसी सुविधाओं का इंतजाम करने को भी कहा है. स्वयंसेवकों की तैनाती और रैली में आने वाली बसों की जानकारी भी पुलिस के साथ साझा करनी होगी. रात में मैदान में रुकने की अनुमति नहीं होगी.
#WATCH | Delhi: Visuals from the Ramlila Maidan ahead of the INDIA bloc’s mega rally today. https://t.co/B70nu2RCQV
— ANI (@ANI) November 1, 2026



