Flat Bying Tips: अपना घर खरीदने जा रहे हैं? बिल्डर के लुभावने विज्ञापन पर न जाएं, इन 5 चीजों को जरूर परखें

Last Updated:November 01, 2026, 12:16 IST
Flat Bying Tips: फ्लैट खरीदना जिंदगी का बड़ा निवेश होता है. ऐसे में केवल सस्ती कीमत, आकर्षक विज्ञापन या शानदार इंटीरियर देखकर प्रॉपर्टी खरीदने का फैसला नहीं करना चाहिए. प्रॉपर्टी बिल्डर कल्याण सिंह के अनुसार, फ्लैट खरीदने से पहले पांच अहम बातों की जांच जरूरी है. इनमें लोकेशन और आसपास की सुविधाएं, बिल्डर की साख, जमीन और प्रोजेक्ट के कानूनी दस्तावेज, निर्माण की गुणवत्ता और कुल बजट शामिल हैं. रेरा रजिस्ट्रेशन, बिल्डिंग प्लान और सरकारी मंजूरियों की जांच भी जरूरी है. इसके अलावा रजिस्ट्री, स्टांप ड्यूटी, पार्किंग, मेंटेनेंस और होम लोन की ईएमआई जैसे खर्चों को जोड़कर ही बजट तय करना चाहिए. थोड़ी सी सावधानी भविष्य में होने वाले आर्थिक और कानूनी नुकसान से बचा सकती है.
आजकल रियल एस्टेट बाजार में बिल्डर और प्रॉपर्टी डीलर आकर्षक विज्ञापनों, सस्ते दाम और शानदार सुविधाओं के नाम पर फ्लैट खरीदने के लिए लोगों को लुभाते हैं. लेकिन फ्लैट खरीदना जिंदगी का बड़ा निवेश होता है. ऐसे में केवल कीमत या दिखावे के आधार पर फैसला लेना नुकसानदायक हो सकता है. फ्लैट खरीदने से पहले पांच जरूरी बातों की जानकारी होना बेहद जरूरी है.
प्रॉपर्टी बिल्डर कल्याण सिंह ने बताया कि फ्लैट खरीदने से पहले उसकी लोकेशन को अच्छी तरह समझना जरूरी है. आसपास स्कूल, अस्पताल, बाजार, सार्वजनिक परिवहन और जरूरी सुविधाएं कितनी दूरी पर हैं, इसकी जानकारी लें. इसके अलावा मुख्य सड़क से कनेक्टिविटी और आने-जाने में लगने वाले समय को भी देखें. कई बार कम कीमत के चक्कर में लोग शहर से दूर फ्लैट खरीद लेते हैं, जिससे भविष्य में रोजमर्रा की जिंदगी में परेशानी होती है. इसलिए लोकेशन को प्राथमिकता दें.
फ्लैट खरीदने से पहले बिल्डर की साख और उसके पुराने प्रोजेक्ट की जानकारी जरूर जुटाएं. यह देखें कि उसने पहले बनाए गए प्रोजेक्ट समय पर पूरे किए हैं या नहीं और वहां रहने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी तो नहीं है. बिल्डर का रेरा रजिस्ट्रेशन, प्रोजेक्ट की मंजूरी और निर्माण की गुणवत्ता भी जांचें. केवल आकर्षक विज्ञापन, रील या कम कीमत देखकर बुकिंग न करें. भरोसेमंद बिल्डर का चयन भविष्य की परेशानियों से बचा सकता है.
Add as Preferred Source on Google
फ्लैट खरीदने से पहले जमीन के मालिकाना हक, स्वीकृत बिल्डिंग प्लान, जरूरी सरकारी अनुमतियों और रेरा रजिस्ट्रेशन की जांच करना बेहद जरूरी है. यह भी सुनिश्चित करें कि प्रोजेक्ट पर किसी तरह का कानूनी विवाद या बैंक का बकाया तो नहीं है. फ्लैट की रजिस्ट्री और कब्जे से जुड़े दस्तावेजों को किसी अनुभवी वकील से भी चेक करवाएं. बिना दस्तावेजों की पुष्टि किए बुकिंग अमाउंट या टोकन मनी देना भविष्य में कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है.
फ्लैट खरीदते समय केवल बाहरी डिजाइन और सुंदर इंटीरियर देखकर प्रभावित न हों. दीवारों की मजबूती, छत, फर्श, बिजली की वायरिंग, पानी की व्यवस्था, सीवरेज और वेंटिलेशन की गुणवत्ता जरूर जांचें. इसके अलावा लिफ्ट, पार्किंग, सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था और कॉमन एरिया जैसी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति देखें. बिल्डर द्वारा ब्रॉशर में बताई गई सुविधाओं और मौके पर उपलब्ध सुविधाओं का मिलान करें. इससे भविष्य में मरम्मत और रखरखाव पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से बच सकते हैं.
कल्याण सिंह बताते हैं कि फ्लैट खरीदने से पहले सिर्फ उसकी बेस प्राइस देखकर बजट तय न करें. रजिस्ट्री शुल्क, स्टांप ड्यूटी, जीएसटी जहां लागू हो, पार्किंग शुल्क, मेंटेनेंस चार्ज और अन्य अतिरिक्त खर्चों की जानकारी लें. यदि होम लोन ले रहे हैं तो ब्याज दर, ईएमआई और लोन की अवधि का भी आकलन करें. इसके अलावा हर महीने सोसायटी मेंटेनेंस और बिजली-पानी के खर्च को ध्यान में रखें. अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार फ्लैट चुनना बेहतर निर्णय साबित हो सकता है.
First Published :
November 01, 2026, 12:16 IST



