अपनी फोटो और आवाज से बनाएं डिजिटल हमशक्ल! Google Gemini में आया Personal Avatar फीचर

गूगल ने Gemini यूजर्स के लिए Personal Avatar फीचर पेश किया है. इसकी मदद से यूजर्स अपनी शक्ल और आवाज वाला AI अवतार बना सकेंगे और उससे फोटो और वीडियो जनरेट कर पाएंगे. इतना ही नहीं, वे अपना अवतार दोस्तों, परिवार के सदस्यों और दूसरे लोगों के साथ शेयर भी कर सकते हैं.
इसके बाद वे लोग भी अपने AI क्रिएशन में उस अवतार का इस्तेमाल कर सकेंगे. हालांकि, इसके लिए अवतार के मालिक की परमिशन जरूरी होगी.
Gemini Personal Avatar फीचर कैसे करेगा काम?
Google का नया Personal Avatar फीचर यूजर्स को अपनी पहचान वाला AI कंटेंट बनाने की सुविधा देता है. इसके लिए कंपनी ने इमेज जनरेशन में Nano Banana और वीडियो बनाने के लिए Gemini Omni का इस्तेमाल किया है.
इस फीचर की मदद से यूजर्स अपनी तस्वीर और आवाज वाले अवतार को दोस्तों, परिवार के सदस्यों या सहयोगियों के साथ एक ही AI इमेज या वीडियो में शामिल कर सकते हैं. अगर किसी दूसरे व्यक्ति को भी अपने क्रिएशन में आपका अवतार इस्तेमाल करना है, तो उसे पहले आपसे इसकी परमिशन लेनी होगी.
गूगल के मुताबिक, अवतार शेयर करने के लिए यूजर को संबंधित व्यक्ति के Gmail एड्रेस पर इनविटेशन भेजना होगा. सामने वाले व्यक्ति को यह इनविटेशन स्वीकार करना होगा. इसके बाद ही वह अपने AI फोटो और वीडियो में उस अवतार का इस्तेमाल कर पाएगा.
अवतार शेयर करने पर मिलेगा पूरा कंट्रोल
Google ने इस फीचर में प्राइवेसी और परमिशन को मैनेज करने के विकल्प भी दिए हैं. अवतार का मालिक Gemini की सेटिंग्स में जाकर यह तय कर सकता है कि किस व्यक्ति को उसके अवतार का एक्सेस देना है और यह परमिशन कब तक रहेगी.
यूजर चाहें तो अवतार के एक्सेस के लिए एक्सपायरी डेट सेट कर सकते हैं या कभी भी परमिशन वापस ले सकते हैं. परमिशन हटाने के बाद दूसरा व्यक्ति उस अवतार से नया कंटेंट नहीं बना पाएगा. हालांकि, पहले से बनाई गई तस्वीरों और वीडियो पर इसका असर नहीं होगा.
कौन इस्तेमाल कर सकता है यह फीचर?
फिलहाल Gemini Personal Avatar फीचर 18 साल या उससे ज्यादा उम्र के उन यूजर्स के लिए उपलब्ध है, जिनके पास पर्सनल Google Account है. अभी यह सिर्फ अंग्रेजी भाषा को सपोर्ट करता है. इसके अलावा ब्रिटेन, यूरोपियन इकोनॉमिक एरिया (EEA) और स्विट्जरलैंड में यह फीचर उपलब्ध नहीं है.
ध्यान देने वाली बात है कि Personal Avatar के जरिए वीडियो बनाने के लिए Google AI प्लान की जरूरत होगी.
ऐसे बनाएं अपना Personal Avatarअपना अवतार बनाने के लिए यूजर्स को पहले अपना चेहरा और आवाज रिकॉर्ड करनी होगी. इसकी शुरुआत कंप्यूटर से की जा सकती है. इसके बाद स्क्रीन पर दिखने वाले QR कोड को स्कैन करके मोबाइल या टैबलेट पर रिकॉर्डिंग पूरी की जा सकती है.
Google ने बेहतर रिजल्ट के लिए शांत जगह पर रिकॉर्डिंग करने और अच्छी रोशनी रखने की सलाह दी है. रिकॉर्डिंग के दौरान चेहरा साफ दिखाई देना चाहिए.
यूजर्स चाहें तो अपने Google Account की सेटिंग्स से अवतार और उससे जुड़ी सेल्फी और वॉयस रिकॉर्डिंग डिलीट कर सकते हैं. हालांकि, ऐसा करने पर पहले से बनाई या पब्लिश की गई तस्वीरें और वीडियो डिलीट नहीं होंगे. दोबारा इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए नया अवतार रिकॉर्ड करना होगा.



