Jaipur Diwali Market: दिवाली पर सज गई चारदीवारी, बाजारों में रौनक तो है लेकिन ग्राहकी गायब, खरीदारी चल रही सुस्त

Last Updated:November 01, 2026, 14:00 IST
Jaipur Diwali Market: जयपुर की ऐतिहासिक चारदीवारी दिवाली के लिए रोशनी और सजावट से जगमगा उठी है. बाजारों में मिठाई, कपड़े, पटाखों और सजावटी सामान की दुकानें सज चुकी हैं, लेकिन व्यापारी ग्राहकी की धीमी रफ्तार से मायूस हैं. ग्राहक बाजार पहुंचकर सामान के दाम पूछ रहे हैं, लेकिन खरीदारी से बच रहे हैं. व्यापारियों को उम्मीद है कि दिवाली नजदीक आने के साथ बाजारों में रौनक और बिक्री दोनों बढ़ेंगी.जयपुर के बाजारों में दिवाली पर ग्राहकों की खरीदारी फीकी
जयपुर. गुलाबी नगरी की ऐतिहासिक चारदीवारी में दिवाली की रौनक दिखाई देने लगी है, त्योहार को लेकर शहर के प्रमुख बाजार सजकर तैयार हो गए हैं. दुकानों पर रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट देखने को मिल रही है. घरों को सजाने के सामान से लेकर पूजा-पाठ की सामग्री, पटाखे, मिठाइयां, कपड़े, जूते और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान बाजार में उपलब्ध है. व्यापारी भी पूरी तैयारी के साथ ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं. हर साल की तरह इस बार भी चारदीवारी का ऐतिहासिक बाजार दिवाली पर स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनने को तैयार है.
हालांकि बाजार में रौनक और सजावट के बीच व्यापारियों के चेहरों पर ग्राहकी को लेकर थोड़ी मायूसी भी नजर आ रही है. व्यापारियों का कहना है कि इस बार अभी तक बाजार में वैसी खरीदारी देखने को नहीं मिली है, जैसी दिवाली के सीजन में उम्मीद रहती है. ग्राहक दुकानों पर पहुंच रहे हैं और अलग-अलग सामान के दाम पूछ रहे हैं, लेकिन खरीदारी किए बिना ही लौट रहे हैं. व्यापारियों के मुताबिक बाजार में लोगों की आवाजाही तो शुरू हो गई है, लेकिन खरीदारी की रफ्तार अभी धीमी बनी हुई है.
दूर-दराज से आए व्यापारी
व्यापारियों का मानना है कि लोगों की खरीदारी क्षमता पर भी असर दिखाई दे रहा है, पहले जहां त्योहार के दिनों में ग्राहक बाजार पहुंचते ही खरीदारी शुरू कर देते थे, वहीं इस बार लोग सामान के दाम और बजट का आकलन करने के बाद ही फैसला ले रहे हैं. दूर-दराज से आए व्यापारी भी ग्राहकों की संख्या बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, खरीदारों का कहना है कि दिवाली की खरीदारी में अभी जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है. बाजार में कई तरह के सामान उपलब्ध हैं, ऐसे में पहले दुकानों पर जाकर सामान की गुणवत्ता, डिजाइन और कीमतों की जानकारी ली जा रही है. इसके बाद बजट के हिसाब से खरीदारी की जाएगी, खरीदारों को उम्मीद है कि त्योहार नजदीक आने के साथ बाजार में और विकल्प मिलेंगे.
रविवार को जयपुर की चारदीवारी के बाजारों में खरीदारों और पर्यटकों की आवाजाही देखने को मिली, इससे बाजारों में रौनक बढ़ी है. दुकानदारों को उम्मीद है कि दिवाली नजदीक आने के साथ खरीदारी में तेजी आएगी और बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ेगी. फिलहाल जयपुर की ऐतिहासिक चारदीवारी दिवाली के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है. बाजारों में सजावट से लेकर सामान तक की पूरी व्यवस्था हो चुकी है. अब व्यापारियों को बस उस ग्राहकी का इंतजार है, जिसका उन्हें पूरे साल इंतजार रहता है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
November 01, 2026, 14:00 IST



