DGGI जयपुर ने ₹4.58 करोड़ किए जब्त, दिल्ली में पकड़ा फर्जी बिलिंग सिंडिकेट

Last Updated:November 01, 2026, 15:10 IST
जयपुर की DGGI टीम ने दिल्ली में एक बड़ा GST चोरी का सिंडिकेट पकड़ लिया है. फर्जी बिल बनाकर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी हो रही थी. बिना किसी माल की सप्लाई के ही फर्जी GST बिल बनाए जा रहे थे. इन बिलों से व्यापारियों को इनपुट टैक्स क्रेडिट दिलवाया जाता था. बैंक में RTGS लेन-देन के बदले व्यापारियों को कैश पहुंचाया जाता था. DGGI ने सिंडिकेट से जुड़े लोगों के ठिकानों पर तीन दिन तक छापे मारे. इस कार्रवाई में 4 करोड़ 58 लाख 60 हजार रुपये नकद जब्त किए गए.DGGI जयपुर ने ₹4.58 करोड़ किए जब्त.
जयपुर की डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) टीम ने दिल्ली में फर्जी बिलिंग के जरिए जीएसटी चोरी करने वाले एक सिंडिकेट का खुलासा किया है. इस मामले में दिल्ली में तीन दिन तक अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान टीम ने 4 करोड़ 58 लाख 60 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं. इसके अलावा लैपटॉप, मोबाइल फोन, कई चेकबुक और अलग-अलग फर्मों से जुड़े दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए हैं.
जांच में सामने आया कि सिंडिकेट से जुड़े लोग बिना किसी वास्तविक माल की सप्लाई किए ही फर्जी जीएसटी बिल तैयार कर रहे थे. इन बिलों के जरिए व्यापारियों को इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का अनुचित लाभ दिलाया जा रहा था. यानी कागजों में खरीद-बिक्री दिखाकर जीएसटी में फायदा पहुंचाया जा रहा था.
बैंक से RTGS, बदले में कैश देने का खेल
सिंडिकेट का तरीका भी जांच एजेंसी के रडार पर आया है. बताया जा रहा है कि व्यापारी बैंक खातों के जरिए आरटीजीएस से रकम भेजते थे और इसके बदले उन्हें नकद पैसा पहुंचाया जाता था. इस तरह बैंक लेन-देन और फर्जी बिलिंग के जरिए पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था.
फिलहाल DGGI ने छापेमारी में मिले नकद, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है. एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़ी फर्मों, बैंक खातों और लेन-देन की पड़ताल कर रही है.
About the AuthorLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
November 01, 2026, 15:06 IST



