राजस्थान में खूनी हुआ पंचायत चुनाव, झुंझुनूं के कैरू गांव में चुनावी विवाद में गई एक शख्स की जान

Last Updated:November 04, 2026, 17:12 IST
Jhunjhunu News : राजस्थान में चल रहे पंचायत चुनाव 2026 के दौरान झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ थाना इलाके के कैरू गांव में हुई हिंसा में एक शख्स की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या कर केस दर्ज कर उनको डिटेन कर लिया है. हत्या का कारण चुनावी विवाद था या फिर कुछ और इसकी जांच की जा रही है. झुंझुनूं जिले में चुनाव के दौरान विवाद नवलगढ़ थाना इलाके में हुआ.
झुंझुनूं. राजस्थान में पंचायत चुनावों के दौरान जगह-जगह हो रहे बवाल ने आखिरकार एक शख्स की जान ले ही ली. चुनाव के तीसरे चरण के दौरान झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ थाना इलाके के कैरू गांव में चुनावी विवाद में हुई मारपीट के बाद एक ग्रामीण की मौत हो गई. मृतक के भाई ने महेंद्र और राजेश सहित 5-7 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे उसके परिजनों को सौंप दिया है. हालांकि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा. बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. पुलिस ने आरोपियों को डिटेन कर लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है.
नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि 3 नंवबर को इलाके में जिला परिषद और पंचायत समितियों के वार्ड मेंबर्स के चुनाव थे. इस दौरान कैरू गांव में दो पक्ष आपस में किसी बात को लेकर झगड़ पड़े. देखते ही देखते मामला जबर्दस्त मारपीट में तब्दील हो गया. मारपीट में गांव के नेमीचंद, उसकी पत्नी और उसके भाई शिशुपाल के चोटें आईं. वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. वहां शिशुपाल की मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछशिशुपाल की मौत की खबर सुनते ही गांव में मातम पसर गया. पुलिस ने बुधवार को शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. इस संबध में मृतक शिशुपाल के भाई कैरू निवासी नेमीचंद ने महेंद्र और राजेश सहित 5-7 लोगों पर मारपीट कर हत्या करने के आरोप लगाए हैं. परिवादी की रिपोर्ट पर नवलगढ़ थाने में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है. केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है. मामले में तत्काल कार्रवाई हो जाने से बवाल बढ़ा नहीं.
पुलिस जुटी है हत्या के कारणों का पता लगाने में
थानाधिकारी सिंह ने बताया केस की सभी एंगल से जांच की जा रही है. पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि क्या दोनों पक्षों के बीच कोई पुरानी रंजिश थी या फिर चुनाव को लेकर ही बात बिगड़ी थी. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा. बहरहाल गांव में शांति है. पुलिस गांव पर नजर रख रही है. उल्लेखनीय है कि राजस्थान में चार चरणों में पंचायत चुनाव हो रहे हैं. 3 नवंबर को चुनाव का तीसरा चरण था. इस चरण में 27 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समितियों के वार्ड मेंबर्स के लिए वोटिंग हुई थी.
5 नवंबर को सरपंचों और वार्ड पंचों के चुनाव होंगेउसके बाद 4 नंवबर यानी आज बुधवार को सरपंच और वार्ड पंचों के चुनाव के लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया पूरी हुई है. सरपंचों और वार्ड पंचों के लिए 5 नंवबर को वोटिंग होगी. वोटिंग खत्म होते ही उनका चुनाव परिणाम घोषित कर दिया जाएगा. जबकि जिला परिषद और पंचायत समितियों के वार्ड मेंबर्स के लिए हुई वोटिंग की मतगणना चौथा चरण पूरा होने के बाद 20 नवंबर को होगी. चुनाव के दौरान कई जगह बवाल की खबरें सामने आई हैं. लेकिन चुनावी मारपीट में हत्या का यह पहला मामला सामने आया है.
About the Authorसंदीप राठौड़
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Jhunjhunu,Jhunjhunu,Rajasthan
First Published :
November 04, 2026, 17:12 IST



