Alwar News: त्योहार पर मिठास के नाम पर जहर, बहरोड़ में 510 किलो मिठाई सीज, 615 लीटर दूषित दूध नष्ट

Last Updated:November 04, 2026, 19:47 IST
Alwar News: त्योहारी सीजन में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बहरोड़ में बड़ी कार्रवाई की. टीम ने दो मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 510 किलो गुलाब जामुन-रसगुल्ले और 200 किलो क्रीम सीज की. वहीं, 615 लीटर दूषित दूध सहित भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री नष्ट करवाई. खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए.बहरोड़ खाद्य विभाग की कार्रवाई
अलवर. बहरोड़ में दीपावली और त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है. आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बहरोड़ में विभिन्न मावा निर्माण इकाइयों और मिठाई प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया. इस दौरान टीम को कई जगह खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था में खामियां मिली. कार्रवाई करते हुए करीब 510 किलो गुलाब जामुन और रसगुल्ले सहित भारी मात्रा में खाद्य सामग्री सीज की गई. वहीं, सैकड़ों लीटर दूषित दूध और अन्य संदिग्ध खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवाया गया. टीम ने अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए लैब में भिजवाए हैं.
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग और जिला प्रशासन के निर्देशन में टीम ने सबसे पहले मेसर्स सांवरिया मिल्क फूड्स, बहरोड़ का निरीक्षण किया. यहां से गुलाब जामुन, रसगुल्ला, मिक्स्ड मिल्क, क्रीम और मिल्क केक के नमूने लिए गए. निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया मिलावट की आशंका मिलने पर करीब 510 किलो गुलाब जामुन और रसगुल्ले के साथ 200 किलो क्रीम सीज की गई. इसके अलावा करीब 10 किलो सिंथेटिक रंग से तैयार रसगुल्ले और 80 किलो मिल्क केक को नष्ट करवाया गया. जांच में सामने आया कि मिल्क केक बनाने में रिफाइंड तेल, ग्लूकोज, मिल्क पाउडर, सूजी और मैदा का इस्तेमाल किया था. टीम ने यहां से करीब 550 लीटर दूषित दूध और 50 किलो दूषित क्रीम भी नष्ट करवाई.
कृष्णा रसगुल्ला भंडार में भी मिली खामियां
इसके बाद टीम ने मेसर्स कृष्णा रसगुल्ला भंडार, बहरोड़ का निरीक्षण किया, यहां से राजभोग का नमूना लिया गया. निरीक्षण के दौरान करीब 65 लीटर दूषित दूध और सिंथेटिक रंग से तैयार 65 किलो रसगुल्ले नष्ट करवाए गए. विभाग की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों और साफ-सफाई की व्यवस्था में कमियां मिलने पर इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित निर्माण, भंडारण, गुणवत्ता और साफ-सफाई के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए. विभाग की ओर से लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस पूरी कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा और नेहा शर्मा मौजूद रहे. विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में मिलावट पर रोक लगाने के लिए इस तरह के निरीक्षण और कार्रवाई आगे भी जारी रहेंगे.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Alwar,Rajasthan
First Published :
November 04, 2026, 19:47 IST



