Rajasthan

राजस्थान कांग्रेस में 12 जिला अध्यक्ष और प्रदेश के 31 पदाधिकारी निलंबित, अभिषेक चौधरी युवा कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष

जयपुर. राजस्थान युवा कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के साथ संगठनात्मक स्तर पर बड़ी कार्रवाई भी हुई है. भारतीय युवा कांग्रेस ने अभिषेक चौधरी को राजस्थान युवा कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. वहीं अनिल चोपड़ा को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष और राजकुमार परसवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. तीनों नियुक्तियों के आदेश जारी कर दिए गए हैं.

नई नियुक्तियों के साथ प्रदेश में युवा कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने और युवाओं को जोड़ने की जिम्मेदारी नए पदाधिकारियों पर होगी. दूसरी ओर, दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली में शामिल नहीं होने पर राजस्थान युवा कांग्रेस के 43 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है. इनमें 12 जिला अध्यक्ष और प्रदेश स्तर के 31 पदाधिकारी शामिल हैं.

अभिषेक चौधरी को सबसे ज्यादा वोट, अब मिली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारीभारतीय युवा कांग्रेस की ओर से जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार अभिषेक चौधरी अब राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष होंगे. अनिल चोपड़ा को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष और राजकुमार परसवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है. खास बात यह है कि संगठनात्मक चुनाव में भी इन तीनों नेताओं के नाम प्रमुखता से सामने आए थे. चुनाव परिणामों में अभिषेक चौधरी को 6 लाख 15 हजार 57 वोट मिले थे. अनिल चोपड़ा 5 लाख 45 हजार 638 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे थे. वहीं राजकुमार परसवाल को 1 लाख 95 हजार 30 वोट मिले थे. अब संगठन ने तीनों नेताओं को प्रदेश स्तर पर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं.

दिल्ली की रैली में शामिल नहीं होने पर 43 पदाधिकारियों पर कार्रवाई
प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बीच युवा कांग्रेस में अनुशासनात्मक कार्रवाई भी चर्चा में है. भारतीय युवा कांग्रेस ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल नहीं होने पर राजस्थान के 43 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है. निलंबन की कार्रवाई में 12 जिला अध्यक्ष और प्रदेश संगठन के 31 पदाधिकारी शामिल हैं. जारी आदेश के अनुसार यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक लागू रहेगी.

12 जिला अध्यक्ष और प्रदेश के 31 पदाधिकारी निलंबित
निलंबित किए गए जिला अध्यक्षों में राजसमंद, जालोर, बीकानेर, बारां, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, बालोतरा, डीग, चूरू और ब्यावर सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी शामिल हैं. बीकानेर शहर के जिला अध्यक्ष पर भी कार्रवाई की गई है. वहीं प्रदेश स्तर पर निलंबित किए गए 31 पदाधिकारियों में एक प्रदेश उपाध्यक्ष, 10 प्रदेश महासचिव और 20 प्रदेश सचिव शामिल हैं. इस तरह दिल्ली की रैली में अनुपस्थिति को लेकर जिला और प्रदेश स्तर के कुल 43 पदाधिकारियों पर संगठन ने कार्रवाई की है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj