Jhalawar News: झालावाड़ में मिलावट पर बड़ा वार, 3 हजार किलो मावा जब्त, खराब मिठाई-पनीर नष्ट

Last Updated:November 06, 2026, 12:13 IST
Jhalawar News: झालावाड़ के मिश्रौली कस्बे में खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूजा डेयरी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3,000 किलो संदिग्ध मावा सीज किया. वहीं खराब गुणवत्ता की 50 किलो मिठाई और 25 किलो पनीर मौके पर नष्ट करवाया. खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए कोटा भेजे गए हैं, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
झालावाड़. प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने झालावाड़ जिले के मिश्रौली कस्बे में बड़ी कार्रवाई की है. खाद्य सुरक्षा दल ने कस्बे की पूजा डेयरी पर निरीक्षण के दौरान करीब 3,000 किलोग्राम संदिग्ध मावा बरामद कर सीज किया. इसके अलावा प्रथम दृष्टया खराब पाए जाने पर लगभग 50 किलोग्राम मिठाई और 25 किलोग्राम पनीर को भी मौके पर ही नष्ट करवाया गया. विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया.
अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद साजिद खान ने बताया कि सीमावर्ती मध्य प्रदेश के गरोठ पुलिस थाने से झालावाड़ जिले के मिश्रौली पुलिस थाने को सूचना मिली थी कि मिश्रौली कस्बे की पूजा डेयरी द्वारा घटिया गुणवत्ता का पनीर सप्लाई किया गया है. इस सूचना को मिश्रौली पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों तक पहुंचाया. इसके बाद अभिहित अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा दल को तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना किया.
कोल्ड स्टोरेज में मिला 3 हजार किलो मावा
खाद्य सुरक्षा दल और मिश्रौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पूजा डेयरी का निरीक्षण किया, इस दौरान डेयरी के कोल्ड स्टोरेज में करीब 3,000 किलोग्राम मावा रखा हुआ मिला. मावे की गुणवत्ता को लेकर मिलावट का संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत उसका नमूना लिया गया. साथ ही संपूर्ण मावे को सीज कर खाद्य कारोबारी की सुरक्षित अभिरक्षा में रखवा दिया गया. निरीक्षण के दौरान टीम को मौके पर करीब 50 किलोग्राम मिठाई और 25 किलोग्राम पनीर भी मिला. ये खाद्य पदार्थ प्रथम दृष्टया खराब अवस्था में पाए गए. जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए टीम ने नियमानुसार इनके नमूने लेने के बाद दोनों खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया.
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मावे, मिठाई और पनीर के नमूने जांच के लिए खाद्य सुरक्षा मानक प्रयोगशाला, कोटा भेजे गए हैं. अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और खराब गुणवत्ता के मामलों में अभियान के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jhalawar,Rajasthan
First Published :
November 06, 2026, 12:13 IST



