रहमानुल्लाह का ऐतिहासिक टेस्ट डेब्यू, शतक ठोककर रचा इतिहास, ऐसा करने वाले अफगानिस्तान के बने दूसरे बल्लेबाज

होमखेलक्रिकेट
अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह ने डेब्यू टेस्ट पर शतक जड़कर रचा इतिहास
Last Updated:November 07, 2026, 14:13 IST
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह ने इतिहास रच दिया. रहमानुल्लाह ने अपने डेब्यू टेस्ट शतक जड़कर इसे हमेशा के लिए यादगार बना दिया. अफगानिस्तान के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में रहमानुल्लाह सिर्फ दूसरे ऐसे खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने डेब्यू पर शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है.रहमानुल्लाह ने डेब्यू टेस्ट पर ठोका शतक
नई दिल्ली: क्रिकेट के खेल में हर खिलाड़ी का सपना होता है कि उसका डेब्यू यादगार हो. ऐसा ही कुछ अफगानिस्तान के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज रहमानुल्लाह ने करके दिखाया है. रहमानुल्लाह ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया और करियर के पहले ही मैच में शतक जड़कर इतिहास रच दिया. शारजाह में खेले जा रहे इस टेस्ट मैच में रहमानुल्लाह ने 156 गेंदों में शतक पूरा किया.
अफगानिस्तान के लिए किसी भी फॉर्मेट में डेब्यू पर शतक लगाने वाले रहमानुल्लाह सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने हैं. इससे पहले अफगानिस्तान की तरफ से यह कारनामा रहमानुल्लाह गुरबाज ने किया था. गुरबाज ने साल 2021 में आयरलैंड के खिलाफ अपने वनडे डेब्यू पर शतक जड़कर सनसनी मचाई थी. इस तरह गुरबाज ने वनडे और रहमानुल्लाह ने टेस्ट डेब्यू पर शतक जड़कर अफगानिस्तान के लिए नया कीर्तिमान अपने नाम किया है.
सेदीकुल्लाह अटल ने भी जड़ा शतक
जिम्बाब्वे के खिलाफ इस मुकाबले में रहमानुल्लाह के अलावा सेदीकुल्लाह अटल ने भी अपना शतक पूरा किया. सेदीकुल्लाह का अफगानिस्तान के लिए यह अपने चौथे टेस्ट मैच में दूसरा शतक है. पारी की शुरुआत करने उतरे सेदीकुल्लाह ने न सिर्फ अपना शतक पूरा किया, बल्कि उन्होंने रहमानुल्लाह का भी बेहतरीन साथ निभाया. अफगानिस्तान ने पारी में सिर्फ 14 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया था, लेकिन उसके बाद सेदीकुल्लाह और रहमानुल्लाह ने तीसरे दिन के लंच ब्रेक तक 205 रनों की साझेदारी करते हुए कोई और विकेट नहीं गिरने दिया.
जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए 504 रन
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 504 रनों का स्कोर खड़ा किया था. जिम्बाब्वे के लिए पारी में ब्रेंडन टेलर और ब्रायन बेनेट ने शतक लगाया. टेलर ने 168 गेंदों में 131 रनों की पारी खेली, जबकि बेनेट ने 206 गेंदों में 128 रनों का योगदान दिया. इसके अलावा, वेस्ली मधेवेरे ने 55 और ताफदजवा त्सिगा ने भी 44 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुँचाने का काम किया.
About the AuthorJitendra Kumar
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
November 07, 2026, 14:13 IST



