Amitabh Bachchan Social Issues Films on OTT: ‘पिंक’ से ‘आरक्षण’ तक, समाज को आईना दिखाती हैं अमिताभ बच्चन की ये 5 फिल्में, आज ही ओटीटी पर करें स्ट्रीम

Last Updated:November 07, 2026, 19:55 IST
महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने लंबे करियर में सामाजिक मुद्दों पर बनी कई फिल्में भी दी हैं. उन्होंने वक्त से आगे जाकर महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक रूढ़ियों जैसे गंभीर मुद्दों को बड़े पर्दे पर मजबूती से उठाया है. ‘पिंक’ से लेकर ‘पा’ जैसी उनकी फिल्में आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी अपनी रिलीज के वक्त थीं. अगर आप भी बिग बी की इन बेहतरीन फिल्मों को देखना चाहते हैं, तो ये अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध हैं.
ख़बरें फटाफट
ओटीटी पर अवेलेबल हैं अमिताभ बच्चन की ये फिल्में. (फोटो साभार: IMDb)
नई दिल्ली. बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने दशकों लंबे करियर में न सिर्फ कमर्शियल सिनेमा पर राज किया, बल्कि समाज का आईना बनने वाली कई लीक से हटकर फिल्में भी दी हैं. उन्होंने सिल्वर स्क्रीन के जरिए ऐसे गंभीर और संवेदनशील सामाजिक मुद्दों को पर्दे पर उठाया, जिन पर खुलकर बात करने से समाज अक्सर कतराता था. महिलाओं की सहमति, समाज की रूढ़िवादी सोच और भ्रष्ट सिस्टम जैसे विषयों को उनकी फिल्मों ने मजबूती से बड़े पर्दे पर उतारा है.
खास बात यह है कि अमिताभ बच्चन की ये असरदार फिल्में आज विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर देखने के लिए उपलब्ध हैं. इस लिस्ट में पिंक से लेकर पा जैसी मूवीज अवेलेबल हैं जिनका आप घर बैठे लुत्फ उठा सकते हैं. चलिए आपको बताते हैं कि इन फिल्मों के नाम क्या है और इन्हें आप किन-किन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं.
पिंक
यह फिल्म महिलाओं की सुरक्षा, सहमति और उनके प्रति समाज की दोहरी मानसिकता जैसे गंभीर मुद्दे पर करारा प्रहार करती है. अमिताभ बच्चन ने एक रिटायर्ड वकील दीपक सहगल का किरदार निभाया था, जो तीन युवा लड़कियों के लिए अदालत में लड़ाई लड़ता है. फिल्म का सीधा संदेश था- ‘नो का मतलब सिर्फ नो होता है. यह फिल्म समाज को यह समझाने में काफी आगे रही कि महिला के कपड़ों या रहने के तरीके से उसके चरित्र का आकलन नहीं किया जा सकता. यह मूवी प्राइम वीडियो पर देखने के लिए उपलब्ध है
आरक्षण
प्रकाश झा के निर्देशन में बनी यह फिल्म देश में जातिगत आरक्षण और शिक्षा प्रणाली के बढ़ते व्यवसायीकरण जैसे संवेदनशील विषय को गहराई से उठाती है. फिल्म में अमिताभ बच्चन ने एक आदर्शवादी कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. प्रभाकर आनंद की भूमिका निभाई थी, जो मेरिट, सामाजिक न्याय और प्राइवेट कोचिंग माफिया के बीच फंसे नजर आते हैं. यह फिल्म दिखाती है कि कैसे शिक्षा जैसा बुनियादी अधिकार व्यापार बनता जा रहा है. आप इस फिल्म को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम कर सकते हैं.
पा
प्रोगेरिया जैसी दुर्लभ अनुवांशिक बीमारी से जूझते बच्चे के जीवन पर आधारित यह फिल्म अपने विषय और प्रस्तुति दोनों में काफी आगे थी. अमिताभ बच्चन ने इसमें 12 साल के बच्चे ऑरो का किरदार निभाया था. बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ, फिल्म ने सिंगल मदरहुड और समाज में फैली रूढ़िवादी सोच पर भी बेहद संवेदनशीलता के साथ बात की थी. यह दिल छू लेने वाली फिल्म जी5 पर अवेलेबल है.
चीनी कम
अमिताभ बच्चन की यह मूवी बड़ी उम्र के रिश्तों और उनसे जुड़ी सामाजिक सोच को चुनौती दी. फिल्म में 64 साल के एक शेफ (अमिताभ बच्चन) और 34 साल की महिला (तब्बू) के बीच के रिश्ते को दिखाया गया है. यह फिल्म खूबसूरती से यह संदेश देती है कि प्यार और साथी चुनने की कोई उम्र सीमा नहीं होती. यह एक बेहतरीन रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है, जिसे जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं.
सत्याग्रह
सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार, नौकरशाही की मनमानी और आम जनता के गुस्से को दर्शाती यह फिल्म अपने समय के राजनीतिक माहौल का सटीक आइना थी. अमिताभ बच्चन ने इसमें द्वारका आनंद की भूमिका निभाई, जो न्याय की लड़ाई लड़ते हुए एक बड़े जन-आंदोलन का रूप दे देता है. फिल्म यह दिखाती है कि कैसे युवाओं की ताकत से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी क्रांति खड़ी की जा सकती है. यह पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म जियो हॉटस्टार पर मौजूद है.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
November 07, 2026, 19:55 IST



