Rajasthan

विश्व की सबसे बड़ी धनिया मंडी में बढ़ी आवक! विदेशों तक छाया कोटा का खुशबूदार धनिया, किसान भी खुश

कोटा. राजस्थान के कोटा जिले की रामगंजमंडी स्थित विश्व प्रसिद्ध धनिया मंडी में इन दिनों नई फसल की आवक लगातार बढ़ रही है. आवक बढ़ने के साथ ही धनिया के भाव में भी तेजी देखने को मिल रही है, जिससे किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है. अपनी खास खुशबू और बेहतर गुणवत्ता के कारण रामगंजमंडी का धनिया देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अलग पहचान बना चुका है. यही वजह है कि इस मंडी को एशिया की सबसे बड़ी धनिया मंडी माना जाता है और यहां से होने वाले व्यापार का असर पूरे देश के मसाला बाजार पर पड़ता है.

रामगंजमंडी की कृषि उपज मंडी पिछले करीब 40 वर्षों से धनिया व्यापार का प्रमुख केंद्र बनी हुई है. देश की कई बड़ी मसाला कंपनियां यहीं से धनिया की खरीद करती हैं. इतना ही नहीं, देशभर की मंडियों में धनिया के भाव का निर्धारण भी काफी हद तक रामगंजमंडी के बाजार भाव के आधार पर होता है. व्यापारियों के अनुसार यहां की गुणवत्ता और पारदर्शी व्यापार व्यवस्था के कारण देश-विदेश के खरीदारों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है.

कोटा और हाड़ौती देश में धनिया उत्पादन का है बड़ा क्षेत्र 

कोटा और हाड़ौती क्षेत्र को देश का सबसे बड़ा धनिया उत्पादक क्षेत्र माना जाता है. देश में होने वाले कुल धनिया उत्पादन का 70 प्रतिशत से अधिक हिस्सा इसी क्षेत्र से आता है. कृषि विभाग के अनुसार, इस वर्ष कोटा जिले में करीब 7,245 हेक्टेयर क्षेत्र में धनिया की बुवाई की गई, जिससे लगभग 10,868 मीट्रिक टन उत्पादन हुआ है. अच्छी पैदावार के कारण किसानों को बेहतर बाजार मिलने की उम्मीद है. साबुत धनिया का थोक भाव औसतन 12 से 15 हजार प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है. कोटा के रामगंजमंडी में भाव लगभग 12000 से 15000 रूपए प्रति क्विंटल तक है. वहीं बारां मंडी में भाव लगभग 12,210 से 13,500 रूपए प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है. इसके अलावा कवाई मंडी में धनिये का भाव 13,580 से 13,775 रूपए प्रति क्विंटल तक दर्ज किया गया है.

किसानों की उपज को सुरक्षित रखने के लिए बनाया गया है कोल्ड स्टोरेज

किसानों की सुविधा और उपज के सुरक्षित भंडारण के लिए रामगंजमंडी में 6,600 मीट्रिक टन क्षमता का आधुनिक कोल्ड स्टोरेज भी तैयार किया गया है. इससे किसानों को तुरंत उपज बेचने की मजबूरी नहीं रहेगी और वे बेहतर भाव मिलने तक धनिया सुरक्षित रख सकेंगे. कृषि विभाग का मानना है कि इससे किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी.

रामगंजमंडी का खुशबूदार धनिया कई देशों में होती है सप्लाई

रामगंजमंडी का खुशबूदार धनिया जर्मनी, जापान, ताइवान, ताजिकिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश सहित कई देशों में निर्यात किया जाता है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी गुणवत्ता और खुशबू की विशेष मांग बनी हुई है. धनिया उत्पादक किसानों का कहना है कि यदि बाजार में भाव मजबूत बने रहे तो इस बार उन्हें अच्छी आमदनी मिलने की उम्मीद है. वहीं उद्यान विभाग का भी मानना है कि बेहतर उत्पादन, आधुनिक भंडारण सुविधाएं और निर्यात की बढ़ती मांग आने वाले समय में रामगंजमंडी की पहचान को और मजबूत करेगी.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj