Banswara News: मेधावी विद्यार्थियों को मिला हवाई सफर का तोहफा, दिल्ली-जयपुर के ऐतिहासिक स्थलों का कराया भ्रमण

Last Updated:September 15, 2026, 17:22 IST
Banswara News: बांसवाड़ा के बागीदौरा क्षेत्र में ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अनूठी पहल हुई. 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 12 मेधावी विद्यार्थियों को समाजसेवी निलेश सिंघाड़ा ने हवाई यात्रा का तोहफा दिया. विद्यार्थियों ने दिल्ली से जयपुर तक विमान से सफर किया और दोनों शहरों के ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया.
बांसवाड़ा. जिले के बागीदौरा क्षेत्र में शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अनूठी पहल सामने आई है. वडलीपाड़ा निवासी युवा समाजसेवी निलेश सिंघाड़ा ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वडलीपाड़ा के मेधावी विद्यार्थियों को हवाई यात्रा का अनुभव कराया. कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 12 विद्यार्थियों को इस विशेष यात्रा के लिए चुना गया.
इस पहल के तहत विद्यार्थियों ने सोमवार को दिल्ली से जयपुर तक हवाई यात्रा की. पहली बार विमान में सफर करने का अवसर मिलने से विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया. यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को केवल हवाई सफर का अनुभव ही नहीं कराया गया, बल्कि देश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व से भी रूबरू कराया गया. विद्यार्थियों ने दिल्ली के प्रमुख ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया और उनके इतिहास के बारे में जानकारी हासिल की.
ऐतिहासिक धरोहरों से हुए रूबरू
दिल्ली भ्रमण के बाद विद्यार्थी हवाई मार्ग से जयपुर पहुंचे, यहां भी उन्हें शहर की ऐतिहासिक विरासत और प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया. जयपुर के ऐतिहासिक स्थलों को देखकर विद्यार्थियों ने राजस्थान की कला, संस्कृति और स्थापत्य के बारे में जाना. इस दौरान विद्यार्थियों में नई जगहों को देखने और उनके बारे में जानने को लेकर खासा उत्साह रहा. निलेश सिंघाड़ा ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को मेहनत और पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करना है. अक्सर ग्रामीण परिवेश में रहने वाले कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को ऐसे अनुभव प्राप्त करने का अवसर नहीं मिल पाता. ऐसे में उन्हें हवाई यात्रा और देश के प्रमुख ऐतिहासिक शहरों का भ्रमण कराने से उनके आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलेगा और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे.
दो साल से शिक्षा और समाजसेवा में सक्रिय
युवा समाजसेवी निलेश सिंघाड़ा पिछले करीब दो वर्षों से शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. उनके मुस्कान फाउंडेशन के माध्यम से जरूरतमंद और अभिभावकविहीन बच्चों की शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. फाउंडेशन की ओर से ऐसे बच्चों को स्कूल ड्रेस, बैग, स्टेशनरी सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है. मेधावी विद्यार्थियों के लिए आयोजित यह यात्रा भी इसी सामाजिक सोच का हिस्सा है. पहल के जरिए विद्यार्थियों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि मेहनत और लगन से हासिल की गई सफलता न केवल सम्मान दिलाती है, बल्कि नए अवसरों के दरवाजे भी खोलती है. ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए यह अनुभव लंबे समय तक यादगार रहने के साथ उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करने वाला साबित हो सकता है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Banswara,Rajasthan
First Published :
September 15, 2026, 17:22 IST



